RRvMI: के गौतम ने राजस्थान रॉयल्स को दिलाई रोमांचक जीत, मुंबई को 3 विकेट से हराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
के गौतम (33*) और संजू सैमसन (52) व बेन स्टोक्स (40) की बेहतरीन पारियों के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने रविवार को रोमांचक मैच में मुंबई इंडियंस को तीन विकेट से हरा दिया। रॉयल्स को आखिरी दो ओवर में 28 रन की दरकार थी, तब गौतम ने बेहतरीन पारी खेलते हुए रॉयल्स को आईपीएल 2018 में तीसरी जीत दिलाई।
आईपीएल 2018 के 21वें मैच में सवाई मानसिंह स्टेडियम पर मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 167 रन बनाए। जवाब में रॉयल्स ने 19.4 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। गौतम ने सिर्फ 11 गेंदों में चार चौके और दो छक्को की मदद से मैच विजयी 33 रन बनाए। मुंबई इंडियंस की पांच मैचों में यह चौथी हार रही।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल्स की शुरुआत कृनाल पांड्या ने बिगाड़ी। उन्होंने पारी के तीसरे ओवर में राहुल त्रिपाठी (9) को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच आउट करा दिया। इसके बाद अजिंक्य रहाणे (14) ने सैमसन के साथ 24 रन जोड़े। रहाणे को मैक्लेनाघन ने चतुराई भरी गेंदबाजी करके आउट किया। उन्होंने धीमी गति की गेंदबाजी की, जिस पर रहाणे ने पुल शॉट खेला, लेकिन उनका टाइमिंग अच्छा नहीं था। शॉर्ट मिडविकेट पर कृनाल पांड्या ने आसान कैच लपका।
यहां से सैमसन और बेन स्टोक्स (40) ने राजस्थान की पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी करके मैच रोमांचक स्थिति में पहुंचा दिया। यह बाजी रॉयल्स की पकड़ में जाती दिख रही थी कि तभी हार्दिक पांड्या ने यॉर्क गेंद डालकर स्टोक्स को क्लीन बोल्ड कर दिया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 27 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 40 रन बनाए।
इसके बाद संजू सैमसन ने कृनाल पांड्या द्वारा किए पारी के 16वें ओवर की पहली गेंद पर दो रन दौड़कर आईपीएल 2018 में अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 36 गेंदों में चार चौको की मदद से फिफ्टी पूरी की।
फिर 17वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने मैच में नई जान फूंक दी। उन्होंने लगातार दो गेंदों में दो विकेट झटके। बुमराह ने पहले संजू सैमसन (52) को डीप मिडविकेट में हार्दिक पांड्या के हाथों कैच आउट कराया। फिर उन्होंने जोस बटलर (6) को क्लीन बोल्ड कर दिया। बुमराह ने इस ओवर में दो विकेट लिए और सिर्फ एक रन दिया। अगले ही ओवर की पहली गेंद पर मुस्ताफिजुर रहमान ने हेनरिच क्लासेन को विकेटकीपर इशान किशन के हाथों झिलवा दिया। क्लासेन खाता भी नहीं खोल सके।
यहां से के गौतम ने जोफ्रा आर्चर (8) के साथ 12 गेंदों में 33 रन की साझेदारी की और मैच रोमांचक बना दिया। अंतिम ओवर में रॉयल्स को 10 रन की दरकार थी।
हार्दिक पांड्या ने पहली ही गेंद पर आर्चर डगआउट लौटाया। अगली गेंद पर गौतम ने थर्ड-मैन के ऊपर से चौका जमा दिया। तीसरी गेंद खाली रही और फिर चौथी गेंद पर गौतम ने लेग साइड में छक्का जड़कर जयपुर जीत लिया।
मुंबई की तरफ से हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह को दो-दो विकेट मिले। मिचेल मैक्लेनाघन, कृनाल पांड्या और मुस्ताफिजुर रहमान को एक-एक सफलता मिली।
इशान किशन और सूर्यकुमार ने छुड़ाएं छक्के, राजस्थान ने की 'रॉयल' वापसी
इससे पहले सूर्यकुमार यादव (72) और इशान किशन (58) की आकर्षक पारियों की बदौलत मुंबई इंडियंस ने रॉयल्स के सामने 168 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 167 रन बनाए। मुंबई की टीम एक समय विशाल स्कोर की तरफ बढ़ रही थी, लेकिन आईपीएल 2018 में अपना डेब्यू मैच खेल रहे जोफ्रा आर्चर ने शानदार गेंदबाजी करके उसे रोक दिया।
मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही। धवल कुलकर्णी ने एविन लेविस को खाता भी खोलने का मौका नहीं दिया और क्लीन बोल्ड कर दिया। हालांकि, पहले विकेट का झटका मुंबई को बिलकुल भी महसूस नहीं हुआ क्योंकि किशन और यादव ने राजस्थान के रणबांकुरों को विकेट के लिए तरसा दिया। दोनों ने ताबड़तोड़ पारियां खेलते हुए दूसरे विकेट के लिए 129 रन की साझेदारी की।
पहले सूर्यकुमार यादव ने श्रेयस गोपाल द्वारा किए पारी के 10वें ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 29 गेंदों में चार चौके और तीन छक्को की मदद से फिफ्टी पूरी की। फिर इशान किशन ने जोफ्रा आर्चर द्वारा किए पारी के 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 35 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्को की मदद से फिफ्टी जमाई। यह जोड़ी बहुत ही अच्छी तरह खेल रही थी, लेकिन धवल कुलकर्णी की गेंद पर किशन ने गलत शॉट खेला और अपना विकेट गंवा दिया। किशन ने 42 गेंदों में चार चौके और तीन छक्को की मदद से अर्धशतकीय पारी खेली।
इसके बाद 47 गेंदों में 6 चौके और तीन छक्को की मदद से 72 रन बनाकर सूर्यकुमार यादव भी डगआउट लौट गए। उनाडकट की गेंद पर यादव ने बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन पूरी तरह चूक गए। विकेटकीपर जोस बटलर ने आसान कैच लपका। अगली ही गेंद पर कप्तान रोहित शर्मा रनआउट हो गए।
रॉयल्स के जोफ्रा आर्चर ने फिर एक ही ओवर में तीन विकेट झटक दिए। पहले उन्होंने कृनाल पांड्या (7) को विकेटकीपर क्लासेन के हाथों कैच आउट कराया। फिर हार्दिक पांड्या (2) को यॉर्क गेंद पर बोल्ड किया। अगली ही गेंद पर उन्होंने मिचेल मैक्लेनाघन को यॉर्क गेंद डालकर ही क्लीन बोल्ड किया। अंतिम गेंद पर मयंक ने आर्चर को हैट्रिक पूरी नहीं करने दी।
राजस्थान ने जोरदार वापसी करते हुए अंतिम 6 ओवर में केवल 35 रन दिए और 6 विकेट झटके। रॉयल्स की तरफ से जोफ्रा आर्चर ने तीन जबकि धवल कुलकर्णी ने दो विकेट चटकाए। जयदेव उनाडकट को एक सफलता मिली।
इससे पहले मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने रविवार को आईपीएल 2018 के 21वें मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। राजस्थान की टीम में दो बदलाव किए हैं जबकि मुंबई ने कोई बदलाव नहीं किया।
रहाणे ने इस मैच के लिए स्टुअर्ट बिन्नी और बेन लाफलिन की जगह क्रमशः जोफ्रा आर्चर व धवल कुलकर्णी को मौका दिया है। राजस्थान रॉयल्स की टीम पांच में से दो मैच जीतकर अंक तालिका में छठे स्थान पर है। वहीं मुंबई इंडियंस चार में से एक मैच जीतकर अंक तालिका में सातवें स्थान पर है।
टीमें:
राजस्थान रॉयल्स- अजिंक्य रहाणे (कप्तान) हेनरिच क्लासेन, संजू सैमसन, बेन स्टोक्स, जोस बटलर, राहुल त्रिपाठी, जोफ्रा आर्चर, के गौतम, श्रेयस गोपाल, धवल कुलकर्णी और जयदेव उनाडकट।
मुंबई इंडियंस-सूर्यकुमार यादव, एविन लेविस, इशान किशन, रोहित शर्मा (कप्तान), किरोन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या, कृनाल पांड्या, मिचेल मैक्लेनाघन, मयंक मार्कंडे, जसप्रीत बुमराह और मुस्ताफिजुर रहमान।