जब रोया था हिंदुस्तान: आज ही के दिन टूटे थे दिल, टी-20 विश्व कप में आई थी कैरेबियाई आंधी
साल 2016 में टी-20 क्रिकेट विश्व कप का आयोजन भारत में हुआ। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना था कि भारत 2016 टी-20 विश्व कप जीतने का प्रबल दावेदार है। महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने विश्व कप शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक पहुंची। सेमीफाइनल मैच में भारत का मुकाबला वेस्टइंडीज से था। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। ये वही मैच था जिसमें भारत शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद हार गया। वेस्टइंडीज के तूफानी बल्लेबाज आंद्रे रसेल और लेंडल सिमंस ने टीम इंडिया की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इस सेमीफाइनल मैच में वेस्टइंडीज ने भारत को 7 विकेट से हराया था।
विराट कोहली ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। विराट ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर नाबाद 89 रन बनाए। अपनी पारी के दौरान विराट कोहली ने 11 चौके और 1 छक्का लगाया। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी अपने हाथ दिखाए और 9 गेंदों पर 15 रन बनाकर अविजित रहे। इस तरह भारत ने इस मुकाबले में 2 विकेट पर 192 रनों की विशाल स्कोर खड़ा किया। वहीं वेस्टइंडीज के गेंदबाज आंद्रे रसेल और सैमुअल बद्री 1-1 विकेट लेने में सफल रहे।