न्यूजीलैंड टीम ने जीता 'CMJ स्पिरिट ऑफ क्रिकेट अवार्ड', वर्ल्ड कप फाइनल में दिखाई थी खेल भावना
न्यूजीलैंड की टीम को 2019 के क्रिस्टोफर मार्टिन-जेन्किन्स स्पिरिट ऑफ क्रिकेट अवार्ड से सम्मानित किया गया है। केन विलियमसन की अगुवाई वाली टीम को वर्ल्ड कप फाइनल में दिखाए गए खेल भावना, खेल कौशल, विनम्रता और निस्वार्थता के लिए यह अवार्ड दिया गया है।
इसी साल इंग्लैंड के लॉर्ड्स में खेले गए फाइनल में इंग्लैंड के हाथों रोमांचक मुकाबले में मिली हार के बाद कीवी टीम ने खूबसूरत तरीके से खेल भावना का प्रदर्शन किया था जिसके लिए उनकी दुनियाभर में तारीफ हुई थी।
खेल भावना के लिए दिए जाने वाले इस अवार्ड की शुरुआत साल 2013 में एमसीसी और बीबीसी ने मिलकर की थी। इसे एमसीसी के पूर्व अध्यक्ष और बीबीसी के टेस्ट मैच के विशेष कमेंटेटर रहे क्रिस्टोफर मार्टिन-जेन्किन्स की याद में शुरू किया गया था।
🤝 @BLACKCAPS have been named winners of the 2019 Christopher Martin-Jenkins Spirit of Cricket Award.
They have been recognised for their sporting conduct in the aftermath of the @cricketworldcup final at Lord’s.#SpiritOfCricket | @bbctms — Lord's Cricket Ground (@HomeOfCricket) December 3, 2019
बता दें कि इसी साल वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच मैच टाई हो गया था जिसके बाद खेले गए सुपर ओवर में भी कोई परिणाम नहीं निकला। अंत में पारी में सर्वाधिक बाउंड्री के आधार पर आईसीसी के नियम के तहत इंग्लैंड को विजेता घोषित कर दिया गया था।