सैयद मुश्ताक ट्रॉफी: मुंबई खिताब की दौड़ से बाहर, बिहार की लगातार तीसरी जीत, सभी मैचों के रिजल्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शुक्रवार को कुल 10 मुकाबले खेले गए। मुंबई की टीम लगातार तीसरी हार के साथ खिताब की दौड़ से बाहर हो गई। वहीं, बिहार की टीम ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की। उधर, शिखर धवन, रॉबिन उथप्पा और मनन वोहरा ने अपनी-अपनी टीमों के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया। छठे दिन खेले गए सभी मैचों के रिजल्ट:
ग्रुप ई
मुबई की लगातार तीसरी हार
घरेलू क्रिकेट की दिग्गज टीम मुंबई ग्रुप ई के मैच में हरियाणा के खिलाफ आठ विकेट की हार के साथ खिताबी दौड़ से बाहर हो गई। मुंबई के अभी दो मैच बचे हुए हैं, लेकिन सत्र में लगातार तीसरी हार के साथ अगले दौर में पहुंचने की उसकी उम्मीदों पर पानी फिर गया। टूर्नामेंट के प्रारूप के मुताबिक सभी ग्रुप (छह ग्रुप) की शीर्ष टीमों के अलावा एलीट ग्रुप ए से ग्रुप ई तक की अगली दो शीर्ष टीमें नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई करेगी। मुंबई की टीम अगर बाकी बचे अपने मुकाबले जीतती है तो उसके सिर्फ आठ अंक होंगे जो नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई करने के लिए काफी नहीं होगा।
ग्रुप तालिका में शीर्ष पर काबिज केरल के अलावा दो अन्य टीमों के 12 अंक हैं। इस मुकाबले में मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 143 रन बनाए। इसके जवाब में हरियाणा ने 14 गेंदें शेष रहते ही यह मैच अपने नाम कर लिया। हरियाणा की तरफ से हिमांशु राणा ने नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेली, जबकि शिवम चौहान ने नाबाद 43 रन बनाए। मुंबई की तरफ से पांच बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। अर्जुन तेंदुलकर सबसे आखिरी में बल्लेबाजी करने के लिए उतरे। वह एक भी गेंद नहीं खेल सके। हरियाणा की तरफ से जयंत यादव ने चार ओवरों में 22 रन देकर 4 विकेट चटकाए।
केरल ने दिल्ली को छह विकेट से हराया
ग्रुप के एक अन्य मैच में केरल ने दिल्ली को छह विकेट से हराया। वानखेडे स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में शिखर धवन (77) और ललित यादव (नाबाद 52) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर दिल्ली ने चार विकेट पर 212 रन बनाये। केरल ने रोबिन उथप्पा के 91 और विष्णु विनोद के नाबाद 71 रन की पारियों से चार विकेट पर 218 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
पुडुचेरी ने आंध्रा को चार विकेट से हराया
पुडुचेरी ने आंध्रा को चार विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पुडुचेरी ने शेल्डन जैक्सन (106*) के दम पर 226 रन बनाए। जवाब में आंध्रा ने 228 रन बनाकर मैच अपने नामकर लिया।
प्लेट ग्रुप
बिहार की लगातार तीसरी जीत
बिहार ने मेघालय को छह विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। मेघालय ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर 20 ओवर में नौ विकेट पर 82 रन बनाए। पिछले मैच में शतकीय पारी खेलने वाले टीम के कप्तान पुनीत बिष्ट इस मैच में सिर्फ 16 रन बना सके। बिहार ने सलामी बल्लेबाज मंगल महरौर (आठ) का विकेट गंवाने के बाद शाशीम राठौर (33) और सकिबुल गनी (नाबाद 31) की शानदार पारियों के दम पर छह विकेट से जीत दर्ज कर ली।
चंडीगढ़ ने मिजोरम को 89 हराया
ग्रुप के अन्य मैच में चंडीगढ़ ने मिजोरम को 89 हराया जबकि मणिपुर और नगालैंड अपने-अपने मैच जीतने में सफल रहे। ग्रुप की तालिका में बिहार की टीम तीन मैचों में 12 अंकों के साथ शीर्ष पर है जबकि चंडीगढ़ और नागालैंड के 10-10 अंक हैं।
ग्रुप डी
राजस्थान ने सेना को 6 विकेट से हराया
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सेना ने नौ विकेट के नुकसान पर 132 रन बनाए। रवि बिश्नोई ने 4 विकेट झटके। जवाब में राजस्थान ने चार विकेट पर 134 रन बनाकर मैच अपने नामकर लिया।
मध्यप्रदेश ने 21 रन से जीता मैच
पहले बल्लेबाजी करते हुए मध्य प्रदेश ने 9 विकेट पर 139 रन बनाए। जवाब में विदर्भ की टीम नौ विकेट पर 115 रन बना पाई। आवेश खान ने एमपी के लिए पांच विकेट चटकाए।
सौराष्ट्र ने गोवा को 90 रन से हराया
अवि बरोट के शतक के दम पर सौराष्ट्र ने गोवा को 90 रन से हरा दिया। बरोट ने 53 गेंदों में 11 चौके और सात छक्के की मदद से 122 रन की शतकीय पारी खेली। पहले बल्लेबाजी करते हुए सौराष्ट्र ने पांच विकेट पर 215 रन बनाए। जवाब में गोवा की टीम महज 125 रन पर ही सिमट गई।