MIvCSK: मुंबई के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड, मैच में बने कई दिलचस्प आंकड़ें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) जिस चीज के लिए जाना जाता है, उसकी शुरुआत शनिवार को बिलकुल उसी अंदाज में हुई। मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर खेला गया उद्घाटन मैच रोमांच की सारी हदें पार कर गया।
दो साल के निलंबन के बाद आईपीएल में वापसी करने वाली चेन्नई ने सांसे थाम देने वाले मैच में मुंबई को 1 विकेट से हरा दिया। बता दें कि चेन्नई के कप्तान एमएस धोनी ने टॉस जीतकर मुंबई को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था। रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली मुंबई ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 165 रन बनाए। जवाब में सीएसके ने अंतिम ओवर में रोमांचक मैच जीता और आईपीएल में धमाकेदार वापसी की।
इस मैच में कई रिकॉर्ड्स बने। मुंबई के नाम कुछ शर्मनाक रिकॉर्ड्स भी दर्ज हुए। चलिए गौर करते हैं कि मुंबई-चेन्नई मैच में क्या खास रहा:
– आईपीएल के इतिहास में दूसरी बार कोई टीम मैच एक विकेट से जीती। चेन्नई से पहले 2015 में कोलकाता नाइटराइडर्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को एक विकेट से मात दी थी।
– हार्दिक पांड्या ने आईपीएल में पहली बार किसी मैच में तीन विकेट झटके। पिछले तीन संस्करणों में उन्होंने एक ही बार 1 से अधिक विकेट चटकाया था। पांड्या का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पिछले साल केकेआर के खिलाफ रहा, जब उन्होंने 22 रन देकर 2 विकेट लिए थे।
– अंबाती रायुडू ने आईपीएल के अपने करियर की 108 पारियों में दूसरी बार ओपनिंग की। इससे पहले उन्होंने 2012 आईपीएल में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ ओपन किया था। तब उन्होंने 2 गेंद में 1 रन बनाया था।
– मयंक मार्कंडे ने 25 रन देकर 3 विकेट झटके, जो मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल डेब्यू मैच में दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले 2009 आईपीएल के पहले मुकाबले में चेन्नई के खिलाफ लसिथ मलिंगा ने 15 रन देकर 3 विकेट झटके थे।
– कृनाल पांड्या ने आईपीएल की लगातार तीसरी पारी में 40 या इससे अधिक रन की पारी खेली। उन्होंने पिछले साल क्वालिफायर-2 में केकेआर के खिलाफ नाबाद 45 रन और फिर फाइनल में राइजिंग पुणे सुपरजायंट के खिलाफ 47 रन बनाए थे।
– मार्क वुड ने अपने आईपीएल डेब्यू पर 49 रन लुटाए। पहले ओवर में उन्होंने सिर्फ 2 रन दिए थे, मगर अगले तीन ओवर में उन्होंने 47 रन दे डाले।
– आईपीएल के पहले 10 संस्करणों में अब तक 499 खिलाड़ी खेल चुके थे। एविन लुइस, मार्क वुड और मयंक मार्कंडे के डेब्यू के साथ ही यह आंकड़ा 502 तक पहुंच गया।
– मुंबई इंडियंस लगातार छठी बार आईपीएल सीजन का अपना मुकाबला हारी। इससे पहले उन्होंने 2012 में पहले मुकाबले में चेन्नई को हराया था।