मुंबई इंडियंस के नाम ये कारनामा, IPL में किया 33वां प्रयोग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अहमदाबाद में राजस्थान रॉयल्स की मेजबानी में मुंबई इंडियंस ने मुकाबला शुरू होते ही आईपीएल इतिहास में 33वीं बार एक नया प्रयोग किया हालांकि यह प्रयोग भी कारगर होता नहीं दिखा।
कप्तान रोहित शर्मा के टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लेने के बाद मुंबई इंडियंस ने एक नई सलामी जोड़ी के साथ पारी की शुरुआत करने की योजना बनाई और ओपनर रोहित शर्मा की जगह ऐरोन फिंच और पार्थिव पटेल मैदान पर आए।
लेकिन मुंबई की यह योजना भी फ्लॉप हो गई और फिंच उस समय रिटायर्ड हर्ट हो गए जब टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 24 रन था और टीम अब बल्लेबाजों से तेज पारी की उम्मीद कर रही थी। मुंबई की ओर से यह 33वीं नई ओपनिंग जोड़ी बनी जो पारी की शुरुआत करने आई। वैसे आईपीएल में ओपनिंग जोड़ी के लिए सबसे ज्यादा प्रयोग करने का यह रिकॉर्ड नहीं है। सबसे ज्यादा नई ओपनिंग जोड़ी के साथ मैदान पर उतरने का कारनामा रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) ने किया है और उसकी ओर से 38 बार ऐसा किया जा चुका है।
अच्छी शुरुआत के लिए ओपनिंग छोड़ने वाले कप्तान रोहित शर्मा इस मैच में खाता भी नहीं खोल सके और शून्य पर आउट हो गए। आईपीएल में वह सातवीं बार शून्य पर आउट हुए हैं।
इस बल्लेबाज के नाम सबसे ज्यादा टीमों के लिए खेलने का रिकॉर्ड
टूर्नामेंट के नौंवें मुकाबले में उतरने के साथ ही कभी टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज रहे पार्थिव पटेल के नाम आईपीएल में एक कीर्तिमान जुड़ गया। वह भले ही अपनी नई टीम मुंबई इंडियंस के लिए टीम को तेज शुरुआत दिला पाने में नाकाम रहे हों लेकिन वह आईपीएल में सबसे ज्यादा टीमों के साथ खेलने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।
आईपीएल के आठवें सत्र में उन्होंने मुंबई इंडियंस के साथ अपने करियर को आगे बढ़ाया। वह रिकॉर्ड आईपीएल की छठी टीम की ओर से खेलने उतरे। हालांकि वह महज 16 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन वह सबसे ज्यादा 6 फ्रेंचाइजी टीमों के साथ खेलने का रिकॉर्ड तो बना ही दिया।
मुंबई इंडियंस के लिए पार्थिव पटेल के साथ ऐरोन फिंच जो ओपनिंग करने के लिए मैदान पर आए, वह सबसे ज्यादा टीमों के लिए खेलने में मामले में सिर्फ पार्थिव से ही पीछे हैं। पार्थिव ने 6 टीमों के लिए मैच खेले हैं तो फिंच ने 5 टीमों के लिए मैच खेले।
पूर्व चैंपियन मुंबई इंडियंस की टूर्नामेंट में बेहद धीमी बल्लेबाजी का अंदाजा इससे लगता है कि पिछले 3 मैचों में उसकी ओर से शुरुआती 12 ओवर में टीम 70 से कम का स्कोर ही कर पाई।