IPL 2021: इस अंग्रेज ने क्यों कहा- इंग्लैंड में नहीं होना चाहिए बाकी बचे मुकाबले
इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर ने कहा है कि अगर बीसीसीआई आईपीएल 2021 के बाकी बचे मैचों का आयोजन इंग्लैंड में कराने के बारे में सोच रहा है तो उसे इस पर फिर से विचार करना चाहिए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर ने कहा है कि आईपीएल के बाकी बचे मुकाबले इंग्लैंड में नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर बीसीसीआई आईपीएल 2021 के बाकी बचे मैचों का आयोजन इंग्लैंड में कराने के बारे में सोच रहा है तो उसे इस पर फिर से विचार करना चाहिए क्योंकि इससे आईपीएल के ब्रांड वैल्यू को नुकसान पहुंच सकता है। दरअसल, आईपीएल के 14वें सीजन को कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के चलते चार मई को स्थगित कर दिया गया था। मगर अब आईपीएल को दोबारा शुरू करवाने से पहले यह सवाल उठ रहा है कि आखिर इसका आयोजन कहां और कब होगा?
एक यूट्यूब शो 'स्पोर्ट्स यारी' के साथ बातचीत में पनेसर ने कहा, 'आईपीएल सितंबर में इंग्लैंड में नहीं होना चाहिए क्योंकि वहां बहुत बारिश होगी। बहुत सारे अंतराल रोमांच का मजा खराब कर देंगे। अगर भारत महामारी को नियंत्रित करने में सक्षम नहीं है, तो इसे संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में आयोजित किया जाना चाहिए क्योंकि मौसम का मिजाज बहुत बड़ा फैक्टर होता है।'
पनेसर ने आगे कहा, 'जब इंग्लैंड में बारिश होती है, तो यह मैच को बर्बाद कर देती है। आप देखेंगे कि एक टी-20 मैच 15 ओवर और फिर 10 ओवर तक कम हो गया है। हम नहीं चाहते कि आईपीएल के साथ ऐसा हो क्योंकि इससे उसका ब्रांड वैल्यू हिट होगा। बीसीसीआई ने जाहिर तौर पर इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) से एक अनौपचारिक अनुरोध किया है कि आईपीएल के लिए एक विंडो प्रदान करने के लिए टेस्ट सीरीज के कार्यक्रम में बदलाव किया जाए। हालांकि, ऐसा होने की संभावना नहीं है।'
चार अगस्त से भारत-इंग्लैंड के बीच मैच
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंग्लैंड और भारत के बीच चार अगस्त से पांच टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू होने वाली है। दूसरे और तीसरे टेस्ट के बीच नौ दिन का अंतर है। अगर इस गैप को कम करके चार दिन तक ले आया जाता है, तो बोर्ड को आईपीएल मैच करवाने के लिए ज्यादा दिन मिल जाएगा। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड और बीसीसीआई इसको लेकर रणनीति बना रही है। बता दें कि भारत 14 सितंबर को इंग्लैंड में अपनी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज समाप्त करेगा और ऐसी चर्चा है कि उस सीरीज के अंत और टी-20 विश्व कप के बीच महीने भर का विंडो आईपीएल के शेष 31 मैचों की मेजबानी के लिए आदर्श हो सकता है।