बयान: विराट को मिला इस पूर्व दिग्गज क्रिकेटर का साथ, बताई कोहली के कप्तानी छोड़ने की असली वजह...
virat steps down: मदनलाल ने विराट कोहली के टी-20 में कप्तानी छोड़ने के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि उनपर कप्तानी छोड़ने का कोई दबाव नहीं था, सारा मामला वर्कलोड का है।
विस्तार
टीम इंडिया पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर मदनलाल ने विराट कोहली के टी-20 में कप्तानी छोड़ने के फैसले की सराहना की है। उन्होंने कहा कि विराट पर कप्तानी छोड़ने का कोई दबाव नहीं था, सारा मामला वर्कलोड का है। कोहली के इस 'विराट' फैसले पर समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए मदनलाल ने कहा, 'उन पर ऐसा कोई दबाव नहीं था और मैं उनके फैसले की सराहना करता हूं। वह आज क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में खेल रहे हैं और आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आईपीएल) के कप्तान भी हैं। काम के बोझ को देखते हुए यह उनका अच्छा निर्णय है। वह इस समय अपने करियर के चरम पर हैं, जो उनके और टीम के लिए अच्छा है।'
जब पूर्व ऑलराउंडर से पूछा गया कि 'सचिन तेंदुलकर ने भी दबाव में कप्तानी छोड़ी थी' के सवाल मदन लाल ने कहा, 'कोहली ने कप्तानी नहीं छोड़ी है क्योंकि उन्होंने एक टीम बनाई है और टेस्ट रैंकिंग में टीम इंडिया को नंबर एक पर ले गए, इसलिए यह छोड़ने के बारे में नहीं है। यह सब वर्कलोड को लेकर है और वहां सभी पर दबाव है और आपको इससे निपटने की दरकार है।' मदन लाल ने आगे कहा कि मौजूदा समय में रोहित शर्मा टी-20 कप्तानी के लिए सही उम्मीदवार हैं और भविष्य में भारतीय टीम का अगला कप्तान केएल राहुल हो सकते हैं। बता दें कि मदनलाल राहुल को टी-20 कप्तान बनाए जाने के खिलाफ थे। उन्होंने कहा कि रोहित पहले से इस कतार में हैं और उनके बदले किसी और को फिलहाल नहीं बनाना चाहिए, इससे टीम खराब होगी और हां राहुल को उप-कप्तान बनाया जा सकता है।
गौरतलब है कि विराट कोहली ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक लंबा सा पोस्ट लिखकर टी-20 में कप्तानी छोड़ने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि वह यूएई में होने वाले टी-20 विश्व कप के बाद भारतीय टी-20 टीम के कप्तान के पद से हट जाएंगे लेकिन वह वन-डे और टेस्ट क्रिकेट में टीम की अगुआई करना जारी रखेंगे। कोहली के इस 'विराट' फैसले के बाद से रोहित शर्मा टी-20 प्रारूप में टीम इंडिया के अगले कप्तान हो सकते हैं, ऐसा कहा जा रहा है।
विराट का यह फैसला अपेक्षित था- दिलीप वेंगसरकर
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान दिलीप वेंगसरकर ने कहा कि विराट का यह फैसला अपेक्षित था। वहीं, रोहित के बारे में कहा वो टीम भारत के अगले टी-20 कप्तान बनने के हकदार हैं। इसके लिए उन्होंने एशिया कप में उनकी कप्तानी में भारत की जीत और आईपीएल में उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच बार खिताब जीता, इसका हवाला दिया। इस पूर्व क्रिकेटर ने कहा, 'मैं इसकी उम्मीद कर रहा था। विराट टीम इंडिया का नेतृत्व कर रहे हैं और लगभग आठ वर्षों तक सभी प्रारूपों में नंबर 1 बल्लेबाज रहे हैं। उन पर प्रदर्शन करने का जबरदस्त दबाव था, क्योंकि जब भी वह बल्लेबाजी करने जाते हैं हम उनसे काफी उम्मीद करते हैं। उनके फैसले का समय एकदम सही रहा है। अब मुझे केवल उनसे (विराट) यही उम्मीद है कि वह भारत के टी-20 कप्तान के रूप में विश्व कप जीतेंगे। टी-20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान के रूप में यह उनका आखिरी टूर्नामेंट होगा।'