IPL 2019: बैंगलोर की लगातार छठी हार, दिल्ली ने 4 विकेट से दी मात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लगातार छह हार के बाद बैंगलोर का इंडियन टी-20 लीग के 12वें सीजन का सफर लगभग समाप्त हो चुका है। अब इस टीम को प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए शेष सभी आठ मुकाबलों में जीत हासिल करनी होगी। घरेलू दर्शकों के बीच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शनिवार को खेले गए पहले मुकाबले में दिल्ली ने बैंगलोर को 4 विकेट से मात दी।
इस हार के साथ ही विराट कोहली की अगुवाई वाली यह टीम इंडियन टी-20 लीग के इतिहास में शुरुआती छह मैच गंवाने वाली दूसरी टीम बन गई। इससे पहले 2013 में दिल्ली लगातार छह मुकाबलों में हार का सामना कर चुकी है।
टॉस जीतकर दिल्ली ने दमदार गेंदबाजी करते हुए बैंगलोर को महज 8/149 रन में रोक दिया। इसके बाद 7 गेंद शेष रहते बड़ी आसनी से 150 रन के लक्ष्य को साधा। यह दिल्ली की छह मुकाबलों में तीसरी जीत है। दिल्ली की ओर से इस जीत में कप्तान श्रेयस अय्यर ने 50 गेंदों में 67 रन की अर्धशतकीय साझेदारी खेली तो पेसर कागिसो रबाडा ने 4 ओवर्स में 21 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट झटके।
ऐसे जीती दिल्ली
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली को सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (0) के रूप में पहला झटका लगा। टिम साउथी ने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर धवन को नवदीप सैनी के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। इसके बाद दिल्ली के बल्लेबाज क्रीज पर जमते नजर आ रहे थे। बैंगलोर को विकेट की दरकार थी। तभी 8.2 ओवर्स में जब टीम का स्कोर 69 था तब पृथ्वी शॉ (22 गेंदों में 28 रन) को पृथ्वी नेगी ने चलता किया। 12.1 ओवर्स में दिल्ली का स्कोर 100 पर पहुंचा। यहां से दिल्ली की मैच में पकड़ मजबूत होती नजर आ रही थी। तभी मोइन अली ने कॉलिन इनग्राम को पगबाधा आउट किया। उन्होंने 21 गेंदों में 22 रन बनाए। दो गेंद बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने इस टूर्नामेंट का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद टीम ने दो रन के अंदर क्रिस म\रिस (0) ऋषभ पंत (18) के विकेट गंवा दिए। वहीं, राहुल तेवतिया 1 और अक्षर पटेल 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अक्षर ने चौका जड़कर टीम को जीत दिलाई। बैंगलोर की ओर से नवदीप सैनी ने 2 जबकि पवन नेगी, मोहम्मद सिराज, मोइन अली और टिम साउदी ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
बैंगलोर की पारी
अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल के रूप में बैंगलोर को पहला झटका दूसरे ही ओवर में लगा, जब तेज गेंदबाज क्रिस मॉरिस ने अपनी आखिरी गेंद पर पार्थिव को थर्ड मैन में संदीप लामिछाने के हाथों लपकवाया। पार्थिव ने 9 गेंदों में 9 रन बनाए। इसके बाद आए नए बल्लेबाज एबी डीविलियर्स भी कप्तान कोहली का साथ नहीं निभा पाए।
छठे ओवर में टीम का स्कोर जब 40 पर ही पहुंचा था तब डीविलियर्स (16 गेंदों में 17 रन) को तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा ने स्लोअर बॉल में लॉन्ग ऑन की दिशा में इनग्राम के हाथों कैच आउट करवाया। टीम टोटल में अभी 26 रन ही जुड़ पाए थे कि नए बल्लेबाज मार्कस स्टोइनिस (17 गेंदों में 15) भी चलते बने। उन्हें अक्षर पटेल ने तेवतिया से हाथों कैच आउट करवाया।
इसके बाद मोइन अली ने जरूर तेज गति से रन बनाने की कोशिश की, लेकिन 18 गेंदों में 32 रन बनाने के बाद नेपाल के एकमात्र स्पिनर संदीप लामिछाने ने बैंगलोर को चौथा झटका दिया। 18वां ओवर बैंगलोर के लिए बुरी खबर लेकर आया। स्कोर 5-133 था तभी कागिसो रबाडा ने पहली गेंद पर विराट कोहली (33 गेंदों में 41 रन), तीसरी गेंद पर अक्षदीप नाथ (12 गेंदों में 19 रन) और आखिरी गेंद पर पवन नेगी (0) को निपटाया।
प्लेइंग XI इस प्रकार है:
बैंगलोर- विराट कोहली (कप्तान), पार्थिव पटेल (विकेटकीपर), एबी डिविलियर्स, मार्कस स्टोइनिस, मोइन अली, वाशिंगटन सुंदर, पवन नेगी, टिम साउदी, नवदीप सैनी, युजवेंद्र चहल और उमेश यादव।
दिल्ली- पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), कॉलिन इनग्राम, क्रिस मॉरिस, अक्षर पटेल, कगिसो रबाडा, इशांत शर्मा और संदीप लामिछाने, राहुल तेवतिया