अंतिम गेंद पर मुंबई को मिली KKR पर रोमांचक जीत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईपीएल-8 का 51वां मुकाबला भी बेहद उतार-चढ़ाव वाला रहा और मुंबई इंडियंस ने अंतिम गेंद तक खींचे मुकाबले में जीत हासिल कर अपनी चुनौती बचाए रखी है।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स 20 ओवर में 7 विकेट पर 166 रन ही बना सकी। उसकी ओर से युसूफ पठान ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 5 चौका और 2 छक्के के दम पर 52 रनों की पारी खेली। उसे अंतिम ओवर में जीत के लिए 12 रन और चाहिए थे लेकिन टीम 6 रन ही बना पाई और 5 मैच से मुकाबला हार गई।
इससे पहले मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 171 रन बनाए। शीर्ष क्रम की नाकामी के बाद मध्य क्रम में हार्दिक पांड्या (नाबाद 61) ने जोरदार बल्लेबाजी का नजारा पेश किया और शानदार फिफ्टी ठोंक दी। उन्होंने अपनी पारी में 31 गेंदों में 8 चौके और 2 छक्के लगाए। कीरोन पोलार्ड 33 रन बनाकर अंत तक नाबाद रहे। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए अटूट 92 रनों की साझेदारी की।
कोलकाता की ओर से शाकिब अल हसन ने 2 विकेट झटके जबकि सुनील नारायन और मोर्ने मोर्कल को एक-एक सफलता मिली। मुंबई के लिए 7 गेंदबाजों ने गेंद डाली और 6 गेंदबाजों को सफलता मिली।
मुंबई इंडियंस के लिए करो या मरो की स्थिति थी। इस जीत के साथ उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद बनी हुई है। मुंबई के 13 मैचों में 7 जीत से 14 अंक हो गए हैं और अंक तालिका में चौथे नंबर पर आ गई है। वहीं कोलकाता टीम 13 में से अपनी पांचवीं हार के बावजूद 15 अंक लेकर दूसरे स्थान पर बनी हुई है।
3 ओवर में गंवाए 3 विकेट, फिर हार्दिक ने खेली आतिशी पारी
टॉस गंवाने के बाद मुंबई इंडियंस को कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान गौतम गंभीर ने पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। मुंबई के लिए पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलना उसके लिए राहत की बात थी क्योंकि कप्तान रोहित शर्मा ने कहा भी कि अगर वह टॉस जीतते तो पहले बल्लेबाजी लेते।
हालांकि उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही। पारी की शुरुआत पार्थिव पटेल और लिंडल सिमंस ने की, दोनों ने पहले विकेट के लिए 4 ओवर में 29 रन बनाए लेकिन अगले ओवर की दूसरी गेंद पर शाकिब अल हसन ने पटेल को कैच आउट करा दिया। वह 21 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अगले ओवर में मुंबई को सिमंस (14) के रूप में तगड़ा झटका लगा जो मोर्ने मोर्कल की गेंद पर कैच आउट हो गए।
मुंबई अभी दोहरे झटके से संभल ही रही थी कि फिर अगले ओवर में अंबाती रायडू (2) भी शाकिब का शिकार बन गए और चलते बने। मुंबई ने लगातार 3 ओवर में अपने 3 विकेट गंवाए।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान रोहित शर्मा ने कैरेबियाई बल्लेबाज कीरोन पोलार्ड के साथ पारी को आगे बढ़ाया और आठवें ओवर में टीम को 50 के पार पहुंचा दिया। ये जोड़ी जब टिक चुकी थी और लग रहा था कि कप्तान अपनी टीम को संकट से बाहर निकालने में सफल होंगे, इस बीच सुनील नारायन ने एक शानदार गेंद डालकर रोहित को बोल्ड कर दिया। वह 30 रन बनाकर बोल्ड हुए।
रोहित के जाने के बाद पोलार्ड का साथ देने युवा क्रिकेटर हार्दिक पांड्या क्रीज पर आए और आते ही धमाकेदार पारी खेलनी शुरू कर दी जिससे मुंबई डेढ़ सौ का स्कोर पार करने में सफल रही। हार्दिक ने 31 गेंदों में 8 चौके और 2 छक्के की मदद से नाबाद 61 रन बनाए। जबकि पोलार्ड ने अविजित 33 रनों की पारी खेली। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 92 रनों की अटूट साझेदारी की।
अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ाते चले गए KKR के बल्लेबाज
मुंबई इंडियंस से मिले 172 रनों के जवाब में कोलकाता नाइटराइडर्स को अच्छी शुरुआत मिली। रॉबिन उथप्पा (25) और कप्तान गौतम गंभीर (38) ने पहले विकेट के लिए 5.3 ओवर में 45 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी को अनुभवी फिरकी गेंदबाज हरभजन सिंह ने उथप्पा को कैच आउट कराकर तोड़ दिया।
कोलकाता को अगला झटका भी इसी ओवर में लगा जब मनीष पांडे (1) रन चुराने के प्रयास में लिंडल सिमंस के थ्रो पर रन आउट हो गए। हालांकि दोहरे झटके के बाद कप्तान गंभीर ने युसूफ पठान के साथ पारी को आगे बढ़ाया और तीसरे विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी कर टीम को मैच में वापस ले आए। लेकिन एक बार फिर जम चुकी जोड़ी टूट गई।
जगदीश सुचिता ने 11वें ओवर की अंतिम गेंद पर गंभीर को बोल्ड कर मुंबई को बड़ी सफलता दिला दी। गंभीर के बाद पठान का साथ देने शाकिब अल हसन क्रीज पर आए। शाकिब ने तेजी से खेलते हुए 15 गेंदों में 23 रन बटोर लिए लेकिन वह जिस तेजी से खेल रहे थे उसी तेजी में आउट भी हो गए। विनय कुमार ने उन्हें हार्दिक पांड्या के हाथों कैच आउट कराया।
कोलकाता को तगड़ा झटका तब लगा जब उसके मैच जीताऊ खिलाड़ी आंद्रे रसेल महज 2 रन बनाने के बाद लसित मलिंगा की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। कोलकाता ने झटकों के बीच 16 ओवर में 130 रन बना लिए थे और अगले 24 गेंदों में 42 रन बनाने थे।
अंतिम ओवरों में तेजी से खेलते हुए युसूफ पठान ने अर्धशतक लगाया। लेकिन अंतिम ओवर में जब टीम को 12 रन बनाने थे तो पहली ही गेंद पर वह कैच आउट हो गए। उनके जाने के बाद टीम के अन्य बल्लेबाज जरूरी 12 रन नहीं बना सके और लक्ष्य से 5 रन दूर रह गए।