पहले दिन का खेल खत्म, गेंदबाजों ने झटके कुल 12 विकेट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोहाली में खेले जा रहे चार मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच के शुरुआती दिन गेंदबाजों का जलवा दिखा और 12 विकेट झटक लिए। हालांकि इस बीच भारतीय ओपनर मुरली विजय ने साहसिक बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी भी खेली।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका ने 2 विकेट पर 28 रन बना लिए थे। बल्लेबाजी में नाकामी के बाद गेंदबाजी में भारत को पहली सफलता के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ा। जल्द ही आर अश्विन ने स्टैन वान जेल (5) को पगबाधा कर शुरुआती सफलता दिला दी। इसके बाद अगली सफलता रवींद्र जडेजा ने फैफ डु प्लेसिस (0) को बोल्ड कर हासिल की। हालांकि डीन एल्गर (13) और कप्तान हाशिम अमला (9) ने टीम को और झटका नहीं लगने दिया अब दूसरे दिन देखना होगा कि भारतीय फिरकी गेंदबाज मेहमानों पर कितना अंकुश लगा पाते हैं।
इससे पहले टी-ब्रेक के बाद एक घंटे के अंदर टीम इंडिया की पहली पारी 201 रन पर आउट हो गई। भारत के लिए ओपनर मुरली विजय (75) ने सबसे बड़ी पारी खेली जबकि रवींद्र जडेजा (38) ने भी उपयोगी पारी खेली। फिरकी गेंदबाज डीन एल्गर के 4 विकेट के अलावा वार्नेन फिलेंडर और इमरान ताहिर को 2-2 विकेट मिले।
पहली बार अपने घर में टेस्ट मैच की कप्तानी कर रहे विराट कोहली ने आज के मैच के लिए भुवनेश्वर कुमार, लोकेश राहुल, रोहित शर्मा और स्टुअर्ट बिन्नी को अंतिम एकादश में नहीं रखा। जबकि इशांत शर्मा प्रतिबंध के कारण इस मैच में नहीं खेल रहे। वहीं अफ्रीकी टीम के लिए कैगिसो रबादा इस मैच से अपने टेस्ट करियर की शुरुआत कर रहे हैं।
ढंग से बर्थडे का जश्न नहीं मना सके कप्तान कोहली
अपने देश में पहली बार टेस्ट टीम की कप्तानी कर रहे विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया लेकिन उनका यह निर्णय लंच तक खराब होता नजर आया। पारी की शुरुआत शिखर धवन और मुरली विजय करने आए, लेकिन दूसरे ओवर (वार्नेन फिलेंडर) की चौथी ही गेंद पर धवन स्लिप में कैच आउट हो गए। इस समय न धवन अपना खाता खोल पाए और न ही भारत का खाता खुला था।
शुरुआती झटके के बाद मुरली विजय ने चेतेश्वर पुजारा के साथ पारी को आगे बढ़ाया और बिना किसी दूसरे नुकसान के शुरुआती घंटा निकाल दिया। दोनों ने अफ्रीकी आक्रमण का डटकर सामना किया और दूसरे विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी कर डाली। इस साझेदारी को डीन एल्गर ने पुजारा को एक बेहद शानदार गेंद पर एलबीडब्ल्यू कराया। पुजारा 31 रन बनाकर आउट हुए।
पुजारा के जाने के बाद बर्थडे ब्वॉय और कप्तान विराट कोहली (1) क्रीज पर आए लेकिन वह अपना जन्मदिन का जश्न बड़ी पारी खेलकर नहीं मना सके और 4 गेंद खेलकर आउट हो गए। लंच तक विजय और अजिंक्य रहाणे खेल रहे थे। लंच के बाद भारत ने टी-ब्रेक तक 4 और विकेट गंवा दिए। विजय 75 रन बनाकर आउट हुए।
अफ्रीकी फिरकी गेंदबाजों के आगे लुढ़क गई भारतीय पारी
टीम इंडिया को उम्मीद थी कि और लंच के बाद मुरली विजय (75) और अजिंक्य रहाणे (15) की जोड़ी संकट में दिख रही भारतीय बल्लेबाजी को थोड़ी राह दिखाएंगे लेकिन यह जोड़ी भी जल्द टूट गई। हालांकि इस जोड़ी के टूटने से पहले विजय ने 115 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। दोनों ने भारत को सौ के पार भी पहुंचाया, लेकिन 37 रनों की साझेदारी के बाद यह जोड़ी टूट गई। रहाणे डीन एल्गर की गेंद पर स्लिप में कैच आउट हो गए। फिर अगली ही गेंद पर रिदिमान साहा भी खाता खोले बगैर ही आउट हो गए।
भारत की आधी टीम 102 रन पवेलियन लौट गई थी। लेकिन दूसरे छोर पर टिके ओपनर विजय ने अपना छोर संभाले रखा और रवींद्र जडेजा के साथ छठे विकेट के लिए 38 रनों की साझेदारी की। इस बार यह साझेदारी विजय के आउट होने के साथ ही टूट गई। उन्होंने 136 गेंदों में 12 चौके की मदद से 75 रन बनाए। आर अश्विन ने अंत में नाबाद 20 रनों का योगदान दिया।
जडेजा के रूप में भारत का आठवां विकेट 196 रन पर गिरा। इसके बाद उमेश यादव ने चौका जमाकर भारत का स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया। लेकिन इसके बाद मेजबान टीम की पूरी पारी 68 ओवर में 201 रन बनाकर आउट हो गई। 3 बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके।