कोहली का शतक, टीम इंडिया की SA पर 'विराट' जीत
चेन्नई के चेपक स्टेडियम में 'करो या मरो' वाले इस मुकाबले में उपकप्तान विराट कोहली के शानदार शतक और गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी ने टीम इंडिया की लाज रख ली और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे वनडे में बड़ी जीत हासिल कर सीरीज को 2-2 से बराबरी पर ला दिया।
लाइव स्कोर कार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
टीम इंडिया से मिले 300 रनों के बड़े लक्ष्य के जवाब में खराब शुरुआत के बाद कप्तान एबी डीविलियर्स (112) ने अंत तक जोरदार संघर्ष करते हुए शानदार शतकीय पारी खेली लेकिन मेहमान टीम लक्ष्य से 35 रन (50 ओवर में 9 विकेट पर 264) दूर रह गई। डीविलियर्स ने 107 गेंदों में 10 चौके और 2 छक्के की मदद से 112 रनों की पारी खेली। भारत की ओर से तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने 3 और हरभजन सिंह ने 2 जबकि मोहित शर्मा, अक्षर पटेल और अमित मिश्रा को 1-1 सफलता मिली।
इससे पूर्व पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 299 रन बनाए। कोहली ने भारत के लिए सबसे बड़ी 138 रनों की खेली। अपनी 23वीं सेंचुरी में कोहली ने 140 गेंदों में 6 चौके और 5 छक्के जमाए। जबकि सुरेश रैना ने 53 रनों का योगदान दिया। कोहली ने इसके अलावा अजिंक्य रहाणे (45) और रैना के साथ शतकीय साझेदारियां भी की। तेज गेंदबाज कैगिसो रबादा और डेल स्टेन ने 3-3 विकेट झटके।
कप्तान धोनी के लिए टॉस जीतना एक बार फिर लकी साबित हुआ। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस दौरे में 2 बार टॉस जीता और दोनों में ही जीत हासिल की। पहला टॉस इंदौर वनडे में जीता था जहां टीम इंडिया को दौरे की पहली जीत मिली थी।
कोहली के छक्के ने खत्म कराया 52 गेंदों का इंतजार
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी दौरे में दूसरी बार टॉस जीतने के बाद भारतीय कप्तान धोनी ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया लेकिन उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसके दोनों सलामी बल्लेबाज 8वें ओवर के अंदर 35 रन पर पवेलियन लौट गए।
रोहित शर्मा (21) और शिखर धवन (7) ने भारतीय पारी की शुरुआत की, लेकिन क्रिस मौरिस ने 5वें ओवर में रोहित को 21 रन के निजी स्कोर पर कैच आउट करा दिया। इसके बाद धीमी बल्लेबाजी कर रहे धवन भी ज्यादा देर तक क्रीज पर डटे नहीं रह पाए और 15 गेंदों में 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनका आउट ऑफ फॉर्म जारी है और वह 4 इन मैचों में 66 रन ही बना सके हैं।
ओपनर्स को खोने के बाद पारी को आगे बढ़ाने का जिम्मा विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे पर था। हालांकि दोनों शुरुआत में थोडे़ धीमे रहे और 52 गेंदों के बाद भारतीय पारी में चौका लगा सके। 13वें ओवर में कोहली ने फैंगियासो की गेंद पर छक्का लगाकर चौके-छक्के के सूखा को खत्म किया। भारत ने 12वें ओवर में अपने पहले 50 रन पूरे किए।
'शतकवीर' कोहली ने रहाणे और रैना संग की शतकीय साझेदारी
दोहरे झटके के बाद विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे (45) ने धीमी गति से शुरुआत की लेकिन धीरे-धीरे लय में आ गए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 104 रनों की साझेदारी करते हुए टीम को 150 के करीब पहुंचा दिया।
इससे पहले पिछले मैच में 8 महीने के लंबे इंतजार के बाद अपनी पहली फिफ्टी लगाने वाले कोहली ने इस मैच में भी फिफ्टी ठोंक दी। दोनों बल्लेबाज क्रीज पर जम चुके थे और लग रहा था कि दोनों बड़ी पारी खेलने में कामयाब रहेंगे लेकिन तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने 27वें ओवर की पहली गेंद पर रहाणे को 45 रन के निजी स्कोर पर कैच आउट करा दिया। वह सीरीज में अपनी तीसरी फिफ्टी से चूक गए। उस समय टीम का स्कोर 148 रन था।
दूसरी ओर, कोहली ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और रहाणे के साथ शतकीय साझेदारी करने के बाद सुरेश रैना के साथ भी 127 रनों की शतकीय साझेदारी कर डाली। रैना के लिए यह मैच बेहद खास था कि वह बड़ी पारी खेलें क्योंकि पिछले 3 मैचों में वह सिर्फ 3 रन ही बना पाए थे साथ ही लगातार 2 मैचों में 0 पर आउट होने के बाद उन पर बड़ी पारी खेलने का दबाव था। वह इसमें थोड़े कामयाब भी रहे।
पारी के 37वें ओवर में रैना ने छक्का जमाकर भारत को 200 के पार पहुंचाया तो अगले ओवर में कोहली ने छक्का जमाकर अपने करियर का 23वां शतक पूरा कर लिया। इस बीच रैना ने भी अपनी फिफ्टी पूरी की। हालांकि 53 रन पर रैना स्टेन के दूसरे शिकार बने। कोहली 138 रन बनाकर आउट हुए। लेकिन भारतीय बल्लेबाज अंतिम ओवर में ज्यादा रन नहीं बना सके जिससे टीम उम्मीद से 30 रन कम हो गई।
भारतीय गेंदबाजों ने अफ्रीकी बल्लेबाजों पर बनाया अंकुश
टीम इंडिया से मिले 300 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका टीम को क्विंटन डी कॉक (43) और हाशिम अमला (7) ने सधी शुरुआत दिलाई और 5 ओवर में टीम के लिए 36 रन जोड़ दिए। लेकिन अगले ओवर की पहली गेंद पर मोहित शर्मा ने अमला को कवर में खड़े शिखर धवन के हाथों कैच आउट कराया। अमला के जाने के बाद कॉक ने फैफ डु प्लेसिस के साथ पारी को आगे बढ़ाया और को 50 के पार ले गए।
लेकिन हरभजन सिंह ने 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर कॉक को स्लिप में रहाणे के हाथों कैच आउट करा दिया। कॉक 43 रन बनाकर आउट हुए। फिर युवा गेंदबाज अक्षर पटेल ने भारत को तीसरी सफलता दिलाते हुए प्लेसिस को 17 रन के निजी स्कोर पर चलता किया। अफ्रीकी बल्लेबाजों पर दबाव बनाते हुए भज्जी ने डेविड मिलर (6) को पगबाधा कर दिया। अफ्रीका के 4 विकेट 88 रन पर गिर गए थे।
इसके बाद कप्तान एबी डीविलियर्स और फरहान बेहदरीन (22) ने टीम को संभालने की कोशिश की और टीम को 25 ओवर में 124 तक पहुंचा दिया। भारतीय गेंदबाज ने इंदौर वनडे की तरह कसी हुई गेंदबाजी की और बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए काफी परेशान किया।
दोनों के बीच पांचवें विकेट के 56 रनों की साझेदारी हो चुकी थी और भारत को इस जोड़ी को हर हाल में तोड़ना ही था। शानदार गेंदबाजी कर रहे अमित मिश्रा कई मौकों पर विकेट से चूके लेकिन उन्होंने बेहरदीन (22) को पगबाधा कर दिया। उनके जाने के बाद कप्तान का साथ देने के लिए क्रिस मौरिस क्रीज पर आए और समझदारी के साथ खेलते हुए बढ़िया साथ दिया। इस बीच डीविलियर्स ने तेजी से खेलते हुए अर्धशतक पूरा कर लिया। लेकिन 18 गेंदों पर 9 रन बनाने के बाद मौरिस रहणे के सीधे थ्रो से रन आउट हो गए। मेहमान टीम को यह छठा झटका था।
बाद में डीविलियर्स (112) ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए करियर का 22वां शतक ठोंक दिया। वह अपनी टीम की ओर से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए है।