दिल्ली टेस्ट: तीसरे दिन का खेल खत्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली टेस्ट के तीसरे दिन दूसरी पारी में कप्तान विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे के बीच हुई अटूट शतकीय साझेदारी के दम पर टीम इंडिया ने 403 रनों की विशाल बढ़त के साथ मैच में अपना शिकंजा कस लिया है। टीम इंडिया को पहली पारी में 213 रनों की बढ़त मिली लेकिन अफ्रीकी टीम को फॉलोऑन नहीं दिया।
लाइव स्कोर कार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
खराब रोशनी के कारण समय से पहले तीसरे दिन का खेल खत्म किए जाने तक भारत ने 4 विकेट पर 190 रन बना लिए थे। उस समय कोहली (83) और रहाणे (52) खेल रहे थे और दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 133 रनों की अटूट साझेदारी हो चुकी है।
टेस्ट सीरीज में यह पहली शतकीय साझेदारी है। इससे पहले इसी मैच की पहली पारी में अश्विन के साथ रहाणे ने 98 रनों की साझेदारी की थी। पहली पारी में शतक लगाने वाले रहाणे ने दूसरी पारी में भी अर्धशतक ठोंका है। वहीं तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्कल ने 3 विकेट झटके।
इससे पहले भारत ने पहली पारी में अजिंक्य रहाणे (127) के शानदार शतक की बदौलत 334 रन बनाए थे जिसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम सिर्फ 121 पर आउट हो गई। चार मैचों की सीरीज में भारत 2-0 की अजेय बढ़त लिए हुए है।
मोर्कल के शुरुआती झटकों से सहम गई थी टीम इंडिया
रविंद्र जडेजा के 30 रन पर 5 विकेट के दम पर दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 50 ओवर के ही अंदर सिमट गई। अफ्रीकी टीम भारत के बनाए स्कोर से 213 रन पीछे थे और टीम इंडिया उन्हें फॉलोऑन के लिए मजबूर कर सकते थे लेकिन कप्तान विराट कोहली ने खुद बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। तीसरे दिन भारत की दूसरी पारी की शुरुआत करने बर्थडे ब्वॉय शिखर धवन और मुरली विजय क्रीज पर आए।
दोनों ने बेहद धीमी बल्लेबाज करते हुए पारी को आगे बढ़ाया और 5 ओवर में 4 रन ही बना पाए। हालांकि पांचवें ओवर की अंतिम गेंद पर मोर्ने मोर्कल ने मुरली विजय (3) को विकेटकीपर डेन विलास के हाथों कैच आउट करा दिया।
इसके बाद आउट ऑफ फॉर्म चल रहे रोहित शर्मा की बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करते हुए तीसरे नंबर पर भेजा गया लेकिन मोर्कल के अगले ओवर की पहली ही गेंद पर वह बोल्ड हो गए। मोर्कल ने दो ओवर में लगातार 2 गेंदों में 2 विकेट झटककर भारत को बैकफुट पर ढकेल दिया। दोहरे झटके के बाद धवन ने चेतेश्वर पुजारा के साथ तीसरे विकेट के लिए 45 रनों की साझेदारी की।
टीम के 53 रन के स्कोर पर धवन को 21 रन के निजी स्कोर पर एल्बी मोर्कल ने बोल्ड कर अपनी तीसरी सफलता हासिल की। स्कोर में अभी 4 रन और जुड़े थे कि 28 रन के निजी स्कोर पर पुजारा फिरकी गेंदबाज इमरान ताहिर का शिकार हुए।
297 गेंद खेल चुकी है कोहली और रहाणे की जोड़ी
अपने 30वें बर्थडे पर शिखर धवन (21) अपने ही साथी खिलाड़ी पर गुस्सा करते नजर आए। मामला धवन और टीम के स्थानापन्न खिलाड़ी लोकेश राहुल के बीच का है। हुआ यूं कि मैच के तीसरे दिन लंच से पहले धवन ने ड्रेसिंग रूम की तरफ इशारा करते हुए कुछ मंगवाया। लोकेश समय रहते मैदान में नहीं पहुंच सके। इससे धवन नाराज हो गए।
पहले तो धवन ने मैदान में ही ड्रेसिंग रूम की तरफ इशारा करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की, फिर जब लोकेश मैदान में उनके लिए ड्रिंक्स लेकर पहुंचे तो लोकेश को कुछ कह दिया। धवन अपने बर्थडे पर बड़ी पारी नहीं खेल और 21 रन बनाकर आउट हो गए।
57 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद संकट में दिख रही भारतीय पारी को कप्तान विराट कोहली और पिछली पारी के शतकवीर अजिंक्य रहाणे ने पांचवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर संवारा। दोनों ने आराम से खेलते हुए दिन का खेल खत्म होने तक टीम को और कोई झटका नहीं लगने दिया। दिन का खेल खत्म होने तक कोहली 154 गेंदों में 83 और रहाणे 152 गेंदों में 52 रन बनाकर खेल रहे थे। दोनों के बीच 49.5 ओवर में 133 रनों की साझेदारी हो चुकी है। वहीं भारत की बढ़त 403 रन तक पहुंच गई है।