न्यूजीलैंड इतिहास से चूका, ऑस्ट्रेलिया नया वर्ल्ड चैंपियन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लगातार 8 मैच जीतकर वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचने वाली न्यूजीलैंड जब 183 रन बनाकर आउट हो गई तो ऐसा लगा कि कीवी टीम 1983 में टीम इंडिया के बनाए इतिहास को दोहरा देगी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने ऐसी किसी भी तरह की संभावना बनाने का मौका नहीं दिया और पांचवीं बार वर्ल्ड चैंपियन बनने का गौरव हासिल कर लिया।
लाइव स्कोर कार्ड के लिए क्लिक करें
इससे पहले न्यूजीलैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया लेकिन यह फैसला टीम को रास नहीं आया। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने अपनी घरेलु पिच पर न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को ज्यादा रन नहीं बनाने दिया और पूरी टीम 45 ओवरों में 183 रनों पर ऑलआउट कर दी।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा विकेट जेम्स फॉकनर (3) और मिशेल जॉनसन (3) को मिले। मिचेल स्टॉर्क को 2 सफलता मिली जबकि ग्लेन मैक्सवेल ने एक विकेट झटका।मेलबर्न में खचाखच भरे स्टेडियम में दर्शकों को जोरदार मुकाबले की आस थी लेकिन मेजबान टीम के तेज गेंदबाजों ने शुरुआत से कहर बरपाना शुरू कर दिया जिससे पहली बार फाइनल मैच खेलने उतरी न्यूजीलैंड की पूरी टीम 45 ओवर में 183 रन बनाकर आउट हो गई। उसकी ओर से सेमीफाइनल मैच के हीरो रहे ग्रैंड एलियट ने एक बार फिर शानदार पारी खेली और सर्वाधिक 83 रन बनाए।
पांचवीं बार चैंपियन बनने के लिए मिले 184 रनों के लक्ष्य के जवाब में ऑस्ट्रेलिया की भी शुरुआत खराब रही लेकिन मध्य क्रम ने टीम को संभाल लिया और 33.1 ओवर में 3 विकेट खोकर 7 विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान माइकल क्लार्क ने सबसे ज्यादा 72 गेंदों में 74 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल जॉनसन और जेम्स फॉकनर ने 3-3 विकेट झटके। जबकि न्यूजीलैंड की ओर से तेज गेंदबाज मैट हेनरी को 2 सफलताएं मिली।
सातवीं बार फाइनल खेलने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने फाइनल में खेलने के अपने अपार अनुभव का जोरदार फायदा उठाया और कीवी टीम पर शुरू से ही दबाव बनाए रखा और पांचवीं बार वर्ल्ड चैंपियन बनने में सफल रहा। टीम कप्तान माइकल क्लार्क को भी खिताब के साथ विदाई देने में सफल रही क्योंकि उन्होंने इस मैच से पहले ही वर्ल्ड कप के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया था। इस खिताबी जीत के साथ ही क्लार्क ने वनडे मैच में जीत की फिफ्टी भी जमा दी, यानी टीम को अपनी कप्तानी में 50वीं बार जीत दिलाई।
टूर्नामेंट में टीम इंडिया लगातार 7 और न्यूजीलैंड लगातार 8 मैच जीतकर अपने अजेय रथ पर थीं जिसे कंगारुओं ने क्रमशः सेमीफाइनल और फाइनल में हराकर तोड़ दिया। वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड ने इससे पहले सभी 8 मैच जीते थे लेकिन सभी मैच उसके अपने घर में हुए और फाइनल मैच बाहर हुआ जिसमें टीम हार गई।
कंगारुओं की खिताबी जीत में स्मिथ की रिकॉर्डतोड़ अर्धशतकीय पारी
न्यूजीलैंड से मिले 184 रनों का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत भी खराब रही। ट्रेंट बोल्ट ने अपने पहले ही ओवर में एरोन फिंच (0) का विकेट लेकर अपनी टीम को शुरुआती सफलता दिलाई। पहला झटका लगने के बाद ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर ने एक छोर से तेज शुरुआत रखी तो दूसरी ओर तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए स्टीवन स्मिथ ने धीमा खेलते हुए दूसरे छोर को संभाले रखा।
कुछ देर बाद ही वार्नर रंग में आ गए और आतिशी पारी खेलते हुए न्यूजीलैंड के बॉलरों की गेंदों पर खूब रन बरसाए। लेकिन तेज खेलने के चक्कर में वह फिफ्टी से चूक गए और 45 के स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठे। मैट हेनरी की गेंद पर ग्रैंट एलियट ने उनका कैच लपका। वॉर्नर के आउट होने के बाद स्मिथ के साथ पारी को आगे बढाने के लिए कप्तान माइकल क्लार्क पहुंचे। दोनों ने धैर्य से टीम के स्कोर को आगे बढाया। कीवी गेंदबाजों को छकाते हुए दोनों ने जीत की ओर टीम का पहुंचाया। दोनों ने पहले धीमा खेल दिखाया लेकिन जल्द ही दोनों लय में आ गए।
अपना आखिरी वनडे खेल रहे ऑस्ट्रेलियाई कप्तान क्लार्क ने एक छक्का और 5 चौकों की मदद से अपने 50 रन पूरे किए। वर्ल्ड कप में अपनी फॉर्म और चोट को लेकर जूझ रहे क्लार्क ने फाइनल मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए खुद को साबित किया। वह फिल्डिंग के दौरान भी मैदान में काफी चुस्त नजर आए थे। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 112 रनों की साझेदारी रही। स्मिथ ने वर्ल्ड कप में लगातार 5 अर्धशतक लगाकर इस मैच में भी अपनी फिफ्टी पूरी की। इस अर्धशतक के साथ स्मिथ ऐसा कीर्तिमान बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। क्रीज पर आखिर तक स्मिथ (52) और शेन वॉटसन (2) नाबाद रहे।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के आगे नहीं चले कीवीज
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। मिचेल स्टॉर्क की गेंद पर कीवी कप्तान ब्रैंडन मैकुलम बिना कोई खाता खोले ही बोल्ड हो गए। कुछ देर धीमा खेलने के बाद न्यूजीलैंड को दूसरा झटका ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने दिया। मैक्सवेल ने मार्टिन गुप्टिल (15) को बोल्ड कर अपनी टीम को दूसरा सफलता दिलाई। मिचेल जॉनसन ने केन विलियम्सन (12) को आउट कर न्यूजीलैंड को तीसरा झटका दिया।
शुरुआती झटकों के बाद रॉस टेलर (40) और ग्रैंट एलियट (83) ने चौथे विकेट के लिए 111 रनों की शतकीय साझेदारी कर टीम को संभाला और लग रहा था कि इस शतकीय साझेदारी की बदौलत टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ेगी, लेकिन इसके बाद जेम्स फॉकनर ने 36वें ओवर में 3 गेंदों के अंदर टेलर और कोरी एंडरसन (0) को पवेलियन की राह दिखा दी। न्यूजीलैंड ने छठे विकेट के रूप में ल्यूक रोंची (0) का विकेट गंवाया। जॉनसन ने डैनिएल विटोरी (9) को बोल्ड कर अपनी टीम को सातवीं सफलता दिलाई।
ग्रैंट एलियट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को कुछ देर संभालने की कोशिश की, लेकिन उनकी शानदार पारी भी टीम को राहत नहीं दे पाई। 42वें ओवर में फॉकनर ने एलियट (83) को विकेट के पीछे कैच आउट न्यूजीलैंड की इकलौती आशा को भी आउट कर दिया। एलिएट शतक बनाने से चूक गए। न्यूजीलैंड ने अपना 9वां विकेट मैट हेनरी (0) के रुप में गंवाया। हेनरी को ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जॉनसन ने आउट किया। अगली गेंद पर न्यूजीलैंड ने अपना आखिरी विकेट टिम साउदी (11) के रुप में गंवा दिया।