वर्ल्ड कप के बाद कोहली की हो गई बल्ले-बल्ले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वर्ल्ड कप में भारत का प्रदर्शन औसतन रहा। सेमीफाइनल में बड़ी हार के बाद महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली टीम इंडिया टूर्नामेंट से विदा हुई। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस करो-मरो के मैच में टीम इंडिया के बल्लेबाज और गेंदबाज लगभग फ्लॉप रहे।
लेकिन इस मैच में जिस भारतीय खिलाड़ी की सबसे ज्यादा किरकिरी हुई वह हैं टीम इंडिया के यंग चेहरे विराट कोहली। विराट कोहली पूरे टूर्नामेंट में फ्लॉप रहे। सिर्फ पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ लगाई सेंचुरी ही उनकी इकलौती अच्छी पारी रही। बाकी के मैचों में वह संघर्ष करते ही नजर आए।
क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ 3 रन और सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मात्र 1 रन पर आउट होकर पवेलियन लौटने वाले कोहली को भारतीय प्रशंसकों ने सबसे ज्यादा निशाना बनाया। उन पर खेल से ज्यादा अपनी निजी जिंदगी को तव्वजो देने का आरोप भी लगा।
इन सब के बीच क्योंकि अब वर्ल्ड कप खत्म हो चुका है। ऐसे में आईसीसी ने वनडे की रैंकिंग निकाली है। जिसमें नंबर वन पर दक्षिण अफ्रीका के हरफनमौला कप्तान एबी डीविलियर्स को पहले नंबर पर रखा गया है। वहीं, कोहली अपनी पिछली रैंकिंग 4 पर बने हुए है।
टॉप 10 में टीम इंडिया के दो और खिलाड़ी
आईसीसी की वनडे की ताजा रैंकिंग के अनुसार कोहली ने वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद अपनी रैंकिंग 4 कायम रखी है। वर्ल्ड कप में लगातार चार सेंचुरी लगाने वाले श्रीलंकाई विकेटकीपर कुमार संगकारा दूसरे नंबर पर है। तीसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के ही हाशिम अमला पहुंचे है।
टॉप 10 बल्लेबाजों में टीम इंडिया के 'गब्बर' शिखर धवन छठे नंबर पर और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 8वें नंबर है। वर्ल्ड कप में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से विपक्षी गेंदबाजों को धूल चटाने वाले ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल 9वें नंबर पर पहुंच गए है। उनके बाद दूसरे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जॉर्ज बैली दसवें नंबर पर है। बैली को वर्ल्ड कप में खेलने का मौका नहीं मिल पाया था।
टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा अपनी रैंकिंग से पिछड़कर 13वें नंबर पर पहुंच गए है। 12वें नंबर पर पाक के पूर्व कप्तान मिसबाह उल हक है। जबकि वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज रहे स्टीवन स्मिथ 14वें नंबर पर पहुंच गए है।
भारतीय गेंदबाजों को मिली निराशा
वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय गेंदबाजों को आईसीसी की वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में निराशा मिली है। टॉप 10 में कोई भी भारतीय गेंदबाज अपना स्थान बनाने में कामयाब नहीं हो पाया है। गौरतलब है कि वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में सेमीफाइनल मैच को छोड़कर भारतीय गेंदबाजों ने 7 मैचों में विपक्षी टीम के 70 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई थी।
वहीं, ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टॉर्क अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग के साथ पहले नंबर पर पहुंच गए है। वर्ल्ड कप के मैन ऑफ द टूर्नामेंट रहे स्टॉर्क का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में बेहद खास रहा। कई बार टीम की नैय्या पार लगाने वाले स्टॉर्क ने टूर्नामेंट में 22 विकेट लिए।
आईसीसी रैकिंग के हिसाब से टीम इंडिया की ओर से सबसे सफल गेंदबाज मोहम्मद शमी 11वें नंबर पर है। आर अश्विन को 14वां स्थान मिला है। जबकि उमेश यादव और भुवनेश्वर कुमार को क्रमशः 19वें और 20वें स्थान पर संतोष करना पड़ा है।
वहीं, वर्ल्ड कप से पहले पहले नंबर पर काबिज पाकिस्तानी फिरकी गेंदबाज सईद अजमल तीसरे नंबर पर खिसक गए है। दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के फिरकी गेंदबाज इमरान ताहिर है।