घरेलू मैदान में जीत का दबाव होगा दिल्ली के डेयरडेविल्स पर
11 हार का सिलसिला टूटने के साथ ही दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम एकदम बदली हुई नजर आ रही है। इसी बदले अंदाज और तेवरों के साथ सोमवार को घरेलू मैदान पर उसका सामना होगा मौजूदा चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स से, जो इस समय बेहतरीन लय में है। लगातार दो जीत के साथ आत्मविश्वास से लबरेज दिल्ली के डेयरडेविल्स कोलकाता के खिलाफ जीत की हैट्रिक बनाने के इरादे से उतरेगी।
पहले दो मैचों में चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल्स के हाथों करीबी मुकाबलों में शिकस्त के बाद दिल्ली की टीम ने पिछले दो मैचों में किंग्स इलेवन पंजाब और सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर जोरदार वापसी की है। आईपीएल के पिछले टूर्नामेंट में अंतिम स्थान पर रही डेयरडेविल्स के लिए हालांकि कोटला का घरेलू मैदान भाग्यशाली नहीं रहा है।
टीम ने अपने घरेलू मैदान पर अंतिम जीत दो साल पहले 21 अप्रैल 2013 को मुंबई इंडियंस के खिलाफ हासिल की थी। इसके बाद से उसने यहां लगातार आठ मैच गंवाए हैं।
कोलकाता की टीम भी कुछ कम नहीं
एक ओर दिल्ली दो जीत के बाद उत्साह से लबरेज है तो दूसरी तरफ कोलकाता की टीम बेहतर स्थिति में दिख रही है। टीम की गेंदबाजी हालांकि चिंता का सबब है क्योंकि अब तक प्रत्येक मैच में विरोधी टीमें उसके खिलाफ अच्छा स्कोर खड़ा करने में सफल रही हैं।
बल्लेबाजी हालांकि टीम का मजबूत पक्ष है। दिल्ली की टीम को अपने दो अहम तेज गेंदबाजों जहीर खान और मोहम्मद शमी की चोटों का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। शमी तो टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। स्पिनरों ने कुछ हद तक इसकी भरपाई करने की कोशिश की है लेकिन टीम को आगामी मैचों में तेज गेंदबाजों से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।