फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   IPL 2026 GT vs RR Qualifier 2 Result: Gujarat vs Rajasthan Highlights Analysis and Points Table Update

RR vs GT: सूर्यवंशी की पारी पर भारी पड़ी गिल-सुदर्शन की साझेदारी, खिताब से एक कदम दूर गुजरात; राजस्थान बाहर

Fri, 29 May 2026 11:28 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुल्लांपुर
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुल्लांपुर Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Fri, 29 May 2026 11:28 PM IST
सार

गुजरात टाइटंस ने क्वालिफायर-2 में दमदार प्रदर्शन किया। गुजरात ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर आईपीएल 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। अब उसका सामना खिताबी मुकाबले में आरसीबी से 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।

विज्ञापन
IPL 2026 GT vs RR Qualifier 2 Result: Gujarat vs Rajasthan Highlights Analysis and Points Table Update
गुजरात टाइटंस - फोटो : IPL

विस्तार

कप्तान शुभमन गिल की कप्तानी पारी और साई सुदर्शन के साथ पहले विकेट के लिए की गई साझेदारी के दम पर गुजरात टाइटंस ने क्वालिफायर-2 मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से हराया। गुजरात ने इसके साथ ही आईपीएल 2026 के फाइनल में जगह पक्की कर ली है। राजस्थान ने वैभव सूर्यवंशी की शानदार पारी के दम पर 20 ओवर में छह विकेट पर 214 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 18.4 ओवर में तीन विकेट पर 219 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। राजस्थान का सफर इस तरह क्वालिफायर-2 में ही थम गया।
विज्ञापन

खिताब के लिए आरसीबी से मुकाबला
गुजरात टाइटंस ने इस तरह तीसरी बार आईपीएल के फाइनल में प्रवेश कर लिया। इससे पहले टीम ने साल 2022 (विजेता) और 2023 (उपविजेता) में खिताबी मुकाबला खेला था। अब गुजरात का सामना 31 मई यानी रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। इस मैच में आरसीबी जहां खिताब का बचाव करने उतरेगी। वहीं, गुजरात दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम करना चाहेगी। गुजरात के लिए सुदर्शन-गिल के अलावा वाशिंगटन सुंदर ने 16 रन बनाए, जबकि राहुल तेवतिया नाबाद 17 और जोस बटलर नौ रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा को एक-एक विकेट मिले।
विज्ञापन
विज्ञापन

गिल-सुदर्शन के बीच आईपीएल प्लेऑफ की सबसे बड़ी साझेदारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस को कप्तान गिल और साई सुदर्शन ने मजबूत शुरुआत दिलाई। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 167 रनों की साझेदारी की। यह आईपीएल के प्लेऑफ में किसी भी विकेट के लिए की गई सबसे बड़ी साझेदारी है। गिल और सुदर्शन ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के माइकल हसी और मुरली विजय के 15 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा। हसी और विजय ने 2011 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ फाइनल में 159 रनों की साझेदारी की थी जो आईपीएल के प्लेऑफ में की गई सबसे बड़ी साझेदारी थी, लेकिन गिल-सुदर्शन की जोड़ी ने इसे तोड़ दिया। इतना ही नहीं, गिल-सुदर्शन के बीच 11वीं बार शतकीय साझेदारी हुई जो पुरुष टी20 में किसी भी विकेट के लिए सर्वाधिक बार की गई साझेदारी है। इस जोड़ी ने क्रिस गेल और विराट कोहली, बाबर आजम-मोहम्मद रिजवान और एबी डिविलियर्स-कोहली को पीछे छोड़ा जिन्होंने 10-10 बार शतकीय साझेदारी निभाई है। 
विज्ञापन

सुदर्शन लगातार दूसरी बार हुए हिट विकेट
साई सुदर्शन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन वह इस मैच में भी हिट विकेट होकर पवेलियन लौटे। इससे पहले, वह आरसीबी के खिलाफ क्वालिफायर-1 मैच में भी हिट विकेट हुए थे। दोनों ही मौकों पर सुदर्शन ने शॉट खेला और गेंद बाउंड्री के पार गई, लेकिन उनका बल्ला विकेट में जा लगा जिससे वह आउट हो गए। सुदर्शन 32 गेंदों पर आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 58 रन बनाए। सुदर्शन ने मौजूदा आईपीएल सीजन में नौवीं बार 50+ स्कोर बनाया। उन्होंने इस सीजन में 700 रन भी पूरे किए। वह चौथे ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने आईपीएल के दो सीजन में 700+ रन बनाए हैं। सुदर्शन ने 2025 में भी 700 से अधिक रन बनाए थे। इससे पहले, क्रिस गेल (2012, 2013), विराट कोहली (2016, 2024) और शुभमन गिल (2023, 2026) में ऐसा कर चुके हैं। 

गिल का आईपीएल में पांचवां शतक
गिल ने इस मैच में कप्तानी पारी खेली और वह शतक लगाने में सफल रहे। गिल ने 47 गेंदों पर अपने आईपीएल करियर का पांचवां शतक पूरा किया। गिल आईपीएल में सर्वाधिक शतक लगाने वाले छठे बल्लेबाज बन गए हैं। इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है जिन्होंने नौ शतक लगाए हैं। कप्तान के तौर पर गिल का यह दूसरा सैकड़ा था और वह तीसरे बल्लेबाज हैं जिन्होंने कप्तान के तौर पर सर्वाधिक शतक लगाए हैं। कोहली ने कप्तान के तौर पर पांच और केएल राहुल ने तीन शतक लगाए हैं। शतक लगाने के बाद हालांकि, गिल ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और 53 गेंदों पर 15 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 104 रन बनाकर आउट हुए। 

राजस्थान की खराब शुरुआत
इससे पहले, राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। राजस्थान के लिए यशस्वी जायसवाल के साथ सूर्यवंशी पारी का आगाज करने उतरे। हालांकि, राजस्थान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने पहले ही ओवर में यशस्वी जायसवाल का विकेट गंवाया। मोहम्मद सिराज ने यशस्वी को अपना शिकार बनाया जो एक रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कगिसो रबाडा ने ध्रुव जुरेल को आउट किया जो सात रन ही बना सके। राजस्थान ने इस तरह पावरप्ले में ही दो विकेट गंवा दिए। 

IPL 2026 GT vs RR Qualifier 2 Result: Gujarat vs Rajasthan Highlights Analysis and Points Table Update
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : IPL
जडेजा-वैभव की साझेदारी
शुरुआती झटके लगने के बाद राजस्थान ने रणनीति बदली और कप्तान रियान की जगह रवींद्र जडेजा बल्लेबाजी के लिए उतरे। जडेजा जहां आक्रामक होकर बल्लेबाजी कर रहे थे तो वहीं, सूर्यवंशी ने दूसरे छोर से उनका साथ निभाया। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई, लेकिन तभी जडेजा रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए। फिर रियान उतरे, लेकिन जेसन होल्डर ने रियान को अपना शिकार बनाया जो 11 रन ही बना सके। इसके बाद होल्डर ने दासुन शनाका (3) और प्रसिद्ध कृष्णा ने जोफ्रा आर्चर (7) को आउट किया। पांच विकेट गिरने के बाद जडेजा एक बार फिर बल्लेबाजी के लिए उतरे। वैभव और जडेजा ने धुआंधार बल्लेबाजी की, लेकिन कगिसो रबाडा ने सूर्यवंशी को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। सूर्यवंशी और जडेजा के बीच 65 गेंदों पर 127 रनों की साझेदारी हुई। 

IPL 2026 GT vs RR Qualifier 2 Result: Gujarat vs Rajasthan Highlights Analysis and Points Table Update
वैभव सूर्यवंशी - फोटो : PTI
तीसरी बार शतक से चूके वैभव
वैभव ने एक छोर से पारी को संभाले रखा और एलिमिनेटर के बाद इस मैच में भी दमदार प्रदर्शन किया। हालांकि, वह लगातार दूसरे मैच में शतक लगाने से चूक गए और 47 गेंदों पर आठ चौकों और सात छक्कों की मदद से 96 रन बनाकर आउट हुए। वैभव इस सीजन में तीसरी बार नवर्स 90 का शिकार हुए और शतक लगाने से चूक गए। वैभव सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में 97 रन बनाकर आउट हुए थे और अब इस मैच में भी वह शतक लगाने से चार रन दूर रह गए। वैभव उन बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं जो एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा बार शतक से चूके हैं। वैभव से पहले 2014 में ग्लेन मैक्सवेल भी तीन बार शतक लगाने से चूके थे। 

फरेरा की विस्फोटक बल्लेबाजी
वैभव और जडेजा के अलावा राजस्थान के लिए डोनोवान फरेरा ने अंत में विस्फोटक बल्लेबाजी की। फरेरा ने 11 गेंदों पर दो चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 38 रन बनाए जिससे टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचा। फरेरा ने 20वां ओवर डालने आए राशिद खान के ओवर से 27 रन जुटाए। यह आईपीएल प्लेऑफ में किसी स्पिनर का संयुक्त रूप से सबसे महंगा ओवर रहा। इससे पहले लखनऊ सुपर जाएंट्स के रवि बिश्नोई ने 2022 में आरसीबी के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में इतने ही रन लुटाए थे। फरेरा के अलावा जडेजा 35 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाकर नाबाद रहे। गुजरात के लिए कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को एक-एक विकेट मिला। 
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed