फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   IPL 2025: 'We did not play well as a team', captain Rahane explained why KKR was out of the playoff race

IPL 2025: 'एक टीम के रूप में हम अच्छा नहीं खेले', कप्तान रहाणे ने बताया प्लेऑफ की दौड़ से क्यों बाहर हुई KKR

Mon, 26 May 2025 01:31 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता Published by: स्वप्निल शशांक Updated Mon, 26 May 2025 01:31 PM IST
सार

रहाणे ने हालांकि उम्मीद जताई कि उनके खिलाड़ी इस साल हुए मुकाबलों से सबक लेंगे और टीम अगले साल और मजबूत बनकर लौटेगी।

विज्ञापन
IPL 2025: 'We did not play well as a team', captain Rahane explained why KKR was out of the playoff race
वेंकटेश और रहाणे - फोटो : IPL/BCCI

विस्तार

कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने आईपीएल में रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बड़ी हार के साथ अपने अभियान का अंत करने के बाद कहा कि उनकी गत चैंपियन टीम मौजूदा सत्र में एक इकाई के रूप में अच्छा खेलने में नाकाम रही। प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी इन दो टीम के बीच हुए मुकाबले को 110 रन से जीतकर गत उप विजेता सनराइजर्स की टीम 14 मैच में 13 अंक के साथ छठे स्थान पर पहुंच गई। नाइट राइडर्स की टीम 14 मैच में 12 अंक के साथ आठवें स्थान पर है।
विज्ञापन

रहाणे ने मैच के बाद कहा, 'मुझे लगता है कि मौजूदा सत्र हमारे लिए उतार-चढ़ाव भरा रहा। हमारे पास मौके थे और मैंने पहले भी कहा था कि उन मुकाबलों के दौरान एक इकाई के रूप में हम अच्छा नहीं खेले। यह प्रारूप ऐसा ही है, आप जानते हैं। यदि आप करीबी मैच जीतते हैं तो वे अंतर पैदा करते हैं। किंग्स इलेवन पंजाब का मैच, लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मैच और चेन्नई सुपरकिंग्स का मैच, मुझे लगता कि वे दो-तीन मैच थोड़े अलग हो सकते थे।'
विज्ञापन
विज्ञापन

सुपर जाएंट्स के खिलाफ नाइट राइडर्स को चार रन से हार का सामना करना पड़ा, जबकि सुपरकिंग्स ने एक मैच में इस टीम को दो विकेट से हराया। पंजाब किंग्स के खिलाफ एक मैच में नाइट राइडर्स की टीम 112 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 95 रन पर सिमट गई, जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। रहाणे ने हालांकि उम्मीद जताई कि उनके खिलाड़ी इस साल हुए मुकाबलों से सबक लेंगे और टीम अगले साल और मजबूत बनकर लौटेगी।
विज्ञापन

नाइट राइडर्स के कप्तान ने कहा, 'एक कप्तान के रूप में मैंने जो देखा, जो मैंने महसूस किया, तैयारी के लिहाज से सभी ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया। जब आप चैंपियनशिप जीतते हैं तो यह आसान नहीं होता है। अगले सत्र में खिताब का बचाव करना, यह इतना आसान नहीं है। सभी टीमों की तैयारी काफी अच्छी रही। सभी टीमें बेहद शानदार हैं। एक टीम के रूप में हमने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया। मैं यही कह सकता हूं कि हम अगले साल और मजबूत होकर वापस आएंगे।'

रहाणे ने कहा कि उनके गेंदबाजों ने पूरे सत्र में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन बल्लेबाजी उनकी टीम का कमजोर पक्ष रही। रहाणे ने कहा, 'हमारे गेंदबाजों के लिए मिला-जुला सत्र रहा। अगर आप हर्षित (राणा) को देखें तो वह वाकई बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। उसने टीम, फ्रेंचाइजी के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। भारतीय टीम में गया तो वहां भी अच्छा प्रदर्शन किया। कभी-कभी किसी खिलाड़ी के लिए यह काफी चुनौतीपूर्ण होता है जो शीर्ष स्तर पर कड़े मुकाबले खेला हो और तुरंत बाद यहां आकर अच्छा प्रदर्शन करे। यह कोई बहाना नहीं है लेकिन एक खिलाड़ी के तौर पर यह हमारे लिए एक चुनौती थी।'

उन्होंने कहा, 'वरुण (चक्रवर्ती) ने चैंपियंस ट्रॉफी में फिर से अच्छा प्रदर्शन किया, आप जानते हैं कि बेहद कड़ा टूर्नामेंट। कभी-कभी यह आपके शरीर और दिमाग पर भी भारी पड़ता है। मुझे लगता है कि गेंदबाजी में हमने अच्छा प्रदर्शन किया। विकेट बल्लेबाजों के लिए काफी अच्छे थे। इसलिए आपने उन विकेटों पर 200 से अधिक के स्कोर बनते देखे। लेकिन मुझे लगा कि पूरे सत्र में गेंदबाजी करते हुए एक इकाई के तौर पर हमने वाकई अच्छा प्रदर्शन किया।'

रहाणे ने टीम की बल्लेबाजी के संदर्भ में कहा, 'हम जहां थोड़े कमजोर रहे, वह थी बल्लेबाजी। एक बल्लेबाजी इकाई के तौर पर सामूहिक रूप से हम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। आप खुद पर दबाव डालते हैं और मुझे लगता है कि अधिकांश बल्लेबाजों को यह साबित करना था कि मैं कितना अच्छा हूं और यह पूरी तरह से स्वाभाविक है। मुझे यकीन है कि हमारे खिलाड़ी गलतियों से सीखेंगे। एक टीम के तौर पर इस सत्र से बहुत कुछ सीखने को मिला। किसी एक को नहीं बल्कि सभी को।'

रहाणे ने कहा कि दुर्भाग्य से उनके कुछ बल्लेबाज खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं जिसका टीम को खामियाजा भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा, 'दुर्भाग्य से हमारे लिए दो, तीन खिलाड़ी उस खराब दौर से गुजर रहे थे और यही कारण था कि हम बल्लेबाजी इकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके लेकिन वे इस स्थिति को संभालने के लिए काफी अनुभवी हैं। मुझे यकीन है कि वे अगले साल और मजबूत होकर वापसी करेंगे।'

रहाणे ने कहा, 'मुझे यकीन है कि रिंकू (सिंह), रमन (रमनदीप सिंह), सभी खिलाड़ी गलतियों से सीखेंगे और मजबूत होकर वापसी करेंगे।' रहाणे ने कहा कि उन्हें पारी का आगाज करना पसंद है लेकिन पिछले सत्र में क्विंटन डिकॉक और सुनील नारायण की सलामी जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया और टीम इस जोड़ी को तोड़ना नहीं चाहती थी। साथ ही तीसरे और चौथे नंबर पर उन्होंने और अंगकृष रघुवंशी स्थिति के अनुसार ढलने में सफल रहे।

वेंकटेश अय्यर को टीम ने 23 करोड़ 75 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा लेकिन वह बुरी तरह फ्लॉप रहे। रहाणे ने हालांकि इस ऑलराउंडर का बचाव किया। रहाणे ने कहा, 'यह हमेशा टीम के बारे में होता है। टीम को क्या चाहिए और टीम आपसे क्या चाहती है और आप किस संयोजन पर विचार कर रहे हैं। अगर किसी खिलाड़ी को 20 करोड़ से ज़्यादा मिलते हैं या अगर किसी खिलाड़ी को एक या दो करोड़ या तीन या चार करोड़ मिलते हैं तो मैदान पर आपका रवैया नहीं बदलता।'

उन्होंने कहा, 'यही मायने रखता है। एक खिलाड़ी के तौर पर आप सिर्फ उन चीजों पर ध्यान केंद्रित करते हैं जिन्हें आप नियंत्रित कर सकते हैं। मुझे लगा कि वेंकटेश अय्यर वास्तव में उन चीजों पर ध्यान केंद्रित कर रहे थे जिन्हें आप नियंत्रित कर सकते हैं।' रहाणे ने कहा, 'वह कड़ी मेहनत कर रहे थे, अपना सर्वश्रेष्ठ करने की कोशिश कर रहे थे। यहां तक कि मैचों के दौरान भी, चोटिल होने से पहले उन्होंने जो भी मैच खेले थे। मुझे लगा कि उन्होंने वाकई अच्छा प्रदर्शन किया। यह सिर्फ इतना है कि एक टीम के तौर पर हमारे तीन-चार खिलाड़ी फॉर्म में नहीं थे।'
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed