IPL 2019: दिल्ली ने कोलकाता को 7 विकेट से हराया, धवन ने बनाए नाबाद 97 रन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिखर धवन (97*) की शानदार शतकीय पारी की बदौलत दिल्ली ने शुक्रवार को इंडियन टी-20 लीग के 26वें मुकाबले में कोलकाता को 7 विकेट से हराकर सीजन की चौथी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही दिल्ली अंकतालिका में 8 अंकों के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि कोलकाता को लगातार दो हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, वह हार के साथ भी 8 अंकों के साथ अंकतालिका में दूसरे स्थान पर मौजूद है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने 3 विकेट खोकर 7 गेंदें शेष रहते ही यह मैच अपने नाम कर लिया। दिल्ली की तरफ से धवन के साथ ऋषभ पंत ने 46 रन की शानदार पारी खेली। धवन ने 63 गेंदों में 11 चौके और 2 छक्के की मदद से 97 रन की बेहतरीन पारी खेली। 3 रन के चलते वह शतक से चूके गए। शानदार पारी खेलने के लिए धवन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम को पहला झटका सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के रूप में लगा। प्रसिद्ध कृष्णा ने तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर शॉ (14) को विकेटकीपर कार्तिक के हाथों कैच आउट कराया। पहले विकेट के लिए शॉ ने धवन के साथ 32 रन की साझेदारी की।
पृथ्वी शॉ के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान श्रेयस अय्यर (6) भी ज्यादा देर तक पिच पर नहीं टिक पाए। 5.4 ओवर में आंद्रे रसेल ने अय्यर को विकेट के पीछे कार्तिक के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। यहां से धवन ने पंत के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और स्कोर को 160 के पार पहुंचाया। मगर 17.1 ओवर में नीतीश राणा ने पंत को कुलदीप यादव के हाथों कैच आुट कराकर डगआउट भेजा। पंत ने 31 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 46 रन की शानदार पारी खेली। पंत ने तीसरे विकेट के लिए धवन के साथ 105 रन की शानदार शतकीय साझेदारी की।
इससे पहले युवा बल्लेबाज शुभमन गिल (65) और स्टार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल (45) की शानदार पारियों की बदौलत कोलकाता ने इंडियन टी-20 लीग के 26वें मैच में दिल्ली के सामने जीत के लिए 179 रन का लक्ष्य रखा है।
कोलकाता की पारी
बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम कोलकाता की शुरुआत निराशाजनक रही। दिल्ली के तेज गेंदबाजी इशांत शर्मा ने पहले ओवर की पहली गेंद पर सलामी बल्लेबाज जो डेनली को गोल्डन डक का शिकार बनाया। डेनली के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए विकेटकीपर बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा (28) ने शुभमन गिल के साथ मिलकर पारी को संभाला। मगर 9वें ओवर की चौथी गेंद पर रबाडा ने उथप्पा को ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। दूसरे विकेट के लिए दोनों बल्लेबाजों के बीच 63 रनों की साझेदारी हुई।
इसके बाद क्रिस मॉरिस ने 12.4 ओवर में क्रिस मॉरिस ने नीतीश राणा को (11) को आउट कर कोलकाता को तीसरा झटका दिया। राणा के आउट होने के कुछ ही देर बाद कोलकाता का एक और विकेट युवा बल्लेबाज शुभमन गिल के रूप में गिरा। कीमो पॉल ने गिल को अक्षर पटेल के हाथों कैच आउट कराया। शुभमन गिल ने 39 गेंदों में 7 चौके और 2 छक्के की मदद से 65 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। 15.1 ओवर में कागिसो रबाडा ने कप्तान दिनेश कार्तिक (2) को धवन के हाथों कैच आउट कराकर डगआउट भेजा।
इसके बाद मॉरिस ने रसेल को रबाडा के हाथों कैच आउट कराया। रसेल ने 21 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्के की मदद से 45 रन की धुआंधार पारी खेली। वहीं, ब्रेथवेट के रूप में कोलकाता को सातवां झटका लगा। ब्रेथवेट को कीमो पॉल को अपना शिकार बनाया।
इससे पहले दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर ने मेजबान टीम कोलकाता के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में कोलकाता ने तीन बदलाव किया है। कप्तान दिनेश कार्तिक ने लॉकी फग्यूर्सन, जो डेनली और कार्लोस ब्रेथवेट को टीम में शामिल किया है, जबकि सुनील नरेन, क्रिस लिन और हैरी गर्ने को बाहर बैठना पड़ा है। वहीं, दिल्ली ने अपनी टीम में एक बदलाव करते हुए संदीप लामीछाने की जगह कीमो पॉल को जगह दी है।
दोनों टीमें इस प्रकार हैंः
कोलकाता : जो डेनली, रॉबिन उथप्पा, कालोर्स ब्रैथवेट, शुभमन गिल, नीतीश राणा, दिनेश कार्तिक (कप्तान और विकेटकीपर), आंद्रे रसेल, कुलदीप यादव, पीयूष चावला, लॉकी फग्यूर्सन और प्रसिद्ध कृष्णा।
दिल्ली : पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), कॉलिन इनग्राम, क्रिस मॉरिस, अक्षर पटेल, कीमो पॉल, राहुल तेवतिया, कागिसो रबाडा और इशांत शर्मा।