फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   india vs west indies 1st t20i live match updates at kolkata

INDvWI: कुलदीप-कार्तिक ने दिलाई विश्व चैंपियन पर जीत, पहले टी-20 में 5 विकेट से रौंदा

Mon, 05 Nov 2018 05:23 AM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला Updated Mon, 05 Nov 2018 05:23 AM IST
विज्ञापन
india vs west indies 1st t20i live match updates at kolkata
team india

भारत के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी विंडीज के खिलाफ घरेलू टी-20 सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक के पास अपनी उपयोगिता साबित करने का मौका है। ऋषभ पंत तो पहले मुकाबले में नहीं चल सके लेकिन दिनेश कार्तिक (31*) भूमिका में खरे उतरे। 

विज्ञापन


भारत ने इस प्रारूप की मौजूदा विश्व चैंपियन को पहले मैच में 13 गेंद शेष रहते पांच विकेट से पराजित किया। भारत ने पिछले चार मैचों से विंडीज न जीत पाने का अपना सिलसिला भी तोड़ दिया। वर्ष 2014 के बाद भारत की टी-20 में वेस्टइंडीज पर पहली जीत है। 
विज्ञापन


ओस से प्रभावित रहने वाले ईडन गार्डन में भारतीय कार्यवाहक कप्तान रोहित ने पहले गेंदबाजी चुनी थी। फैसला सही साबित हुआ। स्पिनर कुलदीप यादव (3/13) की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से विंडीज आठ विकेट 109 रन ही बना सकी। मेजबान टीम ने 17.5 ओवरों में पांच विकेट पर 110 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। दूसरा मुकाबला छह नवंबर को लखनऊ में खेला जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

  
ऐसा लग रहा था कि टेस्ट और वनडे सीरीज जीतने वाली भारतीय टीम पहले टी-20 में 110 के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लेगी लेकिन 147 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले विंडीज के युवा पेसर ओशने थामस (2/21) ने रोहित (06) को विकेट के पीछे कैच कराया और शिखर धवन (03) को तो मिडिल स्टंप ही उखाड़ दिया था।

कप्तान कार्लोस ब्रेथवेट (2/11) के शुरुआती स्पैल में लोकेश राहुल (16) और ऋषभ पंत (01) के भी पवेलियन लौटने ने मेजबान टीम की राह एकबारगी मुश्किल कर दी थी। स्कोर बोर्ड पर महज 45 रन टंगे थे और चार बल्लेबाज आउट  हो चुके थे। 

आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए खेलने वाले दिनेश कार्तिक और मनीष पांडे (19) ने पांचवें विकेट पर संभलकर खेलते हुए उपयोगी 38 रन जोड़े। युवा स्पिनर खारी पिएरे ने मनीष को अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। उसके बाद दिनेश कार्तिक ने नवप्रवेशी क्रुणाल पांड्या (नाबाद 21) के साथ जीत सुनिश्चित की। 

नौवें ओवर में आए कुलदीप यादव ने डैरेन ब्रावो (04) , रोवमैन पॉवेल (05) और मेहमान कप्तान कार्लोस ब्रेथवेट (04) के विकेट लिए। टी-20 सीरीज के लिए विंडीज टीम में शामिल होने वाले किरोन पोलार्ड (14) क्रुणाल के अंतरराष्ट्रीय टी-20 प्रारूप में पहले शिकार बने। चोटिल चल रहे ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के भाई क्रुणाल इससे पहले आईपीएल में अपनी क्षमता दिखा चुके हैं।

कोलकाता में उन्होंने अपने चार ओवरों में केवल 15 रन दिए और किफायती गेंदबाजी करते हुए अपनी 16 गेंदों पर कोई रन नहीं दिया। इस मैच में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद को भी टी-20 पदार्पण का मौका मिला। फैबियन एलेन (27) उनके पहले शिकार बने जिन्हें उमेश यादव के हाथों कैच आउट कराया। 

तेज गेंदबाज उमेश यादव (1/36) ने दूसरे ओवर में ओपनर दिनेश रामदीन (02) को विकेट के पीछे कैच करा दिया था। चौथे ओवर में वनडे सीरीज में विंडीज के प्रमुख बल्लेबाज शाई होप (14) रनआउट हो गए जबकि फॉर्म में चल रहे अन्य बल्लेबाज हेटमेयर (10) को बुमराह ने विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच करा दिया।

पहले ही मैच में छाए ऑलराउंडर क्रुणाल 

टीम इंडिया के लिए अपना पहला टी-20 मैच खेल रहे ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या ने पहले ही मैच में छाप छोड़ दी। चोटिल होने के चलते बाहर चल रहे ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के भाई क्रुणाल ने अपने चार ओवरों में 15 रन देकर एक विकेट लिया और उसके बाद नौ गेंदों पर नाबाद 21 रन की पारी खेली। विजयी रन भी उनके बल्ले से निकला।

क्रुणाल ने अपने चार ओवरों में 16 गेंदों पर कोई रन नहीं दिया था। उनकी किफायती गेंदबाजी देखकर कप्तान रोहित ने उनसे चार ओवर लगातार फिंकवाए। पहले ओवर में पोलार्ड ने उन पर छक्का मारा था। इस ओवर में बाएं हाथ के स्पिनर ने दस रन दिए लेकिन अगले तीन ओवरों में केवल पांच रन ही खर्च किए। बाद में मुंबई इंडियंस के उनके साथी पोलार्ड ही उनका पहला शिकार बने। 

कुलदीप के टी-20 में सौ विकेट पूरे 

टीम इंडिया के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने सीरीज के पहले मुकाबले में ओवरऑल टी-20 प्रारूप में अपने सौ विकेट भी पूरे कर लिए। विंडीज के शुरुआती पांच में से तीन विकेट कुलदीप यादव ने ही लिए थे। टी-20 में पांच विकेट लेने का करिश्मा भी कर चुके कुलदीप ने ब्रावो, पॉवेल और ब्रेथवेट को अपना शिकार बनाया। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विकेटों का शतक पूरा कर चुके हैं। शानदार फॉर्म में चल रहे कानपुर के रहने वाले इस स्पिनर ने इस साल वनडे में भी 45 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है। वनडे में विकेट लेने के मामले में वह अफगानिस्तान के राशिद खान (48) के बाद दूसरे नंबर पर हैं।   

अंतिम क्षणों में भुवी की जगह उमेश शामिल  

भारतीय टीम ने एक दिन पहले अपनी 12 सदस्यीय टीम घोषित कर दी थी और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल की जगह बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को प्रमुखता दी। इस मैच में भारतीय टीम को अंतिम क्षणों में भुवनेश्वर की जगह उमेश यादव को शामिल किया। बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत मामूली तौर पर खराब थी लेकिन लखनऊ में होने वाले दूसरे टी-20 में उनके पूरी तरह फिट होने की पूरी उम्मीद है। 
 

ब्रावो की लंबे समय बाद वापसी 

विंडीज की टीम ने भी इस मुकाबले में तीन नए खिलाड़ियों ओशने थामस, ऑलराउंडर खारी पिएरे और बल्लेबाजी ऑलराउंडर फैबियन एलेन को शामिल किया। विंडीज की ओर से एलेन ने ही सर्वाधिक 27 रन की पारी खेली। टीम में डैरेन ब्रावो की वापसी हुई जो 2014 के बाद पहला टी-20 और नवंबर 2016 के बाद अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने उतरे। शाई होप पहले टी-20 टीम का हिस्सा नहीं थे लेकिन आंद्रे रसेल के चोटिल होने पर उन्हें शामिल किया गया।  

टीमें इस प्रकार हैं:

टीम इंडिया: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, लोकेश राहुल, ऋषभ पंत, मनीष पांडे, दिनेश कार्तिक, क्रुणाल पांड्या, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, खलील अहमद, उमेश यादव।

वेस्टइंडीज: कार्लोस ब्रेथवेट (कप्तान), फैबियन एलेन, डेरेन ब्रावो, शिमरोन हेटमेयर, कीमो पॉल, खारी पियरे, कीरोन पोलार्ड, रोवमैन पॉवेल, दिनेश रामदीन, ओशाने थॉमस, शाई होप।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed