IND vs SL: श्रीलंका को चुनौती देने के लिए टीम इंडिया कर रही जमकर तैयारी, देखें VIDEO
भारत और श्रीलंका के बीच एकदिवसीय सीरीज शुरू होने में कुछ दिन बाकी हैं। ऐसे में शिखर धवन की कप्तानी वाली टीम इंडिया मेजबानों को कड़ी चुनौती देने के लिए जमकर तैयारी कर रही है। दोनों देशों के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 18 जुलाई को कोलंबो में खेला जाएगा।
विस्तार
शिखर धवन की अगुवाई में श्रीलंका दौरे पर पहुंची टीम इंडिया सीरीज जीतने के लिए अपनी तैयारी में कई कसर बाकी रखना चाहती नहीं चाहती। भारतीय टीम इन दिनों कोच राहुल द्रविड़ की देखरेख में कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में जमकर अभ्यास कर रही है। दोनों देशों के बीच खेली जाने वाली तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज 18 जुलाई से शुरू होगी।
इस दौरे पर भारतीय टीम तीन वनडे और तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेलेगी। जिसका शेड्यूल पिछले सप्ताह जारी किया गया था। पहले यह सीरीज 13 जुलाई से शुरू होनी थी लेकिन इंग्लैंड से वापस लौटी श्रीलंका टीम के कोच सहित कुछ स्टाफ के सदस्य कोरोना संक्रमित हो गए। जिसके बाद श्रृंखला के कार्यक्रम में बदलाव किया गया।
भारतीय खिलाड़ी एकदिवसीय सीरीज में श्रीलंका को मात देने के लिए किस तरह तैयारी कर रहे हैं उसका वीडियो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है। इस वीडियो में कुछ बल्लेबाजों को बैटिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं जबकि कुछ खिलाड़ी मैदान पर नजर आ रहे हैं। बीसीसीआई ने ट्वीट कर लिखा, तैयारी और एकदम सही तैयारी, बल्लेबाजी, गेंदबाजी फील्डिंग। भारतीय टीम श्रीलंका को चुनौती देने के लिए तैयार।
Prep & More Prep 🤜🤛
— BCCI (@BCCI) July 12, 2021
Batting 🔥
Bowling 💪
Fielding ⚡️#TeamIndia in the groove for the Sri Lanka series 👌 👍 #SLvIND pic.twitter.com/JBoyrlx8l1
श्रीलंका के विरुद्ध तीन एकदिवसीय मैच 18, 20 और 23 जुलाई को खेले जाएंगे। उसके बाद दोनों देशों के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों सीरीज शुरू होगी जिसके मुकाबले 25, 27 और 29 जुलाई को होंगे। खास बात यह है कि वनडे और टी-20 सीरीज के सभी मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होंगे।
श्रीलंका दौरे पर गई टीम इंडिया का कप्तान शिखर धवन को बनाया गया है जबकि भुवनेश्वर कुमार उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगे। वहीं पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ को इस दौरे पर टीम का कोच नियुक्त किया गया है।
श्रीलंका खेमे के लिए खुशी की बात यह है कि उनके सभी खिलाड़ियों की रविवार शाम को कोरोना जांच की गई जिसमें सबकी रिपोर्ट निगेटिव आई। टीम के खिलाड़ियों का निर्धारित पृथकवास भी 11 जुलाई को पूरा हो गया। इसके बाद श्रीलंका क्रिकेट ने अपने खिलाड़ियों को अभ्यास करने की इजाजत दे दी। अब टीम के सभी खिलाड़ी सोमवार से ट्रेनिंग शुरू करेंगे।