एशेज में इंलैंड से हार के बाद ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 10 विकेट से रौंदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले लय हासिल करने के मकसद से टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ दूसरे चार दिवसीय अनाधिकृत टेस्ट मैच में खेलने का फैसला लिया लेकिन बल्ले से तो नाकाम रहे ही वहीं टीम को हार से भी नहीं बचा सके।
दूसरी ओर, इंग्लैंड में खेले जा रहे एशेज सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड के हाथों 8 विकेट से मिली करारी हार के कुछ ही घंटों बाद ही ऑस्ट्रेलिया की ए टीम ने भारत की सरजमीं पर बड़ी जीत हासिल कर ली। उसने भारतीय टीम को सिर्फ 6.1 ओवर में ही 10 विकेट से हरा दिया।
चेन्नई में खेले गए मुकाबले के चौथे और अंतिम दिन के लंच से पहले ही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने यह मुकाबला 10 विकेट से जीत लिया। चौथे दिन भारत ने अपनी दूसरी पारी 6 विकेट पर 265 रन से आगे खेलना शुरू किया लेकिन मेजबान टीम सिर्फ 9 रन और जोड़कर आउट हो गई। इस तरह से भारत ऑस्ट्रेलियाई टीम को 61 रनों का ही लक्ष्य दे सका जिसे उसने बिना किसी नुकसान के हासिल कर लिया।
भारतीय टीम में कोहली के अलावा कप्तान चेतेश्वर पुजारा, प्रज्ञान ओझा, वरुण आरोन और नमन ओझा जैसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर शामिल थे लेकिन वे टीम की हार को नहीं टाल सके। दो मैचों की सीरीज भारत-ए ने 1-0 से गंवा दी। पहला मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ था।
कल के नाबाद बल्लेबाज श्रेयस गोपाल खाता खोले बगैर ही आउट हो गए। बाकी बल्लेबाज भी टीम को योगदान नहीं कर सके। ऑस्ट्रेलिया की ओर से गुरिंदर संधू और स्टीफन ओ कैफै ने 4-4 विकेट झटके।
कोहली और पुजारा दोनों ही मैच में रहे नाकाम
ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ पहली पारी में असफल रहने के बाद भारत-ए की दूसरी पारी में विराट कोहली (45 रन) ने शुरुआत तो अच्छी की, लेकिन उसका लाभ उठाते हुए बड़ा स्कोर बनाने से चूक गए। पहली पारी की तरह इस बार भी उन्हें स्टीवन कैफे ने पवेलियन भेजा। भारतीय टेस्ट कप्तान कोहली ने 94 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके व एक छक्का जड़ा।
तीसरे दिन नौ विकेट पर 329 रन से आगे खेलने उतरी मेहमान टीम की पहली पारी 349 रन पर खत्म हुई। भारतीय टीम पहली पारी में 135 रन ही बना सकी थी।
दूसरी पारी शुरू करने उतरी भारतीय-ए टीम को पहला झटका जल्द लगा जब कप्तान चेतेश्वर पुजारा 27 गेंद पर 11 रन बनाकर गलतफहमी का शिकार होकर रन आउट हो गए। उस समय स्कोर बोर्ड पर महज 19 ही रन टंगे थे। पुजारा पहली पारी में भी 11 रन ही बना पाए थे।
उनके बाद खेलने आए कोहली और ओपनर अभिनव मुकुंद (59) ने रन गति को आगे बढ़ाया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 63 रन की अहम साझेदारी की। अच्छी लय में नजर आ रहे कोहली को कीफी ने अपना शिकार बनाया।
कोहली के बोल्ड होने के बाद क्रीज पर उतरे करुण नायर ने तेजी से रन बटोरने शुरू किए। नायर ने 34 गेंद की अपनी पारी में 7 चौकों की मदद से 31 रन बनाए। कुल 134 रन के स्कोर पर आउट होने से पहले उन्होंने मुकुंद के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। इसके बाद मुकुंद और श्रेयस अय्यर ने चौथे विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर आगे बढ़ाया। मगर एश्टन एगर ने मुकुंद को आउट कर इस साझेदारी का अंत कर दिया। मुकुंद ने 163 गेंद की पारी में तीन चौके व एक छक्का जड़ा। कैफे ने श्रेयस को भी 48 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन की राह दिखा दी। नमन ओझा ने जरूर तेजी से कुछ रन बटोरे, लेकिन वह भी अपनी पारी को 30 रन से आगे नहीं खींच सके। उन्होंने 44 गेंद में तीन चौके व एक छक्का लगाया।