SL vs IND: श्रीलंकाई कप्तान को भारत के खिलाफ जीत की आस, गिनाई टीम इंडिया की कमजोरी
श्रीलंका के नए कप्तान दासुन शनाका को भारत के खिलाफ अपनी टीम से काफी उम्मीदें हैं। शनाका तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए दोनों टीमों को बराबरी का बता रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
श्रीलंका के नए कप्तान दासुन शनाका को भारत के खिलाफ अपनी टीम से काफी उम्मीदें हैं। शनाका तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए दोनों टीमों को बराबरी का बता रहे हैं। उन्होंने एकदिवसीय श्रृंखला से पहले शनिवार को कहा कि संघर्ष कर रही उनकी टीम और जीत की दावेदार भारत के बीच बराबरी का मुकाबला होगा क्योंकि मेहमान टीम में कई नए खिलाड़ी है।
बता दें कि युवा खिलाड़ियों के साथ श्रीलंका दौरे पर आई भारतीय टीम में छह नए खिलाड़ी शामिल हैं।
शनाका ने भारत के खिलाफ रविवार को खेले जाने वाले पहले एकदिवसीय मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘श्रृंखला से पहले दोनों टीमें एक जैसी मजबूत है। भारतीय टीम में कई नए खिलाड़ी हैं। हम सभी जानते हैं कि उन्होंने आईपीएल खेला है लेकिन उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव नहीं है। ऐसे में दोनों टीमों के पास मौके हैं।’
शनाका पिछले चार साल में श्रीलंका क्रिकेट टीम की अगुवाई करने वाले 10वें कप्तान है। भारत के खिलाफ 18 जुलाई से शुरू हो रही सीमित ओवरों की श्रृंखलाओं (तीन एकदिवसीय और तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय) के लिए श्रीलंका ने शुक्रवार को 23 सदस्यीय टीम की घोषणा की थी।
गौरतलब है कि विराट कोहली की अगुवाई वाली भारत की मुख्य टीम इंग्लैंड दौरे पर है ऐसे में श्रीलंका आई टीम की कमान अनुभवी सलामी बल्लेबाज शिखर धवन को सौंपी गयी है।
शनाका ने कहा कि श्रीलंका के द्वारा टीम की घोषणा में देरी करने से फायदा होगा। उन्होंने कहा, ‘हां, इससे हमें थोड़ा फायदा होगा, क्योंकि उन्होंने (भारत) इन खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नहीं देखा है। मुझे लगता है कि उन्हें इन नए खिलाड़ियों के लिए भी अच्छी तैयारी करनी होगी।’
मौजूदा समय में श्रीलंकाई टीम का नेतृत्व करने की चुनौती के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘हां, यह हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है, आप अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और बाहरी (मैदान के बाहर) समस्याओं से भी प्रभावित होते हैं। यह सब मायने रखता है, लेकिन दिन के अंत में आपको एक टीम के रूप में प्रदर्शन करना होगा, यह हम सभी की मुख्य चिंता है। मुझे यकीन है कि लड़के इस पर ध्यान देंगे।’
शनाका के मुताबिक भारत के खिलाफ खेलने के बाद उनकी टीम को अच्छा अनुभव मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘अनुभव बहुत अच्छा होगा, आप दुनिया की शीर्ष टीमों में से एक के खिलाफ खेलना चाहते हैं। ऐसे में इस समय भारत के साथ खेलना बहुत अच्छा होगा, क्योंकि हमें खुद को परखने का मौका मिलेगा। यह हमारे लिए एक अच्छा टूर्नामेंट होगा।’