{"_id":"65a4ae378789eed4a1038b4a","slug":"ind-vs-afg-2nd-t20-axar-patel-completes-200-wickets-in-t20-know-the-secret-of-axar-success-in-t20-2024-01-15","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"IND vs AFG: टी20 में अक्षर के 200 विकेट पूरे, ऐसा करने वाले 11वें भारतीय; मैच के बाद बताया अपनी कामयाबी का राज","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
IND vs AFG: टी20 में अक्षर के 200 विकेट पूरे, ऐसा करने वाले 11वें भारतीय; मैच के बाद बताया अपनी कामयाबी का राज
Mon, 15 Jan 2024 09:32 AM IST
स्वप्निल शशांक
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, इंदौर
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, इंदौर
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Mon, 15 Jan 2024 09:32 AM IST
सार
अक्षर ने 200 टी20 विकेट 234वें मैच में हासिल किया। इस प्रारूप में उनकी इकोनॉमी रेट 6.97 की रही है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय टी20 में अक्षर ने अब तक 49 विकेट लिए हैं। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय में नौवें स्थान पर हैं।
विज्ञापन
अक्षर पटेल
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
भारत ने दूसरे टी20 में अफगानिस्तान को छह विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। टीम इंडिया की जीत में अक्षर पटेल ने अहम किरदार निभाया। उनकी किफायती गेंदबाजी की बदौलत अफगानिस्तान की टीम बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच सकी। अक्षर ने चार ओवर में 17 रन देकर दो विकेट लिए। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। अक्षर ने पिछले टी20 में भी चार ओवर में महज 23 रन देकर दो विकेट झटके थे। इसी के साथ टी20 में उनके 200 विकेट भी पूरे हो गए हैं। अक्षर ने इस प्रारूप में अपनी कामयाबी का राज बताया है।
विज्ञापन
Trending Videos
अक्षर ने हासिल की उपलब्धि
अक्षर टी20 (अंतरराष्ट्रीय और लीग मिलाकर) में 200 विकेट पूरे करने वाले 11वें भारतीय खिलाड़ी हैं। उनसे ऊपर हर्षल पटेल (209 विकेट), रवींद्र जडेजा (216 विकेट), जयदेव उनादकट (218 विकेट), हरभजन सिंह (235 विकेट), जसप्रीत बुमराह (260 विकेट), अमित मिश्रा (284 विकेट), भुवनेश्वर कुमार (288 विकेट), रविचंद्रन अश्विन (301 विकेट), पीयूष चावला (302 विकेट) और युजवेंद्र चहल (336 विकेट) हैं। अक्षर ने 200 टी20 विकेट 234वें मैच में हासिल किया। इस प्रारूप में उनकी इकोनॉमी रेट 6.97 की रही है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय टी20 में अक्षर ने अब तक 49 विकेट लिए हैं। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय में नौवें स्थान पर हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
प्लेयर ऑफ द मैच बने अक्षर
विकेट लेने के बाद अक्षर पटेल।
- फोटो : BCCI
अक्षर को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया। मैच के बाद उन्होंने कहा- अच्छा लग रहा है। मुझे अभी अहसास हुआ कि मैंने 200 टी20 विकेट हासिल कर लिए हैं, लेकिन भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन करते रहना महत्वपूर्ण है। ईमानदारी से कहूं तो कुछ साल बाद मुझे याद नहीं रहेगा कि मैंने कितने विकेट लिए। अक्षर ने अपनी कामयाबी का राज बताते हुए कहा- मैं थोड़ी धीमी गेंदबाजी करने की कोशिश कर रहा हूं। अपनी लेंथ में बदलाव कर रहा हूं और अब मैं इन चीजों को बेहतर ढंग से मापने की कोशिश कर रहा हूं। अब मुझमें हर समय गेंदबाजी करने का आत्मविश्वास है, यहां तक कि पावरप्ले में भी।
अक्षर ने बताया कामयाबी का राज
अक्षर ने कहा, 'टी20 क्रिकेट में एक गेंदबाज के तौर पर आपको मानसिक रूप से तैयार रहने की जरूरत है। छक्का खाने के लिए तैयार हूं क्योंकि वही गेंद आपको किसी और दिन विकेट दिला सकती है। पहले अगर कोई बल्लेबाज मुझे मार रहा होता था तो मैं अपनी योजनाएं बदल देता था, लेकिन अब मैं अपनी योजनाओं पर कायम रहता हूं और बल्लेबाजों को मेरे खिलाफ मौका देता हूं।' अक्षर ने आईपीएल में 136 मैचों में 112 विकेट लिए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि वह इस साल अमेरिका और वेस्टइंडीज की सहमेजबानी में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में चुने जा सकते हैं।
मैच में क्या हुआ?
अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और रवि बिश्नोई
- फोटो : BCCI
मैच की बात करें तो भारतीय कप्तान रोहित ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 172 रन बनाए। गुलबदिन नईब ने सबसे ज्यादा 57 रन बनाए। अपनी 35 गेंद की पारी में उन्होंने पांच चौके और चार छक्के लगाए। वहीं, नजीबुल्लाह जादरान ने 21 गेंद में 23 रन और करीम जनत 10 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, मुजीब उर रहमान ने नौ गेंद में दो चौके और दो छक्के की मदद से 21 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट लिए। वहीं, रवि बिश्नोई और अक्षर पटेल को दो-दो विकेट मिले। शिवम दुबे को एक विकेट मिला।
भारत की पारी
जवाब में भारत ने 15.4 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रोहित लगातार दूसरे टी20 में खाता खोले बिना आउट हुए। वहीं, 14 महीने बाद टी20 में वापसी कर रहे विराट कोहली ने 16 गेंद में पांच चौके की मदद से 29 रन की पारी खेली। यशस्वी जायसवाल ने शिवम दुबे के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी निभाई। यशस्वी ने 34 गेंद में पांच चौके और छह छक्के की मदद से 68 रन की तूफानी पारी खेली। जितेश खाता नहीं खोल सके। वहीं, दुबे 32 गेंद में पांच चौके और चार छक्के की मदद से 63 रन बनाकर नाबाद रहे। रिंकू नौ रन बनाकर नाबाद रहे। अफगानिस्तान की ओर से करीम जनत ने दो विकेट लिए। वहीं, फजलहक फारूकी और नवीन उल हक को एक-एक विकेट मिला।