जब पहली बार दुनिया ने देखा ब्रैडमैन का विस्फोटक अंदाज, एक ही दिन में जड़ा था तिहरा शतक
विश्व क्रिकेट में एक बल्लेबाज हुआ, दाएं हाथ का। कहा जाता है कि जब वह पिच पर बल्लेबाजी कर रहा होता था, तो गेंद सीमा रेखा के बाहर इस तरह पहुंचती, मानो न्यूटन का ग्रेविटेशनल लॉ गेंद को खींच रहा हो। तेज गेंदबाजों के खिलाफ उसकी कलाई ऐसे घूमती मानों कलाई पर मक्खन लगा कर उतरा हो और गेंद खुद-ब-खुद बाउंड्री का रास्ता ढूंढ लेती। उस खिलाड़ी ने जितना भी क्रिकेट खेला आने वाली पीढ़ी के क्रिकेटरों के लिए बेंचमार्क सेट कर गया। उसका नाम क्रिकेट के शब्दकोश का हिस्सा बन गया है और दुनिया उस महान खिलाड़ी को सर डॉन ब्रैडमैन के नाम से जानती है।
एक दिन में तीन सौ रन...
आज ब्रैडमैन का 112वां जन्मदिवस है। 27 अगस्त 1908 को उनका जन्म ऑस्ट्रेलिया के कूटामुंडरा में हुआ था। उनके जन्मदिन पर उनकी एक ऐतिहासिक पारी कहानी, आज भी एक विश्व रिकॉर्ड है। आज के आधुनिक और फटाफट क्रिकेट के दौर में भी कोई भी बल्लेबाज उस रिकॉर्ड के करीब नहीं पहुंच पाया है। तो जरा अपने दिमाग को ब्रैडमैन की ब्लैक एंड व्हाईट तस्वीरों के इर्द गिर्द घुमाइए और इस ऐतिहासिक पारी की कहानी सुनिए...
11 जुलाई, 1930 एशेज सीरीज का तीसरा मैच, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान विलियम मॉल्डन वुडफुल ने टॉस जीता और लीड्स की सपाट दिख रही पिच पर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मगर उनका फैसला मैच की 11वीं गेंद पर ही गलत साबित होने की ओर बढ़ा गया, जब सलामी बल्लेबाज ऑर्ची जैक्शन पवेलियन लौट गए।
इसके बाद 21 साल का एक युवा बल्लेबाज लीड्स की पहली सुबह 11 गेंदों के बाद बल्लेबाजी करने के लिए ड्रेसिंग रूम से निकला और दिन का खेल खत्म होने के बाद वह नाबाद 309 रन पीटकर लौटा। ये बल्लेबाज कोई और नहीं बल्कि सर डॉन ब्रैडमैन थे। उनके तिहरे शतक के बाद पूरा क्रिकेट जगत सकते में था, एक दिन में तीन सौ रन...
पहले दिन ही लंच से पहले शतक जड़ा
कहा जाता है कि लीड्स में तीसरे टेस्ट से पहले ब्रैडमैन ने कोई भी प्रैक्टिस नहीं की थी। लंदन में दूसरा टेस्ट जीतने के बाद उन्होंने साथी खिलाड़ियों के साथ उस साल के विंबलडन के फाइनल मैच का लुत्फ उठाया था और उसके बाद भी वह कुछ दिनों तक क्रिकेट से दूर ही रहे थे। लंदन टेस्ट में ब्रैडमैन ने 254 रन की पारी खेली थी, लेकिन लीड्स टेस्ट से पहले उन्होंने बैट को हाथ तक नहीं लगाया। शायद क्रिकेट से ब्रेक ने उन्हें बेहतर तैयारी का मौका दिया और जब वह लीड्स के मैदान पर उतरे, तो पूरी दुनिया उनकी खतरनाक बैटिंग देखकर हैरान रह गई।
ब्रैडमैन की उस प्रलय वाली पारी के तीन दशक बाद साल 1965 में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज रहे हेरोल्ड लारवुड ने अपनी आत्मकथा में दावा किया कि उन्होंने ब्रैडमैन को बिना खाता खोले ही विकेट की पीछे कैच करा दिया था। विकेट के पीछे और आसपास खड़े सभी खिलाड़ियों ने अपील की थी पर अंपायर ने इसपर ध्यान नहीं दिया।
लारवूड से गलती हुई
उन्होंने लिखा कि, मेरे मन में कोई संदेह नहीं था कि वह स्पष्ट रूप से आउट थे। विकेट के आस-पास सभी ने अपील की, यहां तक कि जैक होब्स ने भी, जो सबसे निष्पक्ष व्यक्ति थे, जिनसे मैं क्रिकेट के मैदान पर मिला था। बाद में मैच की रिकॉर्डिंग्स को देखा गया तो मालूम हुआ की लारवूड से गलती हुई थी। उन्होंने ब्रैडमैन को खाता खोलने से पहले गेंदबाजी नहीं की थी।
पूरी पारी के दौरान जैक हॉब्स ने या तो कवर में या फिर एक्सट्रा कवर बाउंड्री पर फील्डिंग की थी, विकेट के पीछे कभी नहीं। यह हुआ या नहीं, इसका ब्रैडमैन पर बहुत कम प्रभाव पड़ा। पहले दिन के लंच तक वह नाबाद 105 रन बना चुके थे। ब्रैडमैन के प्रसिद्ध साथी विक्टर ट्रम्पर और चार्ली मैकार्टनी ने भी उनका बखूबी साथ निभाया। ब्रैडमैन टेस्ट मैच के पहले दिन ही लंच से पहले शतक बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।
डॉन के बल्ले से पहला गलत स्ट्रोक 141 रन पर निकला
डॉन के बल्ले से पहला गलत स्ट्रोक 141 रन पर निकला, जब उन्होंने गेंद को मिड-ऑन की ओर खेला। मगर गेंद सुरक्षित रूप से जमीन पर गिर गई। चाय तक उन्होंने दोहरा शतक जड़ दिया था। छह बजे से ठीक पहले 273 पर डॉन ने इंग्लैंड के खिलाड़ियों को खुद को आउट करने का एक वास्तविक मौका दिया। विकेटकीपर जॉर्ज डकवर्थ ने जॉर्ज गीरी की गेंद पर एक मुश्किल कैच पकड़ा, लेकिन गेंद जमीन को छू गई, डॉन मुस्कुराए और डकवर्थ गुस्से में उन्हें देखते रह गए।
दिन के अंत तक, ब्रैडमैन 309 रन पर नाबाद थे और एंग्लो-ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट में पहला तिहरा शतक जमाने के दौरान उन्होंने रेगी फोस्टर के 287 रन के रिकॉर्ड को तोड़ा। ब्रैडमैन ने अपनी पारी में स्क्वायर कट, लेग में हूक और हिट ऑन ड्राइव जैसे शानदार शॉट खेला था ब्रैडमैन ने अपनी पारी में। उन्होंने अपनी पहले दिन की पारी में 42 चौके लगाए थे। किसी भी समय उन्होंने जोखिम लेने की कोशिश नहीं की। ब्रैडमैन ने दिन में सिर्फ तीन बार गेंद को हवा में खेला था।
आखिरी मैच में शून्य पर पवेलियन लौटे
यह वास्तव में उस दौर से लेकर अबतक की शानदार पारियों मे एक है। कहा जाता है कि एक दिन में 300 रन बनाकर एकदम ताजे मिजाज के साथ ब्रैडमैन मैदान से लौटे, लेकिन मैदान में खड़े अंपायर और मौजूद दर्शक सबके सब बेहद ही थके थे। अगर किसी व्यक्ति की सबसे ज्यादा हालत खराब थी, वह था स्कोरर, जो स्कोर बोर्ड को चला रहा था। अगले दिन ब्रैडमैन 334 के स्कोर पर आउट हो गए।
डॉन ब्रैडमैन ने अपने करियर में 52 टेस्ट खेले और उनकी 80 पारियों में 29 शतक और 13 अर्धशतक की मदद से कुल 6996 रन बनाए। ये आंकड़े आज भी उनके सर्वश्रेष्ठ होने की कहानी बयां करते हैं, लेकिन यह महान खिलाड़ी अपने आखिरी मैच में शून्य पर पवेलियन लौट गया।
सर डॉन ब्रैडमैन को जन्मदिवस की ढेरों शुभकामनाएं, जिन्होंने सहवाग के विस्फोटक अंदाज से पहले इसकी नींव रखी थी। हमारी पीढ़ी ने तो सहवाग के ही विस्फोटक तिहरे शतक देखा है, लेकिन सर डॉन की तिहरे शतक वाली पारी आज के दौर में भी विस्फोटक और किसी आधुनिक पारी से कम नहीं है।