बांग्लादेश के खिलाफ पाक का पलटवार, हफीज का शतक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सलामी बल्लेबाज मोहम्मद हफीज ( नाबाद 127) के सैकड़े के साथ पाकिस्तान ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट के दूसरे दिन करारा जवाब दिया है।
अब तक मेहमान टीम के लिए खराब रहे दौरे में बुधवार का दिन कुछ खुशगवार रहा। बांग्लादेश के हाथों वनडे सीरीज में पाक की टीम 0-3 से धुल गई थी और एकमात्र टी-20 में भी उसे हार का सामना करना पड़ा था।
खुलना में खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन बुधवार को पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 332 पर समेटकर उसके विशाल स्कोर खड़ा करने की संभावनाओं पर पानी फेरा और फिर एक विकेट पर 227 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
इससे पहले 4 विकेट पर 236 रनों से आगे खेलने उतरी बांग्लादेश की टीम लंच के बाद 332 रनों पर आउट हो गई। तेज गेंदबाज वहाब रियाज और लेग स्पिनर यासिर शाह ने तीन-तीन विकेट लिए। हफीज और जुल्फिकार बाबर को दो-दो विकेट मिले।
हफीज का 4 पारियों में तीसरा शतक
दाएं हाथ के बल्लेबाज मोहम्मद हफीज ने मैच के दूसरे दिन करियर आठवां टेस्ट शतक ठोका। वनडे में नाकाम रहने के बाद फॉर्म में लौटे हफीज ने 179 गेंदों पर खेली अपनी पारी में अब तक 12 चौके और 2 छक्के लगाए हैं। हफीज ने पिछली चार पारियों में यह तीसरा शतक लगाया है।
हफीज के खिलाफ चौथे ओवर में टीवी अंपायर पॉल रीफेल ने तैजुल इस्लाम की गेंद पर कैच का निर्णय पलट दिया था। हफीज ने पहले विकेट पर असलम के साथ 50 रन और दूसरे विकेट पर अजहर अली के साथ अविजित 177 रन जोड़े।
पाकिस्तान की अंडर-19 टीम के कप्तान रहे बाएं हाथ के बल्लेबाज असलम (20 रन) अपने पहले टेस्ट में तैजुल की गेंद पर विकेटकीपर मुशफिकुर रहीम के हाथों लपके गए। अजहर जिनकी रहीम ने 2 बार कैच टपकाई वह 65 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्होंने शकीब अल हसन की गेंद पर छक्के के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया।
बांग्लादेश को एक और झटका लगा जब कप्तान और विकेटकीपर मुशफिकुर रहीम को चायकाल के बाद अंगुलियों में चोट के कारण मैदान छोड़ना पड़ा। उनकी जगह इमारुल कयास ने ग्लव्स संभाले और तमीम इकबाल ने कप्तानी।