टीम इंडिया के कोच के लिए शास्त्री को मिलेगी चार लोगों से चुनौती, दो दिग्गजों से है कुर्सी को खतरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टीम इंडिया के मुख्य कोच रवि शास्त्री को एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई टॉम मूडी की कड़ी चुनौती मिलने जा रही है। मूडी ही नहीं बल्कि मुंबई इंडियंस के कोच पूर्व श्रीलंकाई बल्लेबाज महेला जयवर्धने भी होड़ में आ गए हैं। अफगानिस्तान के कोच रहे लालचंद राजपूत और न्यूजीलैंड के पूर्व कोच माइक हेसन ने भी मुख्य कोच के लिए दावेदारी जताई है। हालांकि उम्मीद की जा रही थी कि कुछ अन्य बड़े नाम टीम इंडिया के कोच के लिए दावा जताएंगे, लेकिन कोच को लेकर कुछ वर्षें में छिड़े विवादों के चलते उन्होंने आवेदन से दूरी ही बनाई है।
काफी आए आवेदन लेकिन ज्यादा बड़े नाम नहीं
मुख्य कोच और सपोर्ट स्टाफ के आवेदन के लिए 30 जुलाई अंतिम तिथि थी। माना जा रहा था कि हाईप्रोफाइल पद होने के चलते बड़ी संख्या में बड़े नाम हेड कोच पर दावा जता सकते हैं, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। सूत्र बताते हैं कि मूडी ने पिछली बार की तरह एक बार फिर दावा ठोक दिया है। यह मूडी ही थे जिन्होंने पिछली बार शास्त्री को अपने प्रस्तुतिकरण से बेहद कड़ी टक्कर दी थी, लेकिन सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, वीवीएस लक्ष्मण की क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी (सीएसी) ने शास्त्री की ताजपोशी की थी। इस बार भी कप्तान विराट कोहली साफ कर चुके हैं कि उन्हें शास्त्री के दोबारा कोच बनने पर खुशी होगी। मतलब साफ है कि कोहली एक बार फिर शास्त्री को चाहते हैं। माना जा रहा है कि यही वजह है कि रिकी पोंटिंग और जैक कालिस जैसे दिग्गजों ने मुख्य कोच के लिए आवेदन नहीं किया है। फिर अनिल कुंबले और कोहली का विवाद किसी से छुपा नहीं है।
13 को होंगे इंटरव्यू, दो दिन बाद होगा चयन
बोर्ड की ओर से आए हुए आवेदनों की छंटनी शुरू हो गई है। आवेदन बड़ी संख्या में आए हैं। ट्रेनर शंकर बसु और फीजियो पैट्रिक फरहार्ट को छोड़ टीम इंडिया का बाकी सपोर्ट स्टाफ सीधे इंटरव्यू देगा। सपोर्ट स्टाफ के लिए मुंबई इंडियंस के फील्डिंग कोच जोंटी रोड्स, जे अरुण कुमार और प्रवीण आमरे के अलावा अन्य दावेदार भी हैं। बोर्ड की ओर से कपिल देव, अंशुमन गायकवाड़ और शांता रंगास्वामी की सीएसी के समक्ष सभी दावेदारों के इंटरव्यू 13 अगस्त को कराए जाएंगे। इंटरव्यू की प्रक्रिया दो दिन तक चलेगी। माना जा रहा है कि 15 अगस्त तक कोच और सपोर्ट स्टाफ के नामों का खुलासा कर दिया जाएगा।