IPL सट्टेबाजी में अरबाज खान के बाद फंसा एक और मशहूर फिल्म निर्माता, बुकी सोनू ने लिया नाम
बॉलीवुड के दबंग खान यानी सलमान खान के भाई अरबाज खान का नाम हाल ही में आईपीएल में सट्टेबाजी में सामने आया था। अरबाज ने सट्टेबाजी की बात स्वीकार करके फिल्म व क्रिकेट जगत में भूचाल ला दिया था। अरबाज ने बुकी सोनू जालान की मदद से सट्टेबाजी करने की बात कबूली थी। बहरहाल, अब सोनू जालान ने अपने बयान में एक और बड़े नाम का खुलासा किया है। रिपोर्ट्स की माने तो सोनू ने मशहूर फिल्म निर्माता साजिद खान का नाम लिया है.
रिपोर्ट के मुताबिक सोनू ने बताया कि साजिद ने उनके साथ 7 साल पहले सट्टेबाजी की थी। हालांकि, साजिद को अभी समन भेजा जाना बाकी है। पुलिस साजिद खान से कभी भी पूछताछ कर सकती है। वह कभी भी साजिद को पूछताछ के लिए बुला सकती है।
बता दें कि अरबाज खान का नाम आईपीएल सट्टेबाजी में आया था. इसके बाद शनिवार को पूछताछ के दौरान उन्होंने आईपीएल में सट्टेबाजी की बात स्वीकार की थी। अब इस मामले पर उनके पिता सलीम खान ने भी चौंकाने वाला बयान दिया है।
अरबाज द्वारा IPL मैंचों पर सट्टेबाजी करने को लेकर सलीम खान ने कहा कि इस मामले में गिरफ्तार सटोरिए सोनू जालान के कनेक्शन भारत ही नहीं बल्कि अफगानिस्तान, पाकिस्तान, सऊदी अरब और दक्षिण अफ्रीका में भी हैं। सिर्फ मेरे बेटे अरबाज का नाम ही क्यों सामने आ रहा है। क्या इस सटोरिए की डायरी में एक अरबाज का नाम ही है? क्या एक आदमी पर उसकी दुकान चल रही है?
पूछताछ में रैकेट के पीछे सोनू जालान का नाम सामने आया था। इसके बाद सोनू जालान को गिरफ्तार कर जब पूछताछ की गई तो उसने बताया कि अरबाज सहित बॉलीवुड के कई सेलिब्रिटी बेटिंग में अलग-अलग नामों से पैसा लगाते हैं।