ENGvIRE: इंग्लिश टीम का एलान, चार साल बाद टॉपले की वापसी, स्टोक्स, रुट को आराम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंग्लैंड ने आयरलैंड के खिलाफ 30 जुलाई से यहां शुरू हो रही तीन मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए सोमवार को 14 सदस्यीय टीम घोषित की जिसमें बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रीस टॉपले ने चार साल बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी की। इयोन मॉर्गन टीम के कप्तान जबकि मोईन अली उप कप्तान होंगे। तीन रिजर्व खिलाड़ियों की भी घोषणा की गई।
छब्बीस साल के टॉपले ने 10 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 16 विकेट चटकाए हैं, लेकिन वह पिछली बार इंग्लैंड की ओर से 2016 टी-20 विश्व कप में खेले थे। वह अपनी पीठ की चोट से परेशान रहे जिसके कारण 2018 में उन्हें ऑपरेशन कराना पड़ा। वह पिछले साल ब्लास्ट प्रतियोगिता में ससेक्स के सबसे सफल गेंदबाज रहे।
सैम बिलिंग्स, लियाम डॉसन और डेविड विली ने भी श्रृंखला के लिए इंग्लैंड टीम में वापसी की है जो खाली स्टेडियम में जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में खेली जाएगी। पदार्पण का इंतजार कर रहे रिचर्ड ग्लीसन, लुईस ग्रेगरी और लियाम लिविंगस्टोन को रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल किया गया है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में खेल रहे जो रूट, बेन स्टोक्स, जोफ्रा आर्चर, क्रिस वोक्स और मार्क वुड के नाम पर विचार नहीं किया गया जबकि विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे जॉनी बेयरस्टो, टॉम करन, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, जेसन रॉय और जेम्स विन्स को टीम में शामिल किया गया है।
टेस्ट श्रृंखला की टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे जो डेनली को एकदिवसीय टीम में जगह मिली है। दूसरा और तीसरा एकदिवसीय मैच क्रमश: एक और चार अगस्त को एजियास बाउल में खेला जाएगा। इस श्रृंखला के साथ आईसीसी पुरुष विश्व कप सुपर लीग की शुरुआत होगी, जिससे 2023 में होने वाले विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाली टीमों का फैसला होगा।
टीम इस प्रकार है: इयोन मॉर्गन (कप्तान), मोईन अली, जॉनी बेयरस्टो, टॉम बेनटन, सैम बिलिंग्स, टॉम करन, लियाम डॉसन, जो डेनली, साकिब महमूद, आदिल राशिद, जेसन रॉय, रीस टॉपले, जेम्स विन्स और डेविड विली।
रिजर्व: रिचर्ड ग्लीसन, लुईस ग्रेगरी और लियाम लिविंगस्टोन।
टीवी अंपायर करेंगे नो बॉल की निगरानी
तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में टेलीविजन अंपायर ‘फ्रंट-फुट नो बॉल’ की निगरानी करेंगे और विश्व कप सुपर लीग के तहत खेली जा रही इस श्रृंखला में धीमी गति से गेंदबाजी करने वाली टीम के अंक काटे जाऐंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने 50 ओवर के प्रारूप को अधिक प्रासंगिक बनाने के लिए सोमवार को सुपर लीग शुरू की जो भारत में 2023 में होने वाले विश्व कप का क्वालीफायर है। ‘ईएसपीन क्रिकइंफो’ पर छपी खबर के मुताबिक टेलीविजन अंपायर द्वारा फ्रंट-फुट नो बॉल पर विशेष रूप से नजर रखी जाएगी।
पिछले साल भारत-वेस्टइंडीज की सीमित ओवरों की श्रृंखला के दौरान आईसीसी ने फैसला किया था कि फ्रंट-फुट नो बॉल पर टीवी अंपायर नजर रखेंगे और फैसला देंगे। उन्होंने कहा, 'सीमित ओवर के क्रिकेट में फ्री-हिट का काफी महत्व है इसलिए नो बॉल के बारे में सटीक तरीके से पता चलना जरूरी है। यह एक महत्वपूर्ण विशेषता (नो बॉल के बाद फी-हिट) मानी जाती है। क्रिकेट समिति ने विश्व कप सुपर लीग के लिए नियमों में इसकी सिफारिश की हैं।'