कार्तिक का बड़ा बयान: भारत में संन्यास के बाद ही कमेंट्री क्यों, इस धारणा को तोड़ना चाहता हूं
कार्तिक ने कहा कि भारत में ही कमेंट्री को संन्यास लेने के बाद के विकल्प के रूप में देखा जाता है लेकिन मैं इस धारणा को बदलना चाहता हूं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने कमेंट्री को लेकर बड़ा बयान दिया है। बुधवार को उन्होंने कहा कि भारत में ही कमेंट्री को संन्यास लेने के बाद के विकल्प के रूप में देखा जाता है लेकिन मैं इस धारणा को बदलना चाहता हूं। पिछले महीने भारत और न्यूजीलैंड के बीच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में कमेंटरी बॉक्स में पदार्पण के दौरान उनका सरल लेकिन सटीक आकलन सभी को भा गया था।
कार्तिक ने कहा कि माइक्रोफोन पर बात करना क्रिकेट खेलने से कहीं ज्यादा आसान है लेकिन इसमें अपनी ही चुनौतियां होती हैं। उनके लिए माइकल एथरटन और नासिर हुसैन जैसे अनुभवी कमेंटेटरों के साथ खेल की चर्चा का अनुभव काफी अच्छा रहा। सोशल मीडिया पर भी 36 साल के इस भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज की कमेंटरी की प्रशंसा हुई।
कार्तिक ने हंसते हुए कहा, 'वास्तव में, मैं उस फाइनल में एकमात्र पदार्पण करने वाला व्यक्ति था।' वह इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलने के लिए संयुक्त अरब अमीरात रवाना होने से पहले भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला के दौरान भी कमेंटेटेर की भूमिका निभाते नजर आएंगे।
'अपनी पत्नी नहीं बल्कि पड़ोसी की बीवी अच्छी लगती है'- कार्तिक
बीते दिनों दिनेश कार्तिक ने कमेंट्री के दौरान महिलाओं को लेकर आपित्तजनक टिप्पणी की थी। जिसके बाद वह बुरी तरह फंस गए थे। अपनी कमेंट्री के दौरान कार्तिक ने बल्ले की तुलना पड़ोसी की बीवी से की थी। दिनेश कार्तिक ने यह टिप्पणी इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेले गए मैच के दौरान की थी। हालांकि, मामला जब तूल पकड़ने लगा तो इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने माफी मांगी ली। दिनेश कार्तिक ने अपनी कमेंट्री के दौरान कहा था, बल्लेबाज और उनके द्वारा अपने बल्ले को पसंद नहीं किया जाना दोनों चीजें साथ-साथ चलती हैं। उन्होंने आगे कहा, ज्यादातर बल्लेबाज अपना बल्ला पसंद नहीं करते, वे दूसरे के बल्ले को ज्यादा बेहतर मानते हैं, ये ठीक उसी तरह है जिस प्रकार हर किसी को अपनी पत्नी नहीं बल्कि पड़ोसी की बीवी अच्छी लगती है। कार्तिक की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर उनकी लगातार आलोचना हो रही थी। इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेले गए तीसरे एकदिवसीय मैच के दौरान स्काई स्पोर्ट्स के लिए कमेंट्री करते हुए उन्होंने माफी मांगी थी।