आखिरी टी-20 से ठीक पहले कुलदीप की गेंदबाजी को लेकर विंडीज खिलाड़ी का बड़ा बयान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश रामदीन का मानना है कि भारत में टी20 श्रृंखला में हार का मुख्य कारण उनके शीर्ष खिलाड़ियों की अनुपस्थिति और चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव की गेंदों को नहीं समझ पाना है।
वेस्टइंडीज की टीम दो वनडे को छोड़कर किसी भी मैच में भारत को चुनौती नहीं दे पायी। भारत ने उसे टेस्ट, वनडे और टी20 श्रृंखला में आसानी से पराजित किया और इन तीनों प्रारूपों में कुलदीप उसके लिये सरदर्द बने रहे।
रामदीन ने तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय की पूर्व संध्या पर कहा, 'वर्तमान परिस्थितियों में टीम तैयार करना मुश्किल है। अगर आप हमारे टी20 खिलाड़ियों को देखो तो उनकी दुनिया भर में मांग है और इस मामले में हम परेशानी भी झेल रहे हैं। हमारे सीनियर खिलाड़ी दौरे पर नहीं आये और यही वजह है कि हम इस श्रृंखला में 0-2 से पीछे हैं।'
आक्रामक बल्लेबाज क्रिस गेल और प्रभावशाली स्पिनर सुनील नरेन वेस्टइंडीज की टीम में नहीं है। ड्वेन ब्रावो ने पिछले महीने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। वेस्टइंडीज के बल्लेबाज चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव की गेंदों को भी नहीं समझ पाए और रामदीन ने कहा कि भारत का तीनों श्रृंखलाओं में दबदबा बनाये रखने का एक कारण यह भी है।
उन्होंने कहा, 'हमारे बल्लेबाज उसकी गेंदों को नहीं समझ पाये और असल में बीच के ओवरों में वह हमारे लिये एक बड़ी चुनौती रहा और दुर्भाग्य से हम उसका तोड़ नहीं ढूंढ पाये।'
रामदीन ने कहा कि यह निराशाजनक है कि विश्व टी20 चैंपियन होने के बावजूद वे छोटे प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। उन्होंने कहा, 'हमने अपना पहला मैच ईडन गार्डन्स में खेला जहां हमें अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी लेकिन हम परिस्थितियों से सामंजस्य नहीं बिठा पाए।'