CPL 2020 : सत्र के पहले मुकाबले में त्रिनबागो नाइट राइडर्स ने गुयाना अमेजन वॉरियर्स को हराया
कोरोना वायरस के बीच मंगलवार को वेस्टइंडीज में कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) आगाज हो गया है। सीपीएल का पहला मुकाबला ब्रायन लारा स्डेयिम में त्रिनबागो नाइट राइडर्स और गुयाना अमेजन वॉरियर्स के बीच खेला, जिसमें त्रिनबागो की टीम ने जीत हासिल की। सीपीएल का पहला मुकाबला बारिश की वजह से बाधित रहा और 17-17 ओवर का ही खेल हो पाया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने पांच विकेट पर 144 रन बनाए, ट्रिनबागो की टीम ने इस लक्ष्य को 17वें ओवर में छह विकेट खोकर हासिल कर लिया।
सुनील नारायण और राशिद खान के आलराउंड प्रदर्शन की बदौलत नाइट राइडर्स ने जीत दर्ज की। वहीं, बारबडोस ट्राइडेंट्स ने मंगलवार को यहां ब्रायन लारा अकादमी में सेंट किट्स एवं नेविस पेट्रियट को छह रन से हराया।
पहले मैच में नारायण ने 28 गेंद में 50 रन की पारी खेलने के अलावा चार ओवर में 19 रन देकर दो विकेट चटकाए। इसके बाद ब्रावो बंधुओं डेरेन (30) और ड्वेन (नाबाद छह) ने गुयाना के खिलाफ दो गेंद शेष रहते त्रिनबागो को जीत दिलाई। वारियर्स के लिए शिमरोन हेटमायर ने सिर्फ 44 गेंद में नाबाद 63 रन की पारी खेली।
बारिश के कारण 17 ओवर के मैच में कीरोन पोलार्ड ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया और पिछले साल के सीपीएल के शीर्ष स्कोरर ब्रेंडन किंग खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए। नाइट राइडर्स के स्पिनर इसके बाद हावी रहे। रॉस टेलर (33) ने सातवें ओवर में टूर्नामेंट का पहला छक्का जड़ा।
ट्राइडेंट्स की शुरुआत खराब रही
टेलर और हेटमायर ने तीसरे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की। नारायण ने टेलर को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। हेटमायर, निकोलस पूरण (18) और कीमो पॉल (नाबाद 15) की अंतिम ओवरों मे ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से टीम पांच विकेट पर 144 रन बनाने में सफल रही।
वारियर्स के गेंदबाजों ने सधी हुई शुरुआत की जिससे नाइट राइडर्स के सलामी बल्लेबाज नारायण और लेंडल सिमंस पहले तीन ओवर में नौ रन ही बना सके। सिमंस जल्द ही पवेलियन लौट गए जबकि कोलिन मुनरो भी 17 रन ही बना पाए। डेरेन ब्रावो और नारायण ने इसके बाद स्कोर 100 रन तक पहुंचाया, जिसके बाद टीम को लक्ष्य हासिल करने में अधिक परेशानी नहीं हुई।
दिन के दूसरे मैच में बारबडोस ट्राइडेंट्स ने मिशेल सेंटनर (20 रन और 18 रन पर दो विकेट) और राशिद खान (26 और 27 रन पर दो विकेट) के उम्दा प्रदर्शन की बदौलत सेंट किट्स एवं नेविस पेट्रियट को हराया।
ट्राइडेंट्स की शुरुआत खराब रही और टीम ने पहली 15 गेंद पर ही आठ रन तक तीन विकेट गंवा दिए थे। कप्तान जेसन होल्डर (38) और काइल मेयर्स (37) ने 61 रन जोड़कर पारी को संभाला लेकिन इसके बाद टीम का स्कोर छह विकेट पर 69 रन हो गया। सेंटनर और राशिद ने हालांकि टीम का स्कोर नौ विकेट पर 153 रन तक पहुंचाया।
इसके जवाब में सेंट किंट्स एवं नेविस की टीम पांच विकेट पर 147 रन ही बना सकी। सीपीएल का आयोजन इस साल खाली स्टेडियम में हो रहा है और कोरोना वायरस महामारी के बीच यह पहली बड़ी टी-20 लीग है जो खेली जा रही है।