तीन भारतीय क्रिकेटर देंगे चेतेश्वर पुजारा को वापसी का मौका!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लगातार खराब फॉर्म से छुटकारा पाने की जद्दोजहद में लगे बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा की कोलंबो टेस्ट में खेलने की संभावनाएं काफी बढ़ गई है। खुद को साबित करने उनके पास इससे बढ़िया मौका नहीं होगा।
इन दिनों टीम इंडिया में अपनी जगह के लिए संघर्ष कर रहे पुजारा जब टीम में आए थे तो उन्हें राहुल द्रविड़ का अक्स कहा जाता था। 2010 में अपने डेब्यू टेस्ट में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार फिफ्टी ठोंकी थी।
27 टेस्ट मैचों की 48 पारियों में 4 शतक जड़ चुके पुजारा इतने कम समय में एक दोहरा शतक भी लगा चुके हैं। लेकिन आगे वह अपने बल्ले की लय को कायम नहीं रख सके, नतीजतन आज टेस्ट टीम से बाहर हैं।
ऐसा नहीं है कि उन्हें मौका नहीं मिला। पिछले दिनों चेन्नई में खेले गए ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ गैर-आधिकारिक टेस्ट मैच में उनके पास टीम की बागडोर थी लेकिन वह बल्ले और कप्तानी दोनों में कामयाब नहीं हुए, हां उन्होंने पचासा जरूर लगाया लेकिन उसे लंबी पारी में नहीं बदल सके।
श्रीलंका के खिलाफ अभ्यास मैच में भी उन्हें मौका मिला। यहां भी वह ऐसा कुछ नहीं कर सके कि उन्हें टीम में लिया जाए। कभी टीम इंडिया की नई दीवार कहे जाने वाले पुजारा आज टीम से बाहर हैं, लेकिन अब 3 साथी बल्लेबाज उनकी टीम में वापसी का सहारा बन रहे हैं।
ये हैं वे तीन क्रिकेटर जो देंगे पुजारा को खेलने का 'मौका'
गाले टेस्ट में शर्मनाक हार के बाद टीम इंडिया बैकफुट पर है और तीन मैचों की सीरीज में वापसी करने को बेताब है। ऐसे में स्वाभाविक है कि कप्तान विराट कोहली कोई भी रिस्क या एक्सपेरिमेंट करने के मूड में नहीं होंगे। लेकिन इस बार बात कुछ मामला थोड़ा हटकर है। टीम बल्लेबाजों के चोटिल होने से परेशान है। इससे चेतेश्वर पुजारा की टीम में जगह बनाने और मैदान में उतारने की संभावना बढ़ गई है।
टीम के ओपनर और पहले टेस्ट में शतक जड़ने वाले शिखर धवन हाथ में चोट लगाने के बाद शेष दौरे से ही बाहर हो गए हैं। वहीं टीम के पास एक और विशेषज्ञ ओपनर के तौर पर मुरली विजय हैं, लेकिन पहले टेस्ट में अनफिट होने के चलते उन्हें टीम में जगह नहीं मिल पाई थी और दूसरे मैच में भी खेलने के बारे में संशय बना हुआ है। हालांकि आज वह टीम के साथ नेट पर अभ्यास करते नजर आए।
इसके अलावा टीम में एक और बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं जो टेस्ट में अपने बल्ले से रन बनाने के लिए तरस रहे हैं। पहले टेस्ट में उन्हें मौका मिला लेकिन वह दोनों पारियों में फेल रहे।
इस तरह से भारत के शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों की अपनी-अपनी समस्याओं से जूझने के कारण पुजारा की वापसी की संभावना बढ़ गई हैं और उन्हें दूसरे मैच में उतरने का मौका मिल सकता है। अगर उन्हें मौका मिलता है तो उन पर अच्छी पारी खेलने का दबाव निसंदेह होगा, लेकिन टीम में अपनी जगह बनाए रखने के लिए एक बड़ी पारी दूसरे टेस्ट में खेलनी ही होगी।
वापसी के लिए टीम इंडिया को चाहिए सिर्फ एक जीत
टीम इंडिया के मैनेजर रवि शास्त्री का कहना है कि टीम इंडिया को वापसी के लिए के लिए सिर्फ एक जीत की दरकार है। इसके बाद टीम इंडिया फिर अपने लय में लौट आएगी। शास्त्री को अभी भी विराट कोहली एंड कंपनी पर पूरा भरोसा है।
इससे पहले टेस्ट में जीत की ओर बढ़ रही टीम इंडिया को हार का धक्का लग चुका है। ऊपर से 'कोढ़ में खाज' यह है कि गाले में शतक लगाने वाले शिखर धवन चोटिल होकर पूरी सीरीज से ही बाहर हो गए हैं।
एक चैनल से बातचीत में शास्त्री ने कहा कि टीम इंडिया को अपने खेल के तरीके में बदलाव की कोई जरुरत नहीं है। टीम पहले भी बेहतर थी और अब भी किसी से कम नहीं है। हालांकि उन्होंने माना कि पहले टेस्ट में टीम ने कुछ गलतियां की।
गाले में टीम के तीन स्पिनरों के साथ उतरने पर शास्त्री ने माना कि उसकी जरुरत नहीं थी। उन्होंने कहा कि कोहली अभी कप्तानी में नए हैं और लगातार खेलने से वह सीख भी रहे हैं। उन्होंने दावा किया टीम इंडिया अगले टेस्ट में जरुर वापसी करेगी।