IPL: चेन्नई और कोलकाता के नाम कई रिकॉर्ड दर्ज
मंगलवार को चेन्नई में हुए रोमांचक मुकाबले में चेन्नई और कोलकाता के नाम कई रिकॉर्ड दर्ज हुए, जो कोलकाता के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है। खासतौर से कोलकाता के कप्तान गौतम गंभीर के लिए। इस मैच के बाद गंभीर के नाम ऐसा अनचाहा रिकॉर्ड बना है, जिसे वह कभी भुला नहीं पांएगे।
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शानदार गेंदबाजी के बाद ऐसा लगा था मानो कोलकाता आसानी से बाजी मार लेगा लेकिन चेन्नई के बेहद कम लक्ष्य 134 रनों के जवाब में जब कोलकाता बल्लेबाजी करने उतरी तो पहले ही ओवर में चेन्नई ने अपना पलड़ा ऊपर कर लिया।
कोलकाता के कप्तान गंभीर को पहले ही ओवर में आउट कर चेन्नई ने बड़ी सफलता हासिल की। इस मैच में बिना कोई खाता खोले आउट होने के बाद गंभीर आईपीएल के सभी सीजन में कुल 11 बार 'डक' पर आउट हो चुके है। इससे पहले यह रिकॉर्ड मुंबई इंडियंस के हरभजन सिंह के नाम पर था, लेकिन अब गंभीर भी इस श्रेणी में आ चुके है।
इस मैच के साथ ये रिकॉर्ड भी बने
चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी भले ही फ्लॉप रही, लेकिन गेंदबाजी में टीम ने पूरा दमखम दिखाया और खुद को आईपीएल की नंबर वन टीम साबित किया। बेहद कम लक्ष्य देने के बावजूद चेन्नई ने कोलकाता को धूल चटाई।
इस मैच में कोलकाता के चार बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए। आईपीएल के सभी सीजन में यह पहला रिकॉर्ड है, जब किसी टीम के चार खिलाड़ी बिना रन बनाकर आउट हुए हैं। चेन्नई के चिदंबरम मैदान में चेन्नई और कोलकाता अब तक 6 बार आमने-सामने हुई है, जिसमें चेन्नई ने चार मैचों में बाजी मारी है।
अब नजर डालते हैं, इस मैच के साथ चेन्नई टीम द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड पर। इस सीजन में चेन्नई ही इकलौती ऐसी टीम है, जिसने अपने सात मैचों में एक भी बदलाव नहीं किया। जबकि बाकी टीमें कम से कम 3 बार अपनी टीमों में हेरफेर कर चुकी है।
चेन्नई आईपीएल में पहले बल्लेबाजी करते हुए 150 से कम रनों का टारगेट देकर 6 बार बाजी मार चुकी है। इस मामले में चेन्नई ने कोलकाता को 7 बार हराया है। आखिरी रिकॉर्ड चेन्नई के बुजुर्ग फिरकी गेंदबाज ब्रैड हॉग के नाम दर्ज हुआ है। चेन्नई के खिलाफ मैदान में उतरे 44 वर्षीय हॉग आईपीएल के सबसे बुजुर्ग क्रिकेटर बन गए है। इससे पहले यह रिकॉर्ड राजस्थान के स्पिनर प्रवीन तांबे (43 वर्ष) के नाम दर्ज था।