Buchi Babu Tournament: भारतीय खिलाड़ियों का निराशाजनक प्रदर्शन जारी, TNCA इलेवन सेमीफाइनल में, मुंबई को हराया
मुंबई की टीम 510 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चौथे दिन महज 223 रन बना सकी। इसमें शम्स मुलानी ने 68 रन बनाए। टीएनसीए इलेवन के लिए सी ए अच्युत और आर साई किशोर ने तीन-तीन विकेट झटके। भारत की टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार ने अपने हाथ में लगी चोट के कारण बल्लेबाजी नहीं की।
विस्तार
बुची बाबू टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में शुक्रवार को टीएनसीए इलेवन ने मुंबई को 286 रनों से हराकर प्रवेश कर लिया। इस मुकाबले में श्रेयस अय्यर और सरफराज खान फ्लॉप रहे जबकि सूर्यकुमार यादव ने चोट की वजह से बल्लेबाजी नहीं की।
मुंबई की टीम 510 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चौथे दिन महज 223 रन बना सकी। इसमें शम्स मुलानी ने 68 रन बनाए। टीएनसीए इलेवन के लिए सी ए अच्युत और आर साई किशोर ने तीन-तीन विकेट झटके। भारत की टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार ने अपने हाथ में लगी चोट के कारण बल्लेबाजी नहीं की।
मुंबई ने रात के बिना विकेट गंवाए छह रन से खेलना शुरू किया। मुशीर खान (40) और दिव्यांश सक्सेना (26) ने पहले विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी का अंत आर सोनू यादव ने दिव्यांश को आउट करके किया। इसके बाद मुंबई के बल्लेबाज कोई भी बड़ी साझेदारी नहीं बना सके। टीम के लिए 40 से ज्यादा रन की सिर्फ दो साझेदारियां हुईं।
श्रेयस अय्यर (22) और सिद्धांत आधाथरााव (28) ने तीसरे विकेट के लिए 49 रन जोड़े। मुंबई के कप्तान सरफराज ने चार गेंद खेलकर शून्य पर आउट हुए। बाद में मुलानी (68) और मोहित अवस्थी (नाबाद शून्य) ने नौवें विकेट के लिए 46 रन जोड़े। मुलानी ने 96 गेंद की पारी में छह चौके और दो छक्के जड़े। मुलानी आउट होने वाले नौवें खिलाड़ी रहे। मुंबई की टीम में शामिल भारतीय स्टार खिलाड़ी पहली पारी में भी अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर सके थे। अय्यर ने दो, सूर्यकुमार ने 30 और सरफराज ने छह रन बनाए थे।