बांग्लादेश की चुनौती को तैयार अफगानिस्तान, राशिद पर रहेगी सबकी नजर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अफगानिस्तान की टीम अपने दूसरे घरेलू मैदान देहरादून में रविवार से तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेलने उतरेगी। अन्य दो मैच पांच और सात जून को खेले जाएंगे। भारत के खिलाफ 14 जून से होने वाले अपने पहले ऐतिहासिक टेस्ट से पूर्व अफगानिस्तान के पास अपनी तैयारियों को बेहतर करने का मौका है। बेशक टी-20 और टेस्ट दोनों अलग-अलग प्रारूप हैं।
भारत और अफगानिस्तान के बीच ऐतिहासिक टेस्ट की घोषणा जनवरी में हो गई थी लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ तीन टी-20 सीरीज का आयोजन राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने का फैसला पिछले महीने हुआ। अफगानिस्तान की टी-20 और टेस्ट मैच दोनों प्रारूपों की टीमें अलग-अलग अभ्यास कर रही हैं। जहां पांच दिवसीय प्रारूप के लिए टीम सुबह तो टी-20 के लिए शाम को अभ्यास करती है। केवल पांच खिलाड़ी कप्तान असगर स्टेनिकजई, मोहम्मद शहजाद, राशिद खान, मुजीद जादरान और मोहम्मद नबी ऐसे हैं जो दोनों प्रारूपों खेलेंगे।
कोच फिल सिमंस का कहना है कि वह भारत के खिलाफ टेस्ट से पहले कुछ और अभ्यास मैच पसंद करते लेकिन कार्यक्रम इतना व्यस्त है कि यही संभव हो सकता था। अफगानिस्तान की टीम दस दिन पहले यहां पहुंची है। इससे पहले टीम नोएडा की गर्मी में अभ्यास कर रही थी लेकिन दून की वादियों में उसे कुछ बेहतर जरूर लगा होगा।
अफगानिस्तान की टी-20 रैंकिंग बेहतर
टी-20 रैंकिंग में अफगानिस्तान की टीम आठवें स्थान पर है जबकि बांग्लादेश दसवें स्थान पर है। इससे पहले दोनों टीमों के बीच टी-20 में एक मुकाबला हुआ है तब 2014 टी-20 विश्व कप में बांग्लादेश ने नौ विकेट से जीत हासिल की थी लेकिन उसके बाद अफगानिस्तान टीम ने काफी प्रगति की है।
अब वह शीर्ष टीमों को भी चौंकाने में सक्षम है। स्पिन स्टार राशिद खान पर अफगानिस्तान का काफी दारोमदार रहेगा जबकि बांग्लादेश के लिए कप्तान ऑलराउंडर शाकिब अल हसन अहम भूमिका निभाएंगे। चार दिन पहले यहां पहुंची बांग्लादेश की टीम में तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान नहीं हैं जो आईपीएल में लगी चोट के कारण इस सीरीज से हट गए हैं।