रणजी रणः पंजाब की जीत से भज्जी की वापसी का जश्न
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कप्तान हरभजन सिंह ने टेस्ट टीम में वापसी का जश्न हैदराबाद के खिलाफ रणजी ट्राफी ग्रुप ‘ए’ मैच में सोमवार को तीन विकेट लेकर और पंजाब को पारी और 68 रन से जीत दिलाकर मनाया। हैदराबाद ने पहली पारी में 258 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब ने जीवनजोत सिंह (213) के दोहरे शतक की मदद से पहली पारी छह विकेट पर 565 रन पर घोषित की। हैदराबाद की टीम दूसरी पारी में कप्तान वीवीएस लक्ष्मण (67) के अर्धशतक के बावजूद 239 रन पर ही लुढ़क गई। मध्यम तेज गेंदबाज सिद्धार्थ कौल ने पांच विकेट लिए। इस जीत से पंजाब को सात अंक मिले।
मुंबई को मिले तीन अंक
रेलवे के खिलाफ ड्रा समाप्त हुए ग्रुप ‘ए’ मैच से पहली पारी की बढ़त के आधार पर मुंबई ने तीन अंक हासिल किए जबकि रेलवे को एक अंक मिला। मुंबई ने पहली पारी में तीन शतकों की मदद से 570 रन बनाए। जवाब में रेलवे की टीम 426 रन ही बना सकी। दूसरी पारी में मुंबई ने पांच विकेट पर 230 रन बना लिए थे तभी मैच ड्रा समाप्त घोषित कर दिया गया। भारतीय टेस्ट टीम में जगह पाने वाले अजिंक्य रहाणे ने 81 गेंदों पर सात चौके और दो छक्के की मदद से 84 जबकि ओपनर कौस्तुभ पवार ने 85 रन बनाए। सचिन तेंदुलकर दूसरी पारी में बल्लेबाजी को नहीं उतरे।
जीत से चूका हिमाचल
रोहन प्रेम ने शतकीय पारी (नाबाद 104) खेल हिमाचल प्रदेश को केरल के खिलाफ जीत से रोक दिया। केरल के पहली पारी के 229 रन के जवाब में हिमाचल ने अपनी पहली पारी छह विकेट पर 536 रन बनाकर घोषित कर दी। जवाब में दूसरी पारी में केरल की आधी टीम 92 रन तक पेवेलियन लौट गई थी और लग रहा था कि हिमाचल पारी की जीत हासिल करने में कामयाब रहेगा लेकिन प्रेम ने छठवें विकेट के लिए रोबर्ट फर्नांडीज (31) के साथ 99 और आर गोमेज (21) के साथ सातवें विकेट के लिए नाबाद 65 रन की साझेदारी कर टीम को बचा लिया।
असम का परफेक्ट टेन
असम ने त्रिपुरा को ग्रुप ‘सी’ मैच में दस विकेट से हराकर सात अंक हासिल किए। असम को जीत के लिए 62 रन का लक्ष्य मिला जो उसने 15.2 ओवर में बिना कोई विकेट खोए हासिल कर लिया। ओपनर पल्लवकुमार दास ने नाबाद 52 रन ठोके। असम ने पहली पारी में 450 रन बनाए थे। जवाब में त्रिपुरा की टीम महज 145 रन पर सिमट गई थी। दूसरी पारी में हालांकि कप्तान अजय रात्रा ने 124) और निचले क्रम के बल्लेबाजों ने संभल कर खेलते 366 रन बनाकर टीम को पारी की हार से बचा लिया। असम की ओर से जेएस सैयद ने दूसरी पारी में चार विकेट लिए।
बंगाल, राजस्थान में मैच ड्रा
गत चैंपियन राजस्थान और बंगाल के बीच ग्रुप ‘ए’ मैच ड्रा समाप्त हो गया। बंगाल को पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन और राजस्थान को एक अंक मिला। राजस्थान को जीत के लिए 330 रन का लक्ष्य मिला लेकिन मैच ड्रा समाप्त होने तक वह तीन विकेट पर 181 रन ही बना सका। कप्तान रिषिकेश कानितकर ने नाबाद 80 और रश्मि परीदा ने 52 रन बनाए। बंगाल ने पहली पारी में 258 रन बनाए जवाब थे। जवाब में राजस्थान 161 ही बना सका। बंगाल ने दूसरी पारी नौ विकेट पर 232 रन बनाकर घोषित की। राजस्थान के पंकज सिंह ने मैच में कुल नौ विकेट लिए।