Champions Trophy: ऑस्ट्रेलियाई टीम पाकिस्तान पहुंची, 2009 के बाद पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर होंगी नजरें
ऑस्ट्रेलिया टीम का लाहौर पहुंचने पर जोरदार स्वागत हुआ। पाकिस्तान क्रिकेट ने ऑस्ट्रेलिया टीम के पहुंचने का वीडियो पोस्ट किया है जिसमें ट्रेविस हेड, ग्लेन मैक्सवेल और मार्नस लाबुशेन जैसे खिलाड़ी नजर आ रहे हैं।
विस्तार
ऑस्ट्रेलिया टीम का लाहौर पहुंचने पर जोरदार स्वागत हुआ। पाकिस्तान क्रिकेट ने ऑस्ट्रेलिया टीम के पहुंचने का वीडियो पोस्ट किया है जिसमें ट्रेविस हेड, ग्लेन मैक्सवेल और मार्नस लाबुशेन जैसे खिलाड़ी नजर आ रहे हैं। चैंपियंस ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया के ग्रुप में अफगानिस्तान, दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड शामिल हैं। टीम का नेतृत्व स्टीव स्मिथ करेंगे क्योंकि नियमित कप्तान पैट कमिंस चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हैं।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने एक्स पर लिखा, ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए लाहौर पहुंच गई है। वे 22 फरवरी को गद्दाफी स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ टूर्नामेंट का अपना पहला मैच खेलेंगे।
टीम दो समूह में पाकिस्तान पहुंची। पहले समूह में कप्तान स्टीव स्मिथ, कोच और सहयोगी स्टाफ के सदस्य शामिल थे जो दुबई के रास्ते कोलंबो से पाकिस्तान पहुंचे। दूसरा समूह भी कोलंबो से दुबई होते हुए लाहौर पहुंचा जिसमें 15 खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के दो अतिरिक्त सदस्य शामिल थे। हाइब्रिड मॉडल समझौते के अनुसार अपने सभी मैच दुबई में खेलने वाले भारत की तरह ऑस्ट्रेलियाई टीम भी चैंपियंस ट्रॉफी से पहले कोई अभ्यास मैच नहीं खेलेगी क्योंकि वे हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ दो मैच की वनडे सीरीज में खेलकर यहां आए हैं। ऑस्ट्रेलिया को श्रीलंका के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था।
The Australian cricket team has arrived in Lahore for the @ICC #ChampionsTrophy 2025! 🇦🇺🛬
— Pakistan Cricket (@TheRealPCB) February 17, 2025
They will play their first match of the tournament on 22 February against England at the Gaddafi Stadium 🏟️ pic.twitter.com/mN7R07OyaE
ऑस्ट्रेलिया ने 2006 और 2009 में लगातार दो बार चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था, लेकिन तब से वह इस टूर्नामेंट की विजेता नहीं बन सकी है। स्मिथ की अगुआई वाली टीम की नजरें इस आईसीसी टूर्नामेंट में अपने खिताबी सूखे का अंत करने की होगी।