World Cup 2019: मुशफिकुर की पारी पर डेविड वॉर्नर का शतक पड़ा भारी, ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को हराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विश्व कप के 26वें मुकाबले में गुरूवार को नाटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच मुकाबला खेला गया। डेविड वार्नर के तूफानी 166 रन और फिंच-ख्वाजा के अर्धशतकों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार के नाटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश को 48 रनों से हरा दिया।
ऑस्ट्रेलिया के 381 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने भी शानदार बल्लेबाजी की और मैच जीतने के लिए जोर लगाया लेकिन वे 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 333 रन बना पाई।
दूसरी पारी में बांग्लादेश की तरफ से मुशफिकुर रहीम ने शतक, और तमीम-महमुदुल्लाह ने अर्धशतक लगाया वहीं ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिचेल स्टार्क और नाथन कुल्टरनाईल ने 2-2 विकेट निकाले।
बांग्लादेश की पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेशी टीम की शुरुआत निराशाजनक रही। महज 23 रन के स्कोर पर टीम का पहला विकेट सलामी बल्लेबाज सौम्या सरकार (10) के रूप में गिरा। वह रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। फिंच ने उन्हें 3.5 ओवर में डायरेक्ट थ्रो कर चलता किया।
इसके बाद 18.1 ओवर में ऑस्ट्रेलिया धाकड़ खिलाड़ी शाकिब अल हसन के रूप में बड़ी सफलता मिली। खतरनाख तेज गेंदबाज मार्कस स्टोइनिस ने शाकिब को वॉर्नर के हाथों कैच आउट कराकर बांग्लादेख को तगड़ा झटका दिया। शाकिब ने 41 गेंदों में चार चौके की मदद से 41 रन बनाए। दूसरे विकेट के लिए शाकिब और तमीम के बीच 79 रन की साझेदारी हुई।
24.1 ओवर में कंगारू तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने बांग्लादेश को तीसरा झटका दिया। उन्होंने तमीम इकबाल को क्लीन बोल्ड कर चलता किया। तमीम ने 74 गेंदों में छह चौके की मदद से 62 रन बनाए। उन्होंने 65 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके कुछ देर बाद लिटन दास 20 रन बनाकर आउट हो गए। एडम जाम्पा ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट किया।
ऑस्ट्रेलिया की पारी
इससे पहले डेविड वॉर्नर (161) और उस्मान ख्वाजा (89) की बेहतरीन पारियों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 382 रन का लक्ष्य रखा है। नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज मैदान पर खेले जा रहे इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 381 रन बनाए। बांग्लादेश की तरफ से सबसे ज्यादा सौम्या सरकार ने तीन विकेट चटकाए।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया टीम ने बेहतरीन शुरुआत की। 20.5 ओवर में कंगारू टीम को कप्तान आरोन फिंच के रूप में पहला झटका लगा। सौम्या सरकार ने उन्हें रूबेल हुसैन के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया। फिंच ने 51 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के की मदद से 53 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। पहले विकेट के लिए वॉर्नर और फिंच के बीच 121 रनों की साझेदारी हुई।
फिंच के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए उस्मान ख्वाजा ने वॉर्नर के मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और स्कोर को 300 के पार पहुंचाया। मगर 44.2 ओवर में सौम्या सरकार ने वॉर्नर को रूबैल हुसैन के हाथों कैच आउट कराकर ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका दिया। वॉर्नर ने 147 गेंदों में 14 चौके और पांच छक्के की मदद से 166 रन की धुआंधार पारी खेली। वॉर्नर ने 110 गेंदों में अपना करियर का 16वां शतक पूरा किया। दूसरे विकेट के लिए वॉर्नर और ख्वाजा के बीच 192 रनों की बेहतरीन साझेदारी हुई।
इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को ग्लेन मैक्सवेल के रूप में तीसरा झटका लगा। वह 10 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के की मदद से ताबड़तोड़ 32 रन बनाए। सौम्या सरकार की गेंद पर रबैल हुसैन ने उन्हें डायरेक्ट थ्रो कर चलता किया। इसी ओवर में सरकार ने ऑस्ट्रेलिया को एक और झटका दिया। सरकार ने ख्वाजा को विकेटकीपर मुश्फिकुर के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन भेजा। उस्मान ख्वाजा ने 72 गेदों में 10 चौके की मदद से 89 रन की शानदार पारी खेली।
टीमें इस प्रकार हैं
ऑस्ट्रेलिया: आरोन फिंच (कप्तान), डेविड वॉर्नर, उस्मान ख्वाजा, स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, एलेक्स केरी (विकेटकीपर), नाथन कोल्टर नाइल, पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, एडम जाम्पा।
बांग्लादेश: तमीम इकबाल, सौम्या सरकार, शाकिब अल हसन, मुश्फिकुर रहीम (विकेटकीपर), लिटन दास, महमूदुल्लाह, सब्बीर रहमान, मेहदी हसन मिराज, मशरफे मुर्तजा (कप्तान), रूबेल हुसैन, मुस्तफिजुर रहमान।