World Cup 2019: फिंच-वॉर्नर की फिफ्टी, ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से रौंदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डेविड वॉर्नर (89) और कप्तान आरोन फिंच (66) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को विश्व के चौथे मुकाबले में अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की पूरी टीम 38.2 ओवर में 207 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 34.5 ओवर में ही 209 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। इस मकाबले में डेविड वॉर्नर को शानदार पारी खेलने के लिए मैन ऑफ मैच से नवाजा गया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत शानदार हुई। मगर 16.2 ओवर में कप्तान गुलबदीन नाइब ने आरोन फिंच को मुजीब उर रहमान के हाथों कैच आउट कराकर ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका दिया। फिंच ने 66 गेंदों में 6 चौके और 4 छक्के की मदद से 66 रन की शानदार अर्धशकीय पारी खेली। पहले विकेट के लिए फिंच और वॉर्नर के बीच 96 रन की साझेदारी हुई।
इसके बाद फिरकी गेंदबाज राशिद खान ने 24.6 ओवर में ऑस्ट्रेलिया को उस्मान ख्वाजा (15) के रूप में दूसरा झटका दिया। दूसरे विकेट के वॉर्नर और ख्वाजा के बीच 60 रन की शानदार साझेदारी हुई। इसके बाद 34.4 ओवर में मुजीब उर रहमान ने स्टीव स्मिथ को जजई के हाथों कैच आउट कराया।
इससे पहले अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 208 रन का लक्ष्य रखा है। अफगानिस्तान की तरफ से नजीबुल्लाह जादरान (51), रहमत शाह (31), कप्तान गुलबदीन नायब (31) और राशिद खान ने 27 रन की आक्रामक पारी खेली। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एडम जाम्पा और पैट कमिंस ने तीन-तीन, मार्कस स्टोइनिस ने दो और मिशेल स्टार्क ने एक विकेट हासिल किए।
अफगानिस्तान की पारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत निराशाजनक रही। महज 5 रन के स्कोर पर टीम के दो विकेट गिर गए। पहले ओवर की तीसरी गेंद पर मिशेल स्टार्क ने विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद शहजाद (0) को क्लीन बोल्ड किया, जबकि दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर पैट कमिंस ने हजरतुल्लाह जजई (0) को विकेटकीपर एलेक्स केरी के हाथों कैच आउट कराकर चलता किया।
इसके बाद 13.5 ओवर में एडम जाम्पा ने हशमतुल्ला शाहिदी (18) को विकेट के पीछे केरी के हाथों कैच आउट कराकर अफगानिस्तान को तीसरा झटका दिया। तीसरे विकेट के लिए शाहिदी और रहमत शाह के बीच 51 रन की शानदार अर्धशतकीय साझेदारी हुई।
19.2 ओवर में अफगानिस्तान को बड़ा झटका लगा। जाम्पा ने सलामी बल्लेबाज रहमत शाह को स्टीव स्मिथ के हाथों कैच आउट कराया। शाह ने 60 गेंदों में 6 चौके की मदद से 43 रन बनाए। इसके बाद टीम के स्टार ऑलराउंडर मोहम्म्द नबी भी सस्ते में निपट गए। वह केवल 7 रन बनाकर रनआउट हो गए।
यहां से जादरान और नायब ने मिलकर पारी को संभाला और स्कोर को 150 के पार पहुंचाया, लेकिन 34वें ओवर में स्टोइनिस की पहली गेंद पर नायब कैच आउट हो गए उनका कैच विकेटकीपर केरी ने लपका। नायब ने 31 रन बनाए। छठे विकेट के लिए नायब और जादरान के बीच 83 रन की शानदार साझेदारी हुई।
वहीं, इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर स्टोइनिस ने नजीबुल्लाह जादरान को केरी के हाथों कैच आउट कराया। जादरान ने 66 गेंदों में 51 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। इसके बाद टीम के एक के बाद एक विकेट गिरते गए। आखिरी में राशिद खान (27) और मुजीब रहमान (13) के बीच 39 रन की अच्छी साझेदारी हुई। राशिद ने महज 11 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्के की मदद से धमाकेदार 27 रन बनाए।
दोनों टीमें इस प्रकार हैः
ऑस्ट्रेलिया: आरोन फिंच (कप्तान), डेविड वॉर्नर, उस्मान ख्वाजा, स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, एलेक्स केरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस, नाथन कुल्टर नाइल, मिशेल स्टार्क, एडम जाम्पा।
अफगानिस्तानः मोहम्मद शहजाद (विकेटकीपर), हजरतुल्लाह जजई, रहमत शाह, हशमतुल्ला शाहिदी, नजीबुल्लाह जादरान, मोहम्मद नबी, गुलबदीन नायब, राशिद खान, मुजीब-उर-रहमान, हामिद हसन, दावत जादरान।