अलविदा अटल: क्रिकेट से रहा गहरा नाता, कपिल देव ने बताया था उनका एक खास किस्सा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का गुरुवार को दिल्ली के ऑल इंडिया मेडिकल इंस्टीट्यूट (एम्स) में निधन हो गया। 93 वर्षीय वाजपेयी यूरिन इन्फेक्शन और किडनी संबंधी परेशानी से जूझ रहे थे। वाजपेयी को जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था। वाजपेयी के निधन से पूरे देश में शोक की लहर फैल गई है।
एम्स ने एक बयान जारी कर जानकारी दी, 'पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने शाम 05.05 बजे अंतिम सांस ली। पिछले 36 घंटों में उनका स्वास्थ्य काफी खराब हो गया था। डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की पर उन्हें बचाया नहीं जा सका।'
आपको बता दें कि वाजपेयी साल 1991, 1996, 1998, 1999 और 2004 में लोकसभा सदस्य चुने गए थे। वह बतौर प्रधानमंत्री अपना कार्यकाल पूर्ण करने वाले पहले और अभी तक एकमात्र गैर-कांग्रेसी नेता थे। एक बेहतरीन वक्ता और कवि होने के साथ-साथ वाजपेयी का क्रिकेट से बहुत लगाव था। वह जानते थे कि क्रिकेट एक ऐसा जरिया है, जिससे पड़ोसी पाकिस्तान के साथ संबंध सुधारे जा सकते हैं।
...जब क्रिकेट की मदद से अटल ने उठाया रिश्ते ठीक करने का बीड़ा
2004 में अटल जी की पहल के बाद ही आतंक के साये में भारत ने पाकिस्तान का ऐतिहासिक दौरा किया था। इसे दोनों देशों के संबंधों के लिए अहम धूरी माना गया था। अपने कार्यकाल के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी ने भारत-पाकिस्तान के बीच आए रिश्तों में खटास को हटाने के लिए खेल की मदद ली थी। लगभग 14 साल बाद पहली बार टीम इंडिया साल 2004 में सौरव गांगुली की कप्तानी में पांच वन-डे और तीन टेस्ट की सीरीज खेलने पाकिस्तान रवाना हुई थी।
बहरहाल, इससे भी पहले अटल जी ने भारत-पाकिस्तान रिश्ते सुधारने के लिए अहम कदम उठाया था। उन्होंने फरवरी 1999 में भारत और पाकिस्तान के बीच शांति बढ़ाने के इरादे से बस सेवा शुरू की। इस बस सर्विस को आधिकारिक रूप से सदा-ए-सरहद के नाम से जाना जाता है। भारत-पाक रिश्तों में नरमी लाने और दोनों देशों के बीच यातायात की सुविधा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वाजपेयी ने यह बस सर्विस शुरू की थी।
इस बस में उनके साथ कई मशहूर बॉलीवुड और क्रिकेट सेलिब्रिटीज भी मौजूद थीं। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान कपिल देव भी अटल जी के साथ इसमें मौजूद थे। उन्होंने एक कॉमेडी शो में अटल बिहारी जी को लेकर एक मजेदार किस्सा भी बताया और साथ ही यह भी कहा कि वह इतने ज्ञानी थे कि जानते थे कि क्रिकेट से दोनों देशों के बीच क्या फर्क पड़ेगा।
कपिल देव की वो मिमिक्री, जिस पर हंस-हंस कर लोट-पोट हुए सभी
कपिल ने इस दौरान अटल बिहारी वाजपेयी की मिमिक्री भी की, जिस पर दर्शकों ने जोरदार ठहाके भी लगाए। कपिल देव ने कहा, 'अटल जी के साथ हम सभी पाकिस्तान उस बस में गए थे। मैं और जावेद साहब बैठे देख रहे थे कि कैसे देव आनंद और अटल बिहारी के बीच वार्तालाप हो रही है, जिस पर हम अपनी हंसी नहीं रोक सके। अटल जी अपने चिर-परिचित अंदाज में धीमे-धीमे चल रहे थे जबकि देव आनंद साहब अपनी पूरी ऊर्जा के साथ अटल जी से बातचीत करने में मग्न थे।'
इस दौरान कपिल देव ने अटल जी और देव आनंद की मिमिक्री करके बताई और फिर कहा कि ये दोनों हस्तियां महान हैं। अटल जी के बारे में कपिल देव ने कहा, 'वह एक महान शख्सियत हैं, जो हर चीज की अहमियत जानते हैं। उन्हें पता था कि क्रिकेट से दोनों देशों के बीच रिश्ते कैसे सुधर सकते हैं।' इसका परिणाम 2004 में देखने को भी मिला जब टीम इंडिया पूरी सीरीज (टेस्ट और वन-डे) के लिए पाकिस्तान गई थी।
सौरव गांगुली के नेतृत्व वाली टीम इंडिया ने पाकिस्तान में ऐतिहासिक जीत दर्ज की और अपने प्रधानमंत्री का मान बढ़ाया।