32 साल बाद क्रिकेट के मैदान पर फिर दिखेगी 'अनोखी' खिताबी जंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वेलेंटाइन डे यानी 14 फरवरी का दिन क्रिकेट वर्ल्ड के लिए बेहद शानदार होने जा रहा है क्योंकि रविवार को इस खेल के मैदान पर 32 साल बाद इतिहास फिर से लिखा जाएगा जब भारतीय टीम खिताब के लिए मैदान पर उतरेगी।
रविवार को भारत और श्रीलंका के बीच तीसरे टी-20 मैच से पहले ही अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताबी मुकाबला खेला जाएगा जिसमें भारतीय टीम को वेस्टइंडीज की टीम चुनौती देगी। 32 साल के लंबे इंतजार के बाद दोनों टीमें आईसीसी की किसी टूर्नामेंट के फाइनल में एक-दूसरे के खिलाफ उतरने जा रही हैं। इससे पहले 1983 में दोनों टीमें लॉर्ड्स में तीसरे आईसीसी वर्ल्ड कप (सीनियर) में आमने-सामने थीं जिसमें टीम इंडिया को जीत मिली थी।
राहुल द्रविड़ की कोचिंग में टीम इंडिया ने लगातार 5 मैच जीतकर पहले ही फाइनल में जगह बना लिया था जबकि कैरेबियाई टीम ने बृहस्पतिवार को मेजबान बांग्लादेश को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले वेस्टइंडीज की टीम 2004 में फाइनल में पहुंची थी तब भी मेजबान देश बांग्लादेश ही था। भारत पांचवीं बार फाइनल में पहुंचा है जिसमें 3 बार खिताब जीतने में कामयाब भी रहा है।
दूसरी बार फाइनल में पहुंची है वेस्टइंडीज की टीम
मीरपुर में वेस्टइंडीज की टीम ने बृहस्पतिवार को मेजबान बांग्लादेश को 3 विकेट से हराकर अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया। दूसरे सेमीफाइनल में ‘मैन ऑफ द मैच’ बने वेस्टइंडीज के खिलाड़ी शामर स्प्रिंगर ने 36 रनों पर 2 विकेट लेने के अलावा नाबाद 62 रनों की पारी भी खेली और जीत के नायक बने।
इससे पहले बांग्लादेश की टीम पहले बल्लेबाजी चुनने के बाद 226 रनों पर आउट हो गई थी और वेस्टइंडीज ने 48.4 ओवरों में 7 विकेट पर 230 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। बांग्लादेश टीम की शुरुआत खराब हुई थी जब उसने 27 रनों पर दोनों ओपनरों के विकेट गंवा दिए थे। टीम 88 रनों पर 4 विकेट गंवा चुकी थी।
मेजबान टीम के लिए मेहदी हसन ने सर्वाधिक 60 रन बनाए। छठे विकेट पर उन्होंने मोहम्मद सैफुद्दीन (36) के साथ 85 रन जोड़े। तेज गेंदबाज कीमो पाल (3/20) ने लगातार दो गेंदों पर दोनों बल्लेबाजों के विकेट ले लिए। वेस्टइंडीज ने भी नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए लेकिन कप्तान शिमरोन हेटमेयर (60) ने पारी संभाल ली। शामर स्प्रिंगर ने अंत में उपयोगी योगदान दिया।