एबी डीविलियर्स ले सकते हैं संन्यास, दिया बड़ा बयान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिण अफ्रीका के धाकड़ बल्लेबाज और वनडे टीम के कप्तान एबी डीविलियर्स जल्द ही टेस्ट क्रिकेट को छोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा है कि वह लगातार क्रिकेट से ऊब चुके हैं।
यह बयान हालांकि उनका इंग्लैंड के साथ मौजूदा टेस्ट सीरीज के दौरान आया है लेकिन सूत्रों के अनुसार, टीम इंडिया के खिलाफ 72 दिनों की मैराथन क्रिकेट सीरीज के बाद आराम के लिए पर्याप्त समय न मिल पाने के कारण वह बड़ा कदम उठा सकते हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में अपने दिल की बात कही है।
एबी इस वक्त इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में व्यस्त हैं। दक्षिण अफ्रीकी टीम की हालत पस्त है। टीम पर हार का संकट मंडरा रहा है।
पहली पारी में इंग्लैंड के 303 रनों के जवाब में अफ्रीकी पहली पारी 214 पर ऑलआउट हो गई। इसमें डीन इल्गर ने अकेले ही 118 रनों का नाबाद योगदान दिया। एबी फिफ्टी लगाने से एक रन से चूके। दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीकी टीम का संघर्ष जारी है।
जानें, क्या कहा एबी ने
डरबन टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद सोमवार को एबी ने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि वह लगातार क्रिकेट खेलने से ऊब चुके हैं और फिलहाल उन्हें आराम चाहिए। उन्होंने बातों ही बातों में ऐसे संकेत दिए है कि इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद वह टेस्ट से संन्यास ले सकते हैं।
उन्होंने कहा कि क्रिकेट में बेहद बिजी शेड्यूल होने के कारण वह परिवार को समय नहीं दे पा रहे हैं, इसलिए परिवार के साथ दुनिया भर में इधर-उधर घूमना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि सिर्फ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट ही नहीं आईपीएल और घरेलू टूर्नामेंट के कारण उन्हें समय नहीं मिल पा रहा है। ऐसी संभावना है कि टी-20 वर्ल्ड कप 2016 के बाद उन्हें कुछ समय के लिए टीम से बाहर कर क्रिकेट से आराम दिया जा सकता है।
अफ्रीकी टीम पर दोहरा संकट
दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज डीन एल्गर ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन नाबाद 118 रनों की पारी न खेली होती तो टीम के बुरे हाल निश्चित थे। लेकिन इसके बावजूद मेजबान टीम पहली पारी में 214 रनों पर ऑलआउट हो गई। पहले टेस्ट मैच में अफ्रीकी टीम का पिछड़ना टीम के लिए संकट है।
उधर, टीम को अपने तेज गेंदबाज डेल स्टेन की चोट से भी झटका लगा है। स्टेन अपने चौथे ओवर की दूसरी गेंद फेंकने के बाद दाएं कंधे में खिंचाव के कारण मैदान से लौटे। बाद में लौटकर उन्होंने तीन गेंद फेंकी लेकिन फिर दर्द के कारण उन्हें लौटना पड़ा।
स्कैन के बाद वह लौटे लेकिन गेंदबाजी नहीं की। स्टेन भारत के खिलाफ सीरीज में भी चोटिल रहे थे। उसके बाद फिट होकर लौटते हुए उन्होंने पहली पारी में 70 रन देकर चार विकेट झटके थे।