फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   Society: Now villain is the hero, the paradigm of determination has changed

समाज: अब खलनायक ही नायक है, बदल गए हैं निर्धारण के प्रतिमान

Fri, 27 Dec 2024 07:00 AM IST
मनोज मिश्र मनोज मिश्र
Updated Fri, 27 Dec 2024 07:00 AM IST
विज्ञापन
सार
राज कपूर की फिल्मों का नायक मूलत: आदर्शवादी है। इसके विपरीत पुष्पा के नायक को अपराध के लिए किसी वाजिब वजह की जरूरत नहीं पड़ती।
loader
Society: Now villain is the hero, the paradigm of determination has changed
पुष्पा 2 - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

विस्तार

दो दृश्य समानांतर उपस्थित हैं। एक ओर देश में राज कपूर के जन्म शताब्दी वर्ष पर विभिन्न समारोहों का आयोजन किया जा रहा है, तो वहीं दूसरी ओर देश के तमाम सिनेमाहॉलों में पुष्पा-2 की धूम है। भारतीय सिनेमा की पिछले 60-70 साल की यह यात्रा एक ध्रुव से दूसरे ध्रुव की यात्रा है। नितांत विपरीत ध्रुवों का सफर है। पहले राज कपूर की बात। राज कपूर की फिल्मों का नायक मूलत: आदर्शवादी है। स्वप्नदर्शी है। अगर वह कुछ गलत भी करता है, तो परिस्थितियों का शिकार होकर। उसके मन में हमेशा इस बात का एहसास रहता है कि उसने जो किया वह सही नहीं है। वह आम तौर पर समाज के विपन्न तबके से आता है। वह सपने जरूर देखता है, लेकिन इतने बड़े नहीं कि उन्हें पूरा करने के लिए अपराध की ऐसी राह पर चलना पड़े, जहां से लौटना नामुमकिन हो। वह जब नायिका से प्रेम करता है, तब भी अपनी शालीनता नहीं खोता। प्यार हुआ इकरार हुआ, प्यार से फिर क्यों डरता है दिल गाते हुए वह सिर पर टोपी, साधारण कोट-पैंट, मामूली जूते, सामान्य-सा छाता लेकर पृष्ठभूमि में लैंपपोस्ट की मद्धम रोशनी के साथ एक ऐसा लैंडस्केप रचता है, जो दर्शकों की स्मृति में हमेशा के लिए फ्रीज हो जाता है। इसमें आक्रामकता नहीं, बल्कि एक महाकाव्यात्मक गरिमा है।


कुछ फिल्मों को छोड़ दें, तो राज कपूर की ज्यादातर फिल्मों के करीब-करीब सभी नायक एक बेहतर मनुष्य हैं। सीधे-सरल। इसके विपरीत पुष्पा का नायक क्या है? वह लूटपाट करता है। हत्याएं करता है। स्मगलिंग करता है। सिगरेट-शराब बेधड़क पीता है। थोड़ा लचक कर चलते हुए जिस तरह व्यवहार करता है, उससे साफ तौर पर मनोरोगी प्रतीत होता है। किए गए अपराधों के प्रति उसमें किसी तरह की आत्मग्लानि नहीं है, बल्कि वह उनमें रस लेता है। स्त्रियों को लेकर उसके मन में कितना सम्मान है, यह उसके नायिका के साथ व्यवहार से समझा जा सकता है।


भारतीय सिनेमा की करुणा से जुगुप्सा तक की यह यात्रा सिर्फ सिनेमा की असफलता की कहानी नहीं है। एक समाज के तौर पर हम किस तरह बदलते चले गए हैं और आज कहां पहुंच गए हैं, उसका भी रूपक है। यह सफर हमने क्रमश: तय किया है। भारतीय सिनेमा के इस पक्ष को लेकर बहुत कुछ लिखा गया है कि जब देश आजाद हुआ तो उसके सामने बड़े सपने थे। उन्हें पूरा करने की हसरत थी। स्वतंत्रता के संघर्ष से गुजरी पीढ़ी के पास अपना आदर्शवाद था। और सिनेमा की कहानियों में समाज का यही जज्बा प्रतिध्वनित हुआ। वक्त बीता। धीरे-धीरे लोगों को समझ में आने लगा कि उनके सपनों का हकीकत में बदलना इतना आसान नहीं है।

स्वप्न भंग के इस दौर में समाज ने वैकल्पिक रास्ते अख्तियार कर लिए। अब सिनेमा की कहानियां भी बदलने लगीं। राजेश खन्ना की रूमानी फिल्मों तक, फिर भी आदर्शवाद का असर कुछ हद तक बचा रहा। लेकिन, एंटी हीरो के तौर पर अमिताभ बच्चन के उदय के साथ ही भारतीय सिनेमा ने एक नई राह पकड़ ली। अब नायक, प्रतिनायक में बदल गया। वह अपराधी की तरह व्यवहार करने लगा। मगर, यहां भी गनीमत थी। नायक के पास अपराध की कोई ठोस वजह होती थी। कुल मिलाकर दर्शकों के समक्ष यही संदेश जाता था कि गलत, गलत है और सही, सही। इसके विपरीत पुष्पा के नायक को अपराध करने के लिए किसी वाजिब वजह की जरूरत नहीं पड़ती। हिंसा उसके लिए आनंद का विषय है। अब खलनायक ही नायक है। नायक और प्रतिनायक की समाज में कहीं कोई जगह नहीं बची है। खलनायक की इतनी व्यापक स्वीकृति एक समाज के तौर पर हमारी असफलता का ही प्रतीक है। अब अहंकारी समाज का यही स्वर है-पुष्पा, झुकेगा नहीं साला!’
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed