क्या कहती है सुबह की पहली चाय: छोटी खुशियां हासिल करने में एक मिनट भी तो नहीं लगता, बड़ा करने की भागम-भाग…
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
जीवन की कुछ घटनाओं के कारण मैं कुछ दिनों से थोड़ा अभिभूत महसूस कर रही हूं। मैं चाहती हूं कि किसी पहाड़ की चोटी पर जाकर बैठ जाऊं, लेकिन मेरी यथार्थवादी योजना यह है कि मैं हर दिन खुद को तरोताजा महसूस करने के लिए छोटी-छोटी खुशियों की तलाश करूं। मसलन, हर सुबह मैं यह पता करती हूं कि क्या मेरे घर के पिछवाड़े में कोई नया पक्षी आया है। आज सुबह मुझे उत्तरी फ्लिकर पक्षी के बारे में पता चला, जिसके बारे में मुझे नहीं पता था कि इस नाम का कोई पक्षी होता भी है। चैपल हिल स्थित उत्तरी कैरोलिना विश्वविद्यालय में सकारात्मक भावनाएं और मनोविज्ञान प्रयोगशाला की निदेशक बारबरा फ्रेडरिकसन कहती हैं कि इस तरह की सकारात्मकता के सूक्ष्म क्षण आपके स्वास्थ्य में सुधार ला सकते हैं। हालांकि, ये पल क्षणिक हैं, पर ये ‘मनोवैज्ञानिक स्वास्थ्य और विकास के लिए पोषक तत्वों के रूप में कार्य कर सकते हैं, जिससे आपको धीरे-धीरे खुद को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।’
उनका और अन्य लोगों का शोध यह बताता है कि खुशी के इन अंशों को पहचानना, विकसित करना और उनका आनंद लेना एक व्यक्ति के रूप में भी आपका विकास करता है। प्रकाशनाधीन पुस्तक टुडे वाज फन की लेखिका ब्री ग्रॉफ कहती हैं, ‘एक छोटी-सी बात आपको परेशान कर सकती है, आप उससे चिढ़ सकते हैं। लेकिन इसके विपरीत, कुछ छोटी-छोटी बातें आपको ऐसी गहरी खुशियां दे सकती हैं, जिनकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते। वह कहती हैं कि मुझे अपनी डेस्क पर सभी चीजों को व्यवस्थित करने से शांति तो मिलती ही है, अपनी छोटी-सी दुनिया पर नियंत्रण का एहसास भी होता है।
द जॉय रीसेट की लेखिका मैरीकैथरीन मैकडोनाल्ड, कहती हैं कि सुबह की पहली चाय की चुस्की या फलों को छीलकर उसे बराबर टुकड़ों में काटने से भी खुशी मिलती है। ग्रॉफ कहती हैं कि इन छोटी-छोटी खुशियों में से किसी एक को आदत बनाने की कोशिश करें। वह कहती हैं कि जो गतिविधियां हमें ‘बड़ी खुशी’ देती हैं, जैसे छुट्टियां, उनके लिए बहुत अधिक योजना, धन, समय और प्रयास की आवश्यकता होती है। पर आप हर दिन कहीं बाहर नहीं जा सकते, कभी-कभी ही छुट्टियों का आनंद ले सकते हैं।
यदि आपको पेंटिंग करना पसंद है, और कैनवास व ब्रश निकालने का समय नहीं है, तो आप दिन में कोई एक स्केच बनाने का लक्ष्य रख सकते हैं। यदि बागवानी से खुशी मिलती है, तो अपने साथियों को उपहार में कोई पौधा दे सकते हैं। उन्हें अच्छा ही लगेगा। छोटी-छोटी खुशियां हासिल करने में एक मिनट भी तो नहीं लगता।