Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   26-11-mumbai-terror-attack-pakistan-terror-networks-international-links

आज भी आतंक का ठिकाना पाकिस्तान, 26/11 की बरसी पर दुनिया को याद दिलानी होगी आतंक की जड़ें

Thu, 26 Nov 2026 06:02 AM IST
Ashish Tiwari आशीष तिवारी
Updated Thu, 26 Nov 2026 06:02 AM IST
विज्ञापन
सार
26/11 की बरसी पर विचारणीय है कि आज भी पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठनों के वहां की हुकूमत और सुरक्षा प्रतिष्ठान के साथ रिश्ते खत्म नहीं हुए हैं।
loader
26-11-mumbai-terror-attack-pakistan-terror-networks-international-links
26/11 के 18 साल बाद भी कायम है आतंकी नेटवर्क का खतरा - फोटो : अमर उजाला प्रिंट

विस्तार

मुंबई पर 26 नवंबर, 2008 को हुआ हमला भारत के इतिहास में केवल एक आतंकी घटना नहीं थी। वह पाकिस्तान की जमीन पर तैयार हुए उस संगठित आतंकी नेटवर्क का अंतरराष्ट्रीय खुलासा था, जिसने भारत को निशाना बनाने के लिए प्रशिक्षण, भर्ती, फंडिंग और समुद्री रास्तों तक का इस्तेमाल किया। उन आतंकियों के पीछे एक बड़ा तंत्र काम कर रहा था।


उस हमले के 18 साल बाद भी पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठनों के पाकिस्तानी हुकूमत और सुरक्षा प्रतिष्ठान के साथ कथित रिश्तों को लेकर सवाल खत्म नहीं हुए हैं। इस नेटवर्क की पहुंच केवल भारत तक सीमित नहीं रही, बल्कि अमेरिका, ब्रिटेन, डेनमार्क व अफगानिस्तान तक इसके संपर्कों व साजिशों के प्रमाण सामने आए हैं। अमेरिकी कांग्रेस की रिसर्च सर्विस की 25 मार्च, 2026 को अपडेट की गई रिपोर्ट पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठनों की कहानी कहती है। इनमें लश्कर-ए-ताइबा तथा जैश-ए-मोहम्मद, अलकायदा नेटवर्क व पाकिस्तान के भीतर सक्रिय तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान जैसे संगठन शामिल हैं। इन संगठनों की कार्यप्रणाली (भर्ती, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और सीमा पार संपर्क) में एक समानता दिखाई देती है। लश्कर-ए-ताइबा का नाम मुंबई हमले से जुड़ा है, जबकि जैश-ए-मोहम्मद का नाम 2001 में भारतीय संसद पर हुए हमले सहित कई आतंकी घटनाओं के संदर्भ में सामने आया। इन संगठनों के नेतृत्व व सहयोगी संस्थाओं पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध भी लगाए गए हैं।26/11 की जांच में डेविड कोलमैन हेडली की भूमिका इस नेटवर्क का सबसे महत्वपूर्ण प्रमाण है। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, हेडली ने पाकिस्तान में लश्कर-ए-ताइबा के प्रशिक्षण शिविरों में पांच बार प्रशिक्षण लिया। संगठन के निर्देश पर उसने ताज होटल, ओबेरॉय होटल तथा दूसरे महत्वपूर्ण ठिकानों की रेकी की। अमेरिकी अदालत ने हेडली को 35 साल की सजा सुनाई। अमेरिकी न्याय विभाग के दस्तावेज बताते हैं कि हेडली ने लश्कर के संपर्कों और इलियास कश्मीरी से जुड़े लोगों के साथ डेनमार्क के अखबार जिलैंड्स पोस्टेन के कार्यालय और कर्मचारियों को निशाना बनाने की साजिश में भी भूमिका निभाई। इससे साफ है कि लश्कर से जुड़े नेटवर्क की गतिविधियां भारत तक सीमित नहीं थीं। पाकिस्तान में सक्रिय आंतकियों के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का एक और उदाहरण मई, 2010 में न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में सामने आया। पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी नागरिक फैसल शहजाद ने वहां कार बम विस्फोट करने की कोशिश की थी। उसने पाकिस्तान के वजीरिस्तान में तहरीक-ए-तालिबान से जुड़े प्रशिक्षकों से विस्फोटक बनाने का प्रशिक्षण लिया था। हालांकि बम विस्फोट नहीं हुआ और शहजाद को गिरफ्तार कर आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठनों के संबंधों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे चर्चित टिप्पणी सितंबर, 2011 में आई। अमेरिका के तत्कालीन ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ एडमिरल माइक मुलन ने हक्कानी नेटवर्क को आईएसआई की ‘वर्चुअल आर्मी’ बताया था। अफगानिस्तान में अमेरिकी दूतावास पर हमले के बाद उन्होंने पाकिस्तान की खुफिया व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। लश्कर के सरगना हाफिज सईद पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध और आतंक से जुड़े मामलों में सजाएं हुईं। जैश-ए-मोहम्मद के संस्थापक मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र ने मई, 2019 में वैश्विक आतंकवादी घोषित किया। पाकिस्तान आज भी आतंकियों के बड़े पनाहगाह के तौर पर ही देखा जाता है। अमेरिकी कांग्रेस की 2026 की रिपोर्ट इस बात की गवाह है कि पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठन मौजूद हैं।


26/11 की बरसी पर भारत के सामने यही सबसे बड़ा सवाल है। मुंबई की साजिश ने दिखाया था कि पाकिस्तान में बैठे आतंकी नेटवर्क ने किस तरह देश की आर्थिक राजधानी को निशाना बनाया। पाकिस्तान की शह पर वहां बैठे आतंकी अपने नेटवर्क से दुनिया में आतंकवाद फैला रहे हैं। पाकिस्तान को अपनी जमीन से चलने वाले हर आतंकी ढांचे को स्थायी रूप से खत्म करना ही होगा। जब तक ऐसा नहीं होता, 26/11 केवल इतिहास की तारीख नहीं, बल्कि दक्षिण एशिया की सुरक्षा के सामने खड़ा एक जीवित सवाल बना रहेगा।
edit@amarujala.com
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed