फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   t20 world cup semi final ind vs england, will team india repeat history

टी-20 सेमीफाइनल: इंग्लैंड के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी, टॉस जीतने वाली टीम पहले करना चाहेगी फील्डिंग

Thu, 10 Nov 2022 11:26 AM IST
Vinod Patahk विनोद पाठक
Updated Thu, 10 Nov 2022 11:26 AM IST
सार

आज एडिलेड मैदान पर दूसरा सेमीफाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। एडिलेड की पिच को बल्लेबाजों के लिए अनुकूल माना जा रहा है। ऐसे में टॉस जीतना बड़ा महत्वपूर्ण हो जाता है। टॉस जीतने वाली टीम निश्चित ही पहले फिल्डिंग करना चाहेगी, क्योंकि रनों से भरी पिच पर यदि टारगेट सेट हो जाए तो जीत थोड़ा आसान हो जाती है।

विज्ञापन
t20 world cup semi final ind vs england, will team india repeat history
भारत बनाम इंग्लैंड टी-20 विश्वकप सेमीफाइनल - फोटो : amarujala

विस्तार

ऑस्ट्रेलिया में जारी टी-20 वर्ल्ड कप अपने अंतिम पड़ाव पर आ पहुंचा है। आज एडिलेड मैदान पर दूसरा सेमीफाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। एडिलेड की पिच को बल्लेबाजों के लिए अनुकूल माना जा रहा है, ऐसे में टॉस जीतना बड़ा महत्वपूर्ण हो जाता है। टॉस जीतने वाली टीम निश्चित ही पहले फिल्डिंग करना चाहेगी, क्योंकि रनों से भरी पिच पर यदि टारगेट सेट हो जाए तो जीत थोड़ा आसान हो जाती है।

विज्ञापन


इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम की रणनीति देखें तो कप्तान रोहित शर्मा पिछली प्लेइंग इलेवन को जारी रखना चाहेंगे, जिसमें बल्लेबाजों और गेंदबाजों का एक संतुलन है, टीम में दो ऑलराउंडर भी हैं। ओपनिंग बल्लेबाजी कप्तान रोहित स्वयं के.एल. राहुल के साथ करेंगे। बांग्लादेश के खिलाफ जिस तरह से के.एल. राहुल ने हाथ खोले थे तो उनसे सेमीफाइनल में भी उम्मीद है कि वह टीम को एक अच्छी शुरुआत देंगे। प्रचंड फॉर्म में चल रहे विराट कोहली नंबर तीन और सूर्यकुमार यादव नंबर चार पर बल्लेबाजी करेंगे।

विज्ञापन

'विराट' पारी की उम्मीद

वैसे, सबकी नजरें विराट कोहली पर रहने वाली हैं। विराट ने ग्रुप मैचों के 5 मुकाबलों में 138.98 की स्ट्राइक रेट से 256 रन बनाए हैं, जबकि दूसरे महत्वपूर्ण बल्लेबाज सूर्य कुमार यादव हैं, जो 5 मैचों में 225 रन बना चुके हैं और उनका स्ट्राइक रेट 193.6 का है। हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल की भूमिका टीम में बतौर ऑलराउंडर रहने वाली है।

विज्ञापन
विज्ञापन


हार्दिक का स्थान तो तय है, अक्षर का रिप्लेसमेंट भी शायद टीम के पास नहीं है। वह भी प्लेइंग इलेवन में रहेंगे ही। नंबर पांच पर अक्षर या हार्दिक, दोनों में से कोई एक बल्लेबाजी कर सकता है। हालांकि, यह तय मैच की सिचुएशन को देखकर ही तय होगा।

विकेटकीपर को लेकर अभी थोड़ा सा असमंजस बना हुआ है, क्योंकि दिनेश कार्तिक अच्छी विकेटकीपिंग कर रहे हैं। हालांकि, अब तक उनका बल्ला नहीं चल पाया है। ऋषभ पंत को टीम मैनेजमेंट ने अब तक इस वर्ल्ड कप में एक मौका जिम्बाब्वे के खिलाफ दिया है। सेमीफाइनल में एक सरप्राइस के रूप में संभव है कि ऋषभ को स्थान मिल जाए। यदि ऋषभ को अंतिम 11 में रखा जाता है तो अंतिम ओवरों में धुआंधार बल्लेबाजी देखने को मिल सकती है।

t20 world cup semi final ind vs england, will team india repeat history
भारतीय क्रिकेट टीम - फोटो : Twitter

गेंदबाजी अच्छी लय में

तेज गेंदबाजी मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार के भरोसे रहेगी। मोहम्मद शमी और अर्शदीप सिंह, दोनों मिलाकर टूर्नामेंट में 16 विकेट चटका चुके हैं। भुवनेश्वर कुमार भी अच्छी लय में नजर आ रहे हैं। उन्हें भले चार ही विकेट मिले हों, लेकिन भुवी ने रन नहीं लुटाए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ 4 ओवर में मात्र 22 रन भुवी ने दिए थे।

स्पेशलिस्ट स्पिनर गेंदबाज के रूप में आर. अश्विन टीम में रहेंगे। आर. अश्विन को ऑलराउंडर्स में भी गिना जा सकता है। अंतिम समय में वह अच्छी बल्लेबाजी कर लेते हैं। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने जो समझदारी दिखाई थी, उसकी तारीफ क्रिकेट प्रेमियों ने खुलकर की।

टीम इंडिया ग्रुप मैचों में 5 में से चार मैच जीती। पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ उसे जीत के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा। इंग्लैंड की टीम भले सेमीफाइनल में पहुंच गई है, लेकिन उसे कम संघर्ष करना पड़ा है। 26 अक्टूबर को मेलबर्न में इंग्लैंड, आयरलैंड जैसी नई नवेली टीम से 5 रनों से हार गई थी। मेजबान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बारिश के कारण इंग्लैंड का मैच नहीं हो सका। देखा जाए तो इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड और श्रीलंका जैसी स्थापित टीमों से ही मुकाबला किया और वह जीती।


भारत का पलड़ा भारी

दोनों टीमों के टी-20 वर्ल्ड कप में मुकाबले देखें तो भारत का पलड़ा अब तक भारी रहा है। टी-20 वर्ल्ड कप में भारत-इंग्लैंड तीन बार भिड़े हैं और दो बार टीम इंडिया ने विजय हासिल की है। आज के मुकाबले में भी टीम इंडिया का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।

पूरी दुनिया की नजरें भारत-इंग्लैंड के मुकाबले पर रहने वाली हैं, क्योंकि पाकिस्तान पहले ही फाइनल में पहुंच चुका है और क्रिकेट प्रेमी आज के सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की जीत ही देखना चाहते हैं, ताकि फाइनल में भारत-पाकिस्तान का रोमांच एक बार फिर सिर चढ़कर बोल सके।


---------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed