आईपीएल 2024: दिनेश कार्तिक के नाम दर्ज हुआ अनचाहा शर्मनाक रिकॉर्ड
दिनेश कार्तिक का जन्म तेलुगु बोलने वाले परिवार में 1 जून 1985 को चेन्नई में हुआ। उनके पिता भी क्रिकेटर रह चुके हैं और फर्स्ट क्लास खेले हैं। क्रिकेट की शुरुआती कोचिंग दिनेश को पिता ने ही दी। वर्ष 1999 में दिनेश ने तमिलनाडु की अंडर-14 टीम में खेलना शुरू किया और वर्ष 2000-2001 के सीजन में उन्हें अंडर-19 टीम में ले लिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक के नाम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में एक अनचाहा शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। दिनेश कार्तिक आईपीएल के इतिहास में सर्वाधिक 18 बार शून्य पर आउट होने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। भले दिनेश कार्तिक के नाम यह अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हुआ हो, लेकिन जितना संघर्ष दिनेश कार्तिक ने निजी जीवन और क्रिकेट करियर में किया, वो शायद ही किसी अन्य क्रिकेटर ने किया होगा या करेगा। दिनेश कार्तिक ने बेहद विषम परिस्थितियों के बावजूद क्रिकेट में जो मुकाम हासिल किया, वो वाकई काबिले तारीफ है।
दिनेश कार्तिक का जन्म तेलुगु बोलने वाले परिवार में 1 जून 1985 को चेन्नई में हुआ। उनके पिता भी क्रिकेटर रह चुके हैं और फर्स्ट क्लास खेले हैं। क्रिकेट की शुरुआती कोचिंग दिनेश को पिता ने ही दी। वर्ष 1999 में दिनेश ने तमिलनाडु की अंडर-14 टीम में खेलना शुरू किया और वर्ष 2000-2001 के सीजन में उन्हें अंडर-19 टीम में ले लिया गया।
दिनेश न केवल अच्छे विकेटकीपर साबित हो रहे थे, बल्कि उनकी फिटनेस भी अव्वल दर्जे की थी। जल्द ही उन्हें टीम इंडिया में खेलने का मौका मिल गया। 5 सितंबर 2004 को प्रसिद्ध लॉर्ड्स मैदान में मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने देश के लिए पहला वनडे मैच खेला। खास बात यह है कि टीम इंडिया में दिनेश कार्तिक की एंट्री महेंद्र सिंह धोनी से पहले हुई। धोनी ने अपना पहला इंटरनेशनल वनडे मैच दिसंबर 2004 में खेला था।
हालांकि, दिनेश कार्तिक को टीम इंडिया में खेलने का बहुत अधिक मौका नहीं मिला। 20 साल के इंटरनेशनल करियर में वो कई बार टीम के अंदर और बाहर हुए। दो दशक में उन्हें 26 टेस्ट, 94 वनडे और 60 टी-20 मैच ही देश के लिए खेलने का मौका मिला। टेस्ट में उनके 1025 रन, जिसमें एक शतक और सात अर्द्धशतक हैं। वनडे में उन्होंने कोई शतक नहीं लगाया, केवल 9 अर्द्धशतक के साथ 1752 रन बनाए हैं, जबकि टी-20 में एक अर्द्धशतक के साथ 686 रन बनाए हैं।
उन्हें टीम में अधिक मौके न मिलने का बड़ा कारण यह भी रहा कि इस दौर में धोनी न केवल टीम इंडिया के विकेटकीपर थे, बल्कि कप्तान भी थे। हालांकि, आईपीएल में दिनेश कार्तिक ने विराट कोहली से अधिक मैच खेले हैं। 255 आईपीएल मैच खेलकर वो तीसरे नंबर पर हैं, जबकि 263 मैच के साथ धोनी पहले और 256 मैच के साथ रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर हैं। विराट ने 250 आईपीएल मैच खेले हैं। आईपीएल में दिनेश कार्तिक कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान भी रहे हैं।
जल्द 39 साल के होने जा रहे कार्तिक भारत के फिट खिलाड़ियों में से एक हैं और उन्हें अच्छा मैच फिनिशर माना जाता है। उन्होंने टीम इंडिया को कई बड़े मैच जीताए हैं। भले वो अच्छे फिनिशर हैं, लेकिन उनका निजी जीवन बेहद उथल-पुथल वाला रहा है। उनकी पहली पत्नी ने उनसे तलाक लेकर भारत के ही एक अन्य क्रिकेटर मुरली विजय से विवाह कर लिया था तो वो टूट गए थे। हालांकि, वर्ष 2013 में उन्होंने फिर से विवाह किया और अब वो दो जुड़वा बेटों के पिता हैं।
ऐसी उम्मीद है कि मौजूदा आईपीएल टूर्नामेंट के बाद दिनेश कार्तिक क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट ले लेंगे और क्रिकेट कमेंट्री करेंगे, क्योंकि यह काम वो मार्च 2021 में कर भी चुके हैं, जब भारत-इंग्लैंड की टी-20 और वनडे सीरीज हुई थी। दिनेश कार्तिक जैसा क्रिकेटर मिलना आसान नहीं है। उनके रिटायरमेंट के बाद इस जबरदस्त फिनिशर और फिट खिलाड़ी की कमी क्रिकेट प्रेमियों को जरूर खलती रहेगी।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।