Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   history of world literature The Name of the Rose Novel by Umberto Eco

विश्व साहित्य का आकाश: द नेम ऑफ द रोज- अम्बर्टो इको की नॉवेल

Thu, 05 Nov 2026 05:03 PM IST
Dr. Vijay Sharma डॉ. विजय शर्मा
Updated Thu, 05 Nov 2026 05:03 PM IST
सार

यूं तो अम्बर्टो इको ने ‘फूको’ज पेंडुलम’, ‘दि आइलैंड ऑफ द डे बिफोर’, ‘द मिस्ट्रिरियस फ्लैम ऑफ क्वीन लोआना’, ‘हिस्ट्री ऑफ ब्यूटी’, ‘ऑन अग्लीनेस’ आदि कई महत्वपूर्ण किताबें लिखीं, लेकिन ‘पुनर्लेखन’ के प्रचार के साथ लिखी, ‘द नेम ऑफ द रोज’ साहित्य के विश्वकोश में एक अनूठा स्थान रखती है

विज्ञापन
history of world literature The Name of the Rose Novel by Umberto Eco
नॉवेल - फोटो : Freepik.com

विस्तार

कई बार आप पहली किताब लिखकर ही फंस जाते हैं। पाठकों, समीक्षकों की उम्मीद आपसे बढ़ जाती है, वे आप पर दबाव बनाने लगते हैं। यही हुआ अम्बर्टो इको के साथ। 15 जनवरी 1932 को जन्मे इको ने 1980 में अपना पहला उपन्यास लिखा, ‘द नेम ऑफ द रोज’। उन्हें लगता, अब उन्हें अपने मन से नहीं दूसरों के दबाव से किताब लिखनी होगी। पाठकों, समीक्षकों की अपेक्षाओं पर खरे उतरने केलिए लिखना होगा। किसी लेखक केलिए यह बड़ा डरवना विचार है। उपन्यास प्रकाशित होते साहित्य जगत में तहलका मच गया। इटैलियन भाषा का यह उपन्यास शीघ्र विलियम वीवर के इंग्लिश अनुवाद में प्रकाशित हुआ। जल्द ही यह 30 भाषाओं में अनूदित हो दुनिया भर के पाठकों, समीक्षकों तक पहुंच गया।

विज्ञापन


क्या है इस उपन्यास में?

यह कानन डॉयल के शरलक होम्स को इंग्लैंड से उठा कर 14वी शताब्दी (1327) की इटली के एक बेनेडिक्ट मठ में स्थापित कर देता है। प्रलय होने वाली है, ऐसा विश्वास सुदूर पहाड़ी पर बने प्राचीन खूब समृद्ध क्रिश्चियन मठ में एक मौत के बाद पादरियों को होता है और वे ब्रदर विलियम को सहायता के लिए बुलाते हैं।
विज्ञापन


हत्या की खोजबीन करने फ्रांसिस्कन ब्रदर विलियम ऑफ बास्केर्विल आता है। लेकिन उसके आने के बाद हत्याओं का सिलसिला तेज हो जाता है। रात को विष देकर हत्याएं हो रही हैं, जिन्हें आत्महत्या की संज्ञा दी जा रही है। मरने वालों की अंगुली एवं जिह्वा पर स्याही के दाग मिलते हैं। कोई पादरी खून के कठौटे में डूबा हुआ मिलता है, तो कोई हरबल बाथ टब में पड़ा मिलता है।
विज्ञापन
विज्ञापन


विलियम जासूसी प्रारंभ करता है। वह रहस्यमय संकेतों को खोलता है, लाइब्रेरी की भूलभुलैया में गहरे उतरता है, तो मठ के पादरियों के क्राइस्ट विरोधी विचारों को पाता है। लेखक-चिंतक अम्बर्टो इको का उपन्यास इतिहास, यूरोपियन बुद्धिजीवियों, राजनीति, साहित्य सिद्धांत का पुलिंदा है।

उपन्यास में प्राचीन ग्रीक चिंतक अरस्तू के ग्रंथ ‘पोयटिक्स’ के खोए दूसरे भाग का उल्लेख है। माना जाता है, इस दूसरे भाग में अरस्तू ने ‘ट्रैजडी’ के बाद ‘कॉमेडी’ पर लिखा था। उम्बर्तो इको ने कल्पना की, उसमें ‘हंसी’ के दार्शनिक महत्व पर चर्चा है। उपन्यास में ईसाई धर्मसत्ता ने इस दूसरे भाग को एक लाइब्रेरी की भूलभूलैये में छिपा दिया। उसकी चिंता थी, हंसी एक खतरनाक चीज है। यह लोगों में सत्ता का भय मिटा सकती है।

किताब शिष्य अडोस द्वारा तब लिखी गई है, जब वह वृद्ध हो चुका है। मुख्य कथानक के साथ अन्य कथाएं चलती हैं। ईश निंदा एवं पापों की सजा देने इंक्विजीटर्स आते हैं।

नए विचार लोगों तक न पहुंचे, उनमें सत्ता का डर कायम रहे, इसीलिए जो लोग उस किताब तक पहुंचने का प्रयास करते हैं, उन्हें समाप्त कर दिया जाता है। ये सत्ताधारी मठीश लोग इतने अंध भक्त हैं, एक पादरी किताब खाने लगता है। जब उसे लगता है, रहस्य किसी के हाथ लगने वाला है, तो वह दुर्लभ ग्रंथों की पूरी लाइब्रेरी जला कर खाक कर देता है। ब्रदर विलियम ऑफ बास्केर्विल और उनका युवा शिष्य एडोस (क्रिस्चन स्लेटर) जितनी किताबें बचा सकते थे, जलती लाइब्रेरी से निकाल लाते हैं।

ऐसा ही दृश्य फिल्म ‘अगोरा’ में भी फिल्माया गया है। नया-नया उदित हुआ ईसाई धर्म जो भी अपने अनुकूल न पा रहा था, वह सब कुछ नष्ट कर रहा था। नव ईसाइयों केलिए ज्ञान-विज्ञान उनका सबसे बड़ा दुश्मन था। वे ज्ञान का भंडार एलेक्जेंड्रिया लाइब्रेरी जला डालते हैं। हाईपेशिया (रेचल वाज़) नायिका अपने शिष्यों के साथ हस्तलिखित स्क्रोल बचाने का प्रयास करती है। नालंदा पुस्तकालय बहुत दिनों तक जलता रहा था। कुछ लोगों ने अवश्य वहां भी किताबें बचाने का प्रयास अवश्य किया होगा।

1977 की फिल्म, ‘हंचबैक ऑफ नोर्त डैम’ जिसकी शुरुआत में लिखा है, ‘1480, पेरिस, फ्रांस एक काला भयानक समय जब लोग विश्वास करते थे, पृथ्वी चपटी है और कैथेड्रल के पुस्तकालयों में ईश्वरीय सत्य पवित्र कागज पर हाथ से लिखा रखा है। यह ऐसी दुनिया थी, जहां आधुनिक विचार चर्च द्वारा प्रतिबंधित थे, मात्र एक प्रिंटेड पन्ना रखने की सजा मौत थी।’

मार्कुस जुसक की किताब ‘द बुक थीफ’ में हिटलर काल में किताबें जलाने की बात आती है। अमेरिकन रचनाकार एवं स्क्रीनप्ले राइटर रे डगलस ब्रेडबरी के उपन्यास ‘फैरनहीट 451’ में भी किताब रखना जुर्म है। यहां बकायदा किताबें जलाने वाला एक विभाग सक्रिय है। लेकिन जब उपन्यास का नायक मोन्टैग किताब के संसर्ग में आता है, तो उसका पूरा जीवन बदल जाता है। किताबें जीवन बदल देती हैं, तभी तो पामुक अपनी किताब ‘द न्यू लाइफ’ (1994) के शुरुआती वाक्य ‘मैंने एक दिन एक किताब पढ़ी और मेरी पूरी जिंदगी बदल गई’ रखते हैं। एक सुबह पूरे तुर्की देश में उनकी किताब के विज्ञापन के रूप में बड़ी-बड़ी होर्डिंग्स यही पंक्ति दिखाती है। किताब ने रेकॉर्ड तोड़ बिक्री की।

एक फ्रांसिसी निर्देशक जीन-जॉक्स अनौड ने ‘द नेम ऑफ...’ पर इसी नाम से करीब सवा दो घंटे की फिल्म 1986 में बनाई। फिल्म के बारे में पत्रकार इको को साक्षात्कार केलिए घेरने लगे, उन्हें दरवाजा खोलने में डर लगने लगा। उन्हें लगता था वे अपनी प्रसिद्धि में फंस गए हैं। फिल्म में स्कॉलर ब्रदर विलियम ऑफ बास्केर्विल की भूमिका शोन कोनरी ने की है। लेखक ने फिल्म के काल्पनिक भूलभुलैया जेल (पिरोनेसी) जैसी लाइब्रेरी के सेट की प्रशंसा की।

अगर हम इतिहास पलटें तो पाते हैं, ज्ञान, स्मृति और स्वतंत्र सोच को फीनिक्स पक्षी की तरह मिटाना कभी संभव नहीं है। ये वे चीजें हैं, जो जलाए जाने पर अपनी राख से फिर जन्म ले लेती हैं। ज्ञान, विचार को मारा नहीं जा सकता है। कोई हाइपेशिया, कोई ब्रदर विलियम, कोई युवा नव-प्रशिक्षित अडोस किताब यानी ज्ञान को बचाते हैं और विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाते हैं।

यूं तो अम्बर्टो इको ने ‘फूको’ज पेंडुलम’, ‘दि आइलैंड ऑफ द डे बिफोर’, ‘द मिस्ट्रिरियस फ्लैम ऑफ क्वीन लोआना’, ‘हिस्ट्री ऑफ ब्यूटी’, ‘ऑन अग्लीनेस’ आदि कई महत्वपूर्ण किताबें लिखीं, लेकिन ‘पुनर्लेखन’ के प्रचार के साथ लिखी, ‘द नेम ऑफ द रोज’ साहित्य के विश्वकोश में एक अनूठा स्थान रखती है। इसका एक इलैस्ट्रेटेड संस्करण भी उपलब्ध है, जिसमें करीब 90 पन्नों में कहानी रेखांकन द्वारा कही गई है।


19 फरवरी 2016 को जब अम्बर्टो इको 84 साल की उम्र में गुजरे तो श्रद्धांजलि लेखों की बाढ़ आ गई।


--------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।   

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed