फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   history of world cinema in hindi, helen mirren actress and her films

विश्व सिनेमा की जादुई दुनिया: हेलेन मिरेन- महारानी एलिजाबेथ को पर्दे पर साकार करती अभिनेत्री

Mon, 31 Jul 2023 04:13 PM IST
Dr. Vijay Sharma डॉ. विजय शर्मा
Updated Mon, 31 Jul 2023 04:13 PM IST
सार

क्वीन की भूमिका के विषय में स्वयं हेलेन मिरेन का कहना है कि यह उनके लिए स्वाभाविक था, एक बार विग और ग्लासेस लगाते वे स्वयं को महारानी के मुखौटे के भीतर पातीं। यह अच्छी बात है कि उनके चेहरे की भाव-भंगिमा अनायास साम्राज्ञी से मिलती-जुलती है।

विज्ञापन
history of world cinema in hindi, helen mirren actress and her films
हेलेन मिरेन अभिनेत्री - फोटो : Twitter

विस्तार

परिवर्तन की कठिन प्रक्रिया को फिल्म निर्देशक स्टीफन फ्रियर्स ने अपनी फिल्म ‘द क्वीन’ में बहुत खूबसूरती और संवेदनशीलता के साथ चित्रित किया है। फिल्म में एक ओर नए-नए चुन कर आए ब्रिटिश प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर नई हवा, प्रगति, परिवर्तन के प्रतीक हैं। वहीं दूसरी ओर 55 साल के लंबे समय से शासन करती ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ब्रिटिश राजघराने की परम्परा का प्रतिनिधित्व करती हैं। सारी फिल्म प्रिंसेस डायना की मृत्यु के बाद कुल एक सप्ताह की हलचल के इर्द-गिर्द बुनी गई है और अधिकतर काम उस काल की वास्तविक फिल्म फुटेज के द्वारा चलाया गय है। इसके बावजूद यह डॉक्युमेंट्री न हो कर एक फीचर फिल्म है, इसे बायोपिक की संज्ञा भी दी जा सकती है।

विज्ञापन


प्रिंसेस ऑफ वेल्स, डायना की कार दुर्घटना में मृत्यु के बाद एक सप्ताह तक जो कुछ भी हुआ, वह इस महारानी के राज्यकाल का सर्वाधिक कठिन काल था। इस पूरी फिल्म का केंद्र है, अभिनेत्री हेलेन मिरेन का लाजवाब अभिनय।

विज्ञापन


फिल्मों-टेलीविजन में की भूमिकाएं

1945 में जन्मी स्वभाव से आशावादी यह ब्रिटिश अभिनेत्री काफी समय से मंच पर सक्रिय रही है, साथ ही फिल्मों एवं टेलीविजन में भी इसने प्रसिद्धि पाई है। स्कूली दिनों से नाटकों में भाग लेती मिरेन जल्द ही रॉयल शेक्सपीयर कंपनी हिस्सा बन गई। उसने पीटर ब्रूक के साथ भी काम किया। उसकी अभिनय की पेशेगत कुशलताओं को पहचाना गया, इसीलिए उसे ओफीलिया, लेडी मेकबेथ, डचेच ऑफ मेल्फी आदि की भूमिकाएं मिली। उसने इन भूमिकाओं को इस कुशलता से निभाया कि दर्शकों और समीक्षकों दोनों की प्रशंसा की भागीदार बनी।

विज्ञापन
विज्ञापन


अन्य कई प्रोग्राम के साथ टेलिविजन पर उसने एक लंबी पारी (1990 से 2006) ‘प्राइम सस्पेक्ट’ में डिडेक्टिव जेन टेनीसन के रूप में खेली है। ‘द कुक’, ‘द थीफ’, ‘हिज वाइफ’, ‘द मैडनेस ऑफ किंग जॉर्ज  (इसके लिए उसे सर्वोत्तम अभिनेत्री का पुरस्कार मिला), ‘सम मदर्स सन’, ‘क्रिटिकल केयर’, ‘कैलेंडर गर्ल्स’ आदि उसकी अन्य फिल्में हैं। 2006 में फिल्म ‘द क्वीन’ में अभिनय के लिए उसे बेस्ट एक्ट्रेस का एकेडमी अवॉर्ड मिला। 

क्वीन की भूमिका के विषय में स्वयं हेलेन मिरेन का कहना है कि यह उनके लिए स्वाभाविक था, एक बार विग और ग्लासेस लगाते वे स्वयं को महारानी के मुखौटे के भीतर पातीं। यह अच्छी बात है कि उनके चेहरे की भाव-भंगिमा अनायास साम्राज्ञी से मिलती-जुलती है। इस भूमिका के लिए उन्होंने एलीजाबेथ की फिल्म और वीडियो फुटेज को बार-बार देखा और पूरे प्रोडक्शन के दौरान उनका फोटोग्राफ अपने सामने रखा।

महारानी के टेलीविजन भाषणों से स्वर की साम्यता बनाए रखने के लिए उन्होंने बोलने का विशेष प्रशिक्षण लिया।

उनके अभिनय की प्रशंसा करते हुए महारानी ने उन्हें बंकिंघम पैलेस में डिनर पर आमंत्रित किया, यह अलग बात है कि वे अपनी शूटिंग्स के कारण इसमें न जा सकीं। हेलेन मिरेन को अवश्य यह भूमिका करके गर्व और संतोष हुआ होगा। इस भूमिका के लिए उन्हें ढेरों नोमीनेशन्स मिले और 29 प्रमुख सम्मान प्राप्त हुए।

पुरस्कार ग्रहण करते हुए अधिकांश अवसरों पर उन्होंने वास्तविक महारानी के प्रति अपनी सराहना और श्रद्धा व्यक्त की। साथ ही अपना गोल्डेन ग्लोब तथा ऑस्कर अवॉर्ड महारानी एलिजाबेथ को समर्पित कर दिया। इस भूमिका के लिए दर्शकों ने भी उनके प्रति सम्मान दिखाया। वेनिस फिल्म फेस्टिवल में फिल्म समाप्त होने पर दर्शकों ने पांच मिनट खड़े तालियों के साथ उनके प्रति अपना सम्मान प्रकट किया।

किसी जीवित व्यक्ति, वह भी किसी प्रसिद्ध व्यक्ति- साम्राज्ञी का चरित्र निभाना कोई आसान काम नहीं है। लेकिन हेलेन मिरेन ने यह काम कमाल की विशिष्टता के साथ किया है। एकांत में अपनी भावनाओं को बहते देने और डायना के अंतिम संस्कार के समय उसके भाई की प्रसिद्ध स्पीच के समय मिरेन का अभिनय कमाल का है। क्वीन के रूप में हेलेन मिरेन हर फ्रेम में विशिष्ट है।

एक प्रसिद्ध फिल्म समीक्षक रोजर एबर्ट (फिल्म के विषय में जिनकी की मैं कायल हूं) ने इस फिल्म को ‘स्पेलबाइंडिंग’ कहा है।

हेलेन मिरेन का पूरा नाम हेलेन लिडिया मिरिओनॉफ और पुकारू नाम पोपर है। मां का नाम कैथलीन और पिता का नाम वैसिली पेट्रोविच मीरोनोव है। हेलेन के पति का नाम टेलर हैकफोर्ड है। एक ऑस्कर के साथ अब तक उनके पास 130 और पुरस्कार हैं। उनकी एक और प्रसिद्ध फिल्म है, ‘हिचकॉक’, 2012 की इस फिल्म में उन्होंने हिचकॉक की पत्नी एल्मा की भूमिका की है।

फिल्म एक खास काल को समेटती है और पति-पत्नी के रिश्ते को दिखाती है। यह काल है, कालजयी फिल्म ‘साइको’ के फिल्मांकन अर्थात 1959-1960 का। निर्देशक साशा जेरवासी ने इस डेढ़ घंटे से कुछ ऊपर की फिल्म में हेलेन मिरेन के अलावा एन्थॉनी होप्किन्स, स्कारलेट जॉनसन को लिया है।

Trending Videos

history of world cinema in hindi, helen mirren actress and her films
अभिनेत्री हेलेन मिरेन - फोटो : Twitter

2015 की फिल्म ‘ट्रुम्बो’ एक बायोपिक है। यह अमेरिकन स्क्रीनराइटर जेम्स डॉल्टन ट्रुम्बो की कहानी है। वह अमेरिका का प्रसिद्ध और पुरस्कृत लेखक था। ट्रुम्बो ने कई ऐसी फिल्मों जैसे ‘रोमन होलीडे’, ‘एक्जोडस’, ‘स्पार्टकस’, ‘पेपिओन’ आदि पुरस्कार प्राप्त फिल्मों का स्क्रीनप्ले लिखा था। मगर एक समय आता है, जब उसे ब्लैकलिस्टेड कर दिया जाता है। उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके परिवार पर क्या-क्या गुजरती है, यह उसी की दर्दनाक कहानी है।

हेलेन मिरेन ने एक पत्रकार के रूप में इस फिल्म में जिम कार्टर, ओलिविआ कोलमैन, डेविड हार्बर के साथ काम किया है और इस 2 घंटे की फिल्म के निर्देशक हैं, जय रोच।


महारानी एलिबेथ द्वितीय की भूमिका

2013 की ‘दि ऑडियन्स’ फिल्म में भी खुद को खूबसूरत न मानने वाली अभिनेत्री हेलेन मिरेन ने महारानी एलिबेथ द्वितीय की भूमिका की है, जिसमें वह साप्ताहिक सुनवाई करती है। यह सुनवाई सार्वजनिक न हो कर निजी होती है। वह साठ साल तक प्रत्येक सप्ताह अपने प्राइम मिनिस्टर से मिलती है।

स्टीफन डैलड्राई की इस करीब तीन घंटे की फिल्म में महारानी साठ सालों में अपने 12 प्रधान मंत्रियों से बकिंघम पैलेस में मुलाकात करती है। लेडी गागा की प्रशंसक हेलेन मिरेन ने 2009 की फिल्म ‘द लास्ट स्टेशन’ में टॉल्सटॉय की पत्नी सोफिया टॉल्सटॉय की भूमिका की है। 2011 में उन्होंने ‘व्हेन हैरी मेट सैली-2 में काम किया। दर्शकों को याद होगा, इसी नाम की फिल्म में अरुंधति राय ने भूमिका की थी। हेलेन मिरेन की यह फिल्म वीडियो के लिए बनी है। इसमें हेलेन के साथ बिली क्रिस्टल तथा माइक टायसन हैं।

डेम कमांडर ऑफ दि ऑर्डर ऑफ द ब्रिटिश एम्पायर के खिताब वाली हेलेन जब अनुभवहीन थीं, उन्होंने माइकेल पार्किंसन को 1975 में एक साक्षात्कार दिया था, उसके विषय में बताते हुए वे कहती हैं कि उस समय वे बुरी तरह डरी हुई थीं। मगर जब बाद में उन्होंने शो देखा तो उन्हें लगा उन्होंने बहुत अच्छी तरह यह साक्षात्कार दिया है। वे स्त्री पत्रकार की अपेक्षा पुरुष पत्रकार से बात करना पसंद करती हैं।

-----------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): 
यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकताु, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed